विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ग्राउंड रिपोर्ट: आगरा ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र, विकास के दावे-खारे पानी और टूटी सड़कों की हकीकत

Published: Wed, 25 Nov 2026 07:21 AM (GMT+05:30)

आगरा ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में चुनावी मुकाबला विकास के दावों और गांवों की बदहाल तस्वीर के बीच है। खारे पानी, जलभराव और टूटी सड़कों जैसी समस्याओं से जूझ रहे ग्रामीण जातिगत समीकरणों के साथ विकास की कसौटी पर भी उम्मीदवारों को परख रहे हैं।

चुनावी चर्चा के दौरान लोग। जागरण

चुनावी चर्चा के दौरान लोग। जागरण

HighLights

  1. ग्रामीण विधानसभा में विकास के दावे और जमीनी हकीकत का टकराव

  2. खारे पानी, जलभराव, टूटी सड़कें प्रमुख चुनावी मुद्दे बने

  3. मतदाता जातिगत समीकरणों के साथ विकास को भी परख रहे

जागरण संवाददाता, आगरा। ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में चुनावी मुकाबला केवल राजनीतिक दलों की ताकत और जातीय समीकरणों का नहीं, बल्कि विकास के दावों और गांवों की बदहाल तस्वीर के बीच भी है। एक तरफ सरकार की योजनाओं के लाभार्थी भाजपा की चुनावी पूंजी हैं तो दूसरी तरफ खारे पानी के लिए टैंकर का इंतजार करती महिलाएं, जलभराव से जूझते गांव और टूटी सड़कों से परेशान ग्रामीण विकास के दावों पर सवाल उठा रहे हैं।

बसपा अपने परंपरागत आधार को फिर मजबूत करने में जुटी है तो सपा पीडीए के सहारे भाजपा को चुनौती देना चाहती है। ऐसे में ग्रामीण सीट पर चुनावी गणित का असली इम्तिहान गांवों की चौपालों पर होगा, जहां जाति के साथ विकास और स्थानीय जनप्रतिनिधित्व का हिसाब भी मांगा जा रहा है।

वे कह रहे हैं कि चुनावी मौसम में वादों की बारिश तो खूब हुई, लेकिन जमीनी स्तर पर खारे पानी की समस्या का समाधान नहीं हुआ। विधान सभा चुनाव में क्षेत्र की जनता जाति और पार्टी के साथ विकास की कसौटी पर भी कसने की तैयारी में है।

कई गांवों तक नहीं पहुंचा विकास के रथ का पहिया

शहरी और ग्रामीण के मिश्रित क्षेत्र वाली इस विधान सभा सीट पर समस्याएं और समीकरण भी अलग-अलग हैं। कुंडौल गांव में टैंकर से पीने के लिए पानी लेती सुखदेवी और रामा देवी शिकायती लहजे में अपनी बात कहती हैं तो लगता है कि वह पहले भी इस तरह के सवालों का सामना कर चुकी हैं। धनौली में चाय की दुकान पर बैठे संतोष, अर्पित सिंघल, राजवीर सिंह और मुन्ना खान के बीच मे 42 करोड़ की लागत से बने सात किलोमीटर लंबे नाले पर बहस छिड़ जाती है। नाला तो बन गया लेकिन वर्षा में जलभराव की समस्या जस की तस है।

छह महीने सड़क पर पानी भरा रहता है

नाले के किनारे स्थित गांवों नगला बुद्धा, अजीजपुर, नगला भगत, नगला नंदा, मुल्ला की प्याऊ,नगला शंकर लाल एवं नगला रेवती में साल के छह महीने सड़क पर पानी भरा रहता है। इसका कारण नाले को मलपुरा में एक गंदे नाले में ले जाकर छोड़ा़ गया है। जो कि संकरा होने के चलते वर्षा के दिनों में चोक हो जाता है, जिससे जलभराव की स्थिति हो जाती है। दयालबाग के गांव खासपुर के भगवान सिंह समेत अन्य ग्रामीण लंबे समय से टूटी हुई सड़क के निर्माण की मांग कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें- सपा-कांग्रेस सीट बंटवारा: आगरा में सियासी हलचल तेज, खेरागढ़ पर हाथ की मजबूत दावेदारी; इन 2 सीटों की लड़ाई है जारी

खारे पानी, टूटी सडकों और जलभराव से जूझ रहे कई गांव

आगरा ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र का वर्तमान स्वरूप वर्ष 2008 के परिसीमन के बाद अस्तित्व में आया। इस सीट पर पहला विधानसभा चुनाव वर्ष 2012 में हुआ। इससे पहले इस क्षेत्र को दयालबाग विधानसभा क्षेत्र के नाम से जाना जाता था। वर्ष 2022 में भाजपा ने पूर्व राज्यपाल बेबी रानी मौर्य को प्रत्याशी बनाया और वह विधायक बनीं। वह प्रदेश सरकार में महिला कल्याण बाल विकास एवं पुष्टाहार मंत्री हैं।

भाजपा के विकास रथ का पहिया इस विधानसभा के कई स्थानों पर पहुंच ही नहीं पाया है। इस क्षेत्र के कुछ गांव में सड़कें टूटी पड़ी है। ग्वालियर रोड और जगनेर रोड पर जलभराव की समस्या का स्थायी हल नहीं निकाला जा सका है।

टूटी सड़क से आसपास के लोग नाराज

शमसाबाद रोड पर नवविकसित कॉलोनियों को जाने वाली टूटी सड़क के आसपास रहने वाले लोग नाराज हैं। इनमें से कई सड़कों के अब टेंडर जारी हो चुके हैं, लेकिन अब तक परेशानी झेल रहे लोगों को अभी भरोसा कम हो रहा है। बरौली अहीर के गांव कुंडौल में खारे पानी की समस्या कई वर्षों से है। गांव की महिलाओं को सुबह उठने के बाद सबसे पहले पीने के पानी के लिए लाइन लगाकर टैंकर की प्रतीक्षा करनी पड़ती है। खारा पानी बुजुर्गों से लेकर बच्चो तक के स्वास्थ्य को प्रभावित कर रहा है।

लंबे समय से उठती रही है समस्याएं

ग्रामीण विधानसभा सीट के गांवों और कस्बों से लेकर कॉलोनियों तक चुनावी चर्चा का मिजाज भले ही अलग हो, लेकिन सवाल एक ही है। मतदाता किसके साथ जाएगा? यहां शहरी विस्तार और ग्रामीण विकास के बीच असमानता प्रमुख मुद्दा है। क्षेत्र में सड़क, पेयजल, जलनिकासी और स्वास्थ्य सुविधाओं की समस्याएं लंबे समय से उठती रही हैं।

कुल मतदाता: 3,74,334

महिला वोटर: 1,67,927

पुरुष वोटर: 2,06,403

युवा वोटर: 74269 (18 से 29 वर्ष)

जीत के जातीय समीकरण

आगरा ग्रामीण अनुसूचित जाति बहुल विधानसभा क्षेत्र है। यहां जाटव, जाट, दिवाकर, क्षत्रिय, कुशवाहा, यादव, ब्राह्मण, वाल्मीकि, मुस्लिम और वैश्य मतदाता महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। जिसमें जाट मतदाता करीब 75 हजार, जाटव 80 हजार, दिवाकर 40 हजार, क्षत्रिय 40 हजार, कुशवाहा 40 हजार, ब्राह्मण 30 हजार, मुस्लिम 30 हजार, वैश्य 25 हजार और वाल्मीकि लगभग 20 हजार माने जाते हैं।

यह भी पढ़ें- UP Board Practical Exams: पहले चरण में आगरा-सहारनपुर और दूसरे चरण में मेरठ-अलीगढ़ मंडल में होंगी प्रयोगात्मक परीक्षाएं



देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।