Development Work: बारिश के मौसम में भी जारी हैं विकास कार्य, जानिये ताजनगरी के किस ब्लाक में चल रहे सबसे अधिक विकास कार्य
Development Work शासन के निर्देश पर जिले के एक हजार से अधिक सरकारी विद्यालयों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग प्रणाली विकसित की जा रही है। अभी तक 50 फीसद से विद्यालयों में भी कार्य पूर्ण नहीं हो पाया है।
आगरा, जागरण संवाददाता। बारिश के दिनों में भी आगरा के ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों की रफ्तार नहीं थमी है। अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि जिले की 690 में से 528 ग्राम पंचायतों में विकास कार्य चल रहे हैं। सबसे अधिक फतेहाबाद ब्लाक की ग्राम पंचायतों में नाली, खरंजा, चक रोड निर्माण आदि कार्य चल रहे हैं। जिले के 17,440 मनरेगा मजदूरों को काम भी मिला है।
मनरेगा रिपोर्ट के अनुसार, अछनेरा ब्लाक की 30, अकोला की 30, बाह की 38, बरौली अहीर की 39, बिचपुरी की 22, एत्मादपुर की 29, फतेहाबाद की 64, फतेहपुर सीकरी की 34, जगनेर की 20, जैतपुरा कलां की 41, खंदौली की 35, खेरागढ़ की 26, पिनाहट की 31, सैंया की 32 और शमसाबाद की 57 ग्राम पंचायतों में विकास कार्य चल रहे हैं। इन सभी ग्राम पंचायतों में 1013 कार्य चल रहे हैं।मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि मानसून के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों की रफ्तार और बढ़ेगी। हालांकि कई गांव ऐसे हैं, जहां अब तक विकास कार्य शुरू नहीं हो सके हैं। यहां मानसून खत्म होने के बाद कार्य शुरू होने की संभावना जताई जा रही है। तालाब खुदाई के कार्य लगभग बंद हैं। रेन वाटर हार्वेस्टिंग के कार्य भी अधर में लटके हैं। शासन के निर्देश पर जिले के एक हजार से अधिक सरकारी विद्यालयों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग प्रणाली विकसित की जा रही है। अभी तक 50 फीसद से विद्यालयों में भी कार्य पूर्ण नहीं हो पाया है। बता दें कि मई में ग्राम पंचायतों के गठन हुआ था। शासन से बजट मिलने में कुछ समय लगा। इसके चलते विकास कार्य देर से शुरू हो पाए। कई ग्राम पंचायतों में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत भी कार्य चल रहे हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।