Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    हैदराबाद-आगरा फ्लाइट की भोपाल में इमरजेंसी लैंडिंग, क्या है वजह? एक घंटे तक विमान में बैठे रहे यात्री

    Updated: Tue, 17 Jun 2025 08:02 PM (IST)

    आगरा में खराब मौसम के कारण हैदराबाद और अहमदाबाद जाने वाली उड़ानों में देरी हुई। हैदराबाद की फ्लाइट को भोपाल में इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। यात्री विमान में घंटों तक इंतजार करते रहे। आगरा-अहमदाबाद फ्लाइट के यात्रियों को भी विमान से उतरना पड़ा। खेरिया एयरपोर्ट के निदेशक ने बताया कि मौसम की वजह से उड़ानों में देरी हुई। केंद्रीय मंत्री आज नए सिविल एंक्लेव का निरीक्षण करेंगे।

    Hero Image
    खराब मौसम के चलते हैदराबाद-आगरा फ्लाइट की भोपाल में इमरजेंसी लैंडिंग

    जागरण संवाददाता, आगरा। खराब मौसम के चलते मंगलवार शाम हैदराबाद-आगरा और आगरा-अहमदाबाद फ्लाइट के संचालन को झटका लगा। हैदराबाद फ्लाइट की भोपाल में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। एक घंटे तक यात्री विमान में बैठे रहे। मौसम सही होने के बाद तीन घंटे की देरी से यह फ्लाइट शाम 7.15 बजे आगरा पहुंची।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    15 मिनट रुकने के बाद शाम साढ़े सात बजे हैदराबाद के लिए रवाना हुई। आगरा-अहमदाबाद फ्लाइट में सभी यात्री सवार हो गए। खराब मौसम के चलते यात्रियों को विमान से उतारना पड़ा। ढाई घंटे की देरी से यह विमान आगरा से अहमदाबाद के लिए रवाना हुआ।

    खेरिया एयरपोर्ट से चार फ्लाइट संचालित हो रही हैं। इसमें हैदराबाद, मुंबई, अहमदाबाद और बेंगलुरु शामिल हैं। बेंगलुरु और मुंबई फ्लाइट समय पर रवाना हुई। हैदराबाद-आगरा फ्लाइट निर्धारित समय पर हैदराबाद से आगरा के लिए रवाना हुई। इंडिगो कंपनी का 180 सीटर बोइंग-321 विमान है। सभी सीट फुल थीं।

    इस विमान को शाम 4.05 बजे खेरिया एयरपोर्ट पहुंचना था। भोपाल के पास मौसम तेजी से खराब हो गया। पायलट ने इसकी जानकारी एयर ट्रैफिक कंट्रोलर को दी। भोपाल एयरपोर्ट में विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। एक घंटे तक यात्री विमान में बैठे रहे फिर यह विमान आगरा के लिए रवाना हुआ।

    तीन घंटे की देरी से यह विमान खेरिया पहुंचा। 15 मिनट में यात्री बैठे और शाम साढ़े सात बजे आगरा से हैदराबाद के लिए रवाना हुआ। इसी तरह से अहमदाबाद-आगरा फ्लाइट निर्धारित समय दोपहर 3.35 बजे खेरिया एयरपोर्ट पहुंची। इंडिगो कंपनी द्वारा 90 सीटर विमान का प्रयोग किया जाता है।

    इस विमान को 3.55 बजे उड़ान भरनी थी लेकिन मौसम खराब होने के चलते अनुमति नहीं मिली। सभी यात्रियों को विमान से उतार दिया गया। कुछ यात्रियों ने विरोध भी जताया लेकिन एयरपोर्ट अधिकारियों ने किसी तरीके से स्थिति को संभाला।

    ढाई घंटे की देरी से यह विमान अहमदाबाद के लिए शाम साढ़े छह बजे रवाना हुआ। निदेशक योगेंद्र सिंह ने बताया कि खराब मौसम के चलते हैदराबाद और अहमदाबाद फ्लाइट प्रभावित हुई है। हैदराबाद फ्लाइट तीन घंटे की देरी से आगरा पहुंची और अहमदाबाद फ्लाइट ढाई घंटे की देरी से रवाना हुई।

    नए सिविल एंक्लेव का निरीक्षण आज

    केंद्रीय पंचायतीराज राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल बुधवार दोपहर दो बजे खेरिया एयरपोर्ट के नए सिविल एंक्लेव का निरीक्षण करेंगे। दो साल में एंक्लेव बनकर तैयार होगा। इससे यात्री सुविधाएं बढ़ जाएंगी। निरीक्षण के बाद शंख एयरलाइंस के अधिकारियों के साथ बैठक भी करेंगे। नई फ्लाइट के संचालन का निर्णय लिया जा सकता है।

    ट्रेनों के संचालन पर नहीं पड़ा अधिक असर

    तेज बरसात का असर ट्रेनों के संचालन नहीं पड़ा। नई दिल्ली-आगरा रेल खंड में 400 और टूंडला-आगरा खंड में 250 ट्रेनों का संचालन होता है। जनसंपर्क अधिकारी प्रशस्ति श्रीवास्तव ने बताया कि मंगलवार को ट्रेनों की समयबद्धता 92 प्रतिशत रही है। बरसात का असर ट्रेनों पर नहीं पड़ा है।