कल्याण सिंह और कैप्टन शुभम...किसकी लगेगी मूर्ति, विवाद सुलझाने को कूदा आगरा प्रशासन
आगरा के फतेहाबाद रोड स्थित रमाडा कट पर पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह और बलिदानी कैप्टन शुभम गुप्ता की मूर्ति लगाने को लेकर विवाद गहरा गया है। जिला प्रशासन इस मामले को सुलझाने के लिए लोधी समाज और कैप्टन शुभम के परिजनों से बातचीत कर रहा है, ताकि कोई बीच का रास्ता निकाला जा सके।

पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की प्रतिमा लगाने की मांग को लेकर एमएलसी विजय शिवहरे को ज्ञापन देते लोधी समाज के लोग।
जागरण संवाददाता, आगरा। फतेहाबाद रोड स्थित होटल रमाडा कट के नामकरण के विवाद को सुलझाने के लिए जिला प्रशासन कूद पड़ा है। प्रशासनिक अधिकारी लोधी समाज के पदाधिकारियों और कैप्टन शुभम गुप्ता के स्वजन से बात कर रहे हैं। जिला प्रशासन द्वारा बीच का रास्ता अपनाया जाएगा। इससे पूर्व मुख्यमंत्री स्व. कल्याण सिंह या फिर बलिदानी कैप्टन शुभम का किसी भी रूप में अपमान नहीं होगा।
इसे लेकर जल्द ही अहम बैठक होने जा रही है। वहीं मंगलवार को लोधी उत्थान समिति के पदाधिकारियों ने एमएलसी विजय शिवहरे को ज्ञापन दिया। कल्याण सिंह की मूर्ति लगाने की मांग की।
होटल रमाडा कट का अधिकांश हिस्सा नगर निगम सीमा से बाहर आता है। भूमि का कुछ हिस्सा छावनी परिषद में आता है। अगर फतेहाबाद रोड की बात की जाए तो यह लोक निर्माण विभाग की है। रमाडा कट पर इसी माह कैप्टन शुभम गुप्ता की मूर्ति लग चुकी है। वहीं लोधी समाज द्वारा कल्याण सिंह की मूर्ति लगाने पर अड़ा हुआ है।
मंगलवार को लोधी समाज के सदस्यों की अहम बैठक रमाडा कट के पास हुई फिर सभी सदस्यों ने एमएलसी विजय शिवहरे को ज्ञापन सौंपा। पूर्व पार्षद मोहन सिंह ने बताया कि होटल रमाडा कट के आसपास लोधी समाज के 25 गांव हैं। ऐसे में पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की मूर्ति लगनी चाहिए। बदन सिंह लोधी, धर्मेंद्र लोधी, पार्षद दीपक वर्मा, रवि राजपूत, विजय सिंह लोधी, चतुरीलाल लोधी, योगेश राजपूत शामिल रहे।
डीएम मनीष बंसल ने बताया कि रमाडा कट के विवाद को सुलझाने के प्रयास चल रहे हैं। सिटी मजिस्ट्रेट अमित कुमार से इसकी रिपोर्ट मांगी गई है।