आगरा कैंट स्टेशन पर पर्यटक को पड़ा दिल का दौरा, जीआरपी सिपाही ने सीपीआर देकर बचाई जान
आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर पटना के एक पर्यटक को दिल का दौरा पड़ा। जीआरपी सिपाही प्रेम शंकर ने सीपीआर देकर उसकी जान बचाई, जिससे पर्यटक को तुरंत राहत मिली।

आगरा: कैंट रेलवे स्टेशन पर यात्री नासिर को सीपीआर देते हुए जीआरपी सिपाही प्रेम शंकर। सौजन्य जीआरपी
HighLights
पर्यटक नासिर को आगरा कैंट स्टेशन पर दिल का दौरा पड़ा।
जीआरपी सिपाही प्रेम शंकर ने तुरंत सीपीआर देकर जान बचाई।
हाल ही में मिले सीपीआर प्रशिक्षण से सिपाही ने मदद की।
जागरण संवाददाता, आगरा। कैंट रेलवे स्टेशन पर मंगलवार दोपहर पटना बिहार के एक पर्यटक की तबीयत बिगड़ गई। दिल का दौरा पड़ गया और यात्री जमीन पर गिर पड़ा। जीआरपी सिपाही प्रेम शंकर ने उसे कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन (सीपीआर) दी। इससे दो से तीन मिनट में यात्री को राहत मिल गई और जान भी बच गई। पर्यटक ने हाथ जोड़कर सिपाही का धन्यवाद किया।
पटना बिहार के नासिर स्वजन के साथ ताजमहल घूमने आए थे। मंगलवार दोपहर दो बजे वह कैंट स्टेशन पहुंचे। प्लेटफार्म नंबर एक पर ट्रेन के आने का इंतजार करने लगे। अचानक नासिर की तबीयत बिगड़ गई। नासिर गिर पड़े। यह देखकर स्वजन रोने और चीखने लगे। चीख-पुकार सुन जीआरपी सिपाही प्रेम शंकर भारद्वाज मौके पर पहुंचे।
उन्होंने बिना समय गंवाए पर्यटक को सीपीआर देना शुरू कर दिया। सिपाही की तत्परता और सूझबूझ से पर्यटक को होश आ गया। सिपाही ने उसे दवा भी दी। इसके बाद उसे तत्काल अस्पताल भेजा गया।
जीआरपी इंस्पेक्टर कैंट संदीप कुमार ने बताया कि हाल ही में सिपाहियों को सीपीआर का प्रशिक्षण दिया गया था। इसी से पर्यटक नासिर की जान बच गई। प्रत्येक सिपाही को मेडिकल किट भी दी गई है जिसमें दिल का दौरा पड़ने के दौरान दी जाने वाली दवा शामिल है।