Holi Special: प्रथम चौपाई के साथ बरसाना में लठामार रंगीली होली का आगाज
अबीर गुलाल में सराबोर होकर नाचे गोस्वामीजन। होली के पदों से गुंजायमान हो उठा समूचा बरसाना। ...और पढ़ें

आगरा, जेएनएन। महाशिवरात्रि को बरसाना में लठामार रंगीली होली की प्रथम चौपाई निकाली गई। चौपाई के दौरान हो रही अबीर गुलाल की वर्षा ने चहुंओर माहौल रंगीन कर दिया। अबीर गुलाल में सराबोर गोस्वामी समाज के लोग मदमस्त होकर नाचते गाते लाड़ली जी मन्दिर से रंगीली गली स्थित रंगेश्वर महादेव तक आए। गोस्वामीजनों द्वारा गाए जा रहे होली के पदों को सुनकर श्रद्धालु आनंद से भाव विभोर हो उठे। राधारानी की जन्मस्थली बरसाना में वसंत पंचमी से होली महोत्सव की धूम मची हुई है। सोमवार की देर शाम को गोस्वामी समाज के मुखिया रामभरोसे गोस्वामी के नेतृत्व में ढप, मृदंग, चंग, उपंग, झांझ, झालरियों की धुनों पर नाचते गाते हुए संध्या आरती के बाद प्रथम चौपाई निकाली गई। लठामार होली की प्रथम चौपाई में गाए जाने वाले पदों को गोस्वामी समाज के लोग आन्नदमय होकर गाते हुए चल रहे थे। चौपाई के दौरान अबीर गुलाल भी उड़ाया जा रहा था। मान्यता के अनुसार शिवरात्रि के दिन सभी सखियां शंकर जी का व्रत रखती हैं, इस दिन राधा रानी अपनी सखियों के साथ संकेतवन में खेलने नहीं जाती हैं। तब श्रीकृष्ण राधा रानी के दर्शन करने के लिए छद्म रूप धारणकर विलासगण पर आते हैं। सखियां जाकर राधा रानी से कहती है कि बाघम्वर ओड़े सावंरौ यामें जोगी कौ हुनर कौनज्..। राधारानी अपने साथ सखियों को लेकर सांकरी खोर में पहुंचकर छद्म रूप धारी भगवान श्रीकृष्ण को पहचान जाती हैं और कहती हैं, महामोहन ठोढ़ा सावंरौ ठाड़ौ सांकरी खोरच् और इसी के साथ भगवान श्रीकृष्ण राधा जी के साथ होरी खेलते हैं। यह प्रथम चौपाई कस्बे के लाड़ली जी मन्दिर व दादी बाबा होते हुए रंगीली गली में स्थित रंगेश्वर महादेव तक निकाली गई। इस अवसर पर गोस्वामीजनों द्वारा होली के विभिन्न पदों का गुणगान भी किया गया। च्रूप वावरो नन्द महर सौ वौहर वनौ होरी को छैल, रोकट टोकत घूंघट खोलत भर पिचकारी तकत पुरोजन यही भरे जौवन के फैलज्ज् बरसानौ हमारी रजधानी गहवरवन और खोर सांकरी..।
कलीदह खेलन आयौ काए की पट गेंद बनाई और काए कौ डंडा लायौ..। रेशम की पट गेंद बनाई, चदंन कौ डंडा लायौ..। इन पदों को सुनकर श्रद्वालु भाव विभोर होकर नाचने लगे। लठामार रंगीली होली की द्वितीय चौपाई 14 मार्च को लड्डू होली वाले दिन निकाली जाएगी। जिसके अगले दिन यानी 15 मार्च को रंगीली गली चौक में प्रसिद्ध लठामार होली का आयोजन किया जाएगा।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।