UP Board Practical Exams: पहले चरण में आगरा-सहारनपुर और दूसरे चरण में मेरठ-अलीगढ़ मंडल में होंगी प्रयोगात्मक परीक्षाएं
UP Board Practical Exams 2027: माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश ने वर्ष 2027 की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट प्रयोगात्मक परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी कर दिया है, जो दो चरणों में 11 से 28 जनवरी तक होंगी।

प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
प्रथम चरण की परीक्षाएं 11 से 19 जनवरी तक।
द्वितीय चरण की परीक्षाएं 20 से 28 जनवरी तक होंगी।
जागरण संवाददाता, मेरठ। माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश प्रयागराज ने वर्ष-2027 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट प्रयोगात्मक परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी कर दिया है। यह परीक्षाएं दो चरणों में होंगी। क्षेत्रीय बोर्ड कार्यालय मेरठ के तहत चार मंडलों के 17 जिले आते हैं।
प्रथम चरण की परीक्षाएं 11 से 19 जनवरी तक होंगी जबकि द्वितीय चरण की परीक्षाएं 20 से 28 जनवरी तक होंगी। प्रधानाचार्यों को परीक्षा की तैयारी करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, जिले में हाईस्कूल व इंटरमीडिएट में करीब 75 हजार परीक्षार्थी शामिल होंगे।
क्षेत्रीय बोर्ड कार्यालय मेरठ के सचिव ज्योति प्रसाद ने बताया कि प्रथम चरण में बोर्ड कार्यालय के तहत आने वाले आगरा व सहारनपुर मंडल के सभी जिलों की परीक्षाएं होंगी। जबकि द्वितीय चरण में अलीगढ़ व मेरठ मंडल के सभी जिलों की प्रयोगात्मक परीक्षाएं होंगी।
मेरठ मंडल के छह जिलों मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, हापुड़ व बुलंदशहर में प्रयोगात्मक परीक्षाएं द्वितीय चरण में 20 से 28 जनवरी तक कराई जाएंगी।
क्षेत्रीय सचिव ने बताया कि प्रयोगात्मक परीक्षाओं के संबंध में आवश्यक जानकारी तथा परीक्षकों की नियुक्ति की सूचना क्षेत्रीय कार्यालय से प्राप्त की जा सकती है। परीक्षा की शुचिता को बनाए रखने के उद्देश्य से प्रधानाचार्यों को प्रयोगात्मक परीक्षाएं सीसीटीवी की निगरानी में संपादित कराना होगा। परीक्षाओं के आयोजन की रिकार्डिंग भी सुरक्षित रखी जायेगी, ताकि आवश्यकता के अनुरूप मांगे जाने पर उपलब्ध कराया जा सके।
हाईस्कूल स्तर पर विभिन्न विषयों (विज्ञान एवं गृह विज्ञान विषय को छोड़कर) में प्रयोगात्मक परीक्षाएं गत वर्ष की भांति विद्यालय स्तर पर आंतरिक मूल्यांकन व प्रोजेक्ट कार्य के आधार पर संपंन कराई जाएंगी।
हाईस्कूल विज्ञान एवं गृह विज्ञान विषय में बोर्ड द्वारा 30 अंकों की प्रयोगात्मक परीक्षाएं आयोजित कराई जाएंगी। व्यक्तिगत परीक्षार्थी अपने अग्रसारण केंद्र के प्रधानाचार्य से संपर्क कर प्रयोगात्मक परीक्षा में सम्मिलित होना सुनिश्चित करेंगे।
हाईस्कूल के विषयों (विज्ञान एवं गृह विज्ञान विषय को छोड़कर) के आंतरिक मूल्यांकन, नैतिक, योग, खेल एवं शारीरिक शिक्षा तथा इंटरमीडिएट की नैतिक, योग, खेल एवं शारीरिक शिक्षा के प्राप्तांक विद्यालय के प्रधानाचार्य के माध्यम से परिषद की वेबसाइट http://upmsp.edu.in पर आनलाइन अपलोड किए जाएंगे। प्राप्तांकों को अपलोड किए जाने के लिए आगामी एक जनवरी से वेबसाइट क्रियाशील हो जाएगी।
विद्यालय स्तर पर आयोजित कराई जाने वाली प्री-बोर्ड प्रयोगात्मक परीक्षाएं दिसम्बर के अंतिम सप्ताह में विद्यालय के प्रधानाचार्यों द्वारा आयोजित कराई जाएंगी। विद्यालय स्तर पर आयोजित कराई जाने वाली कक्षा 10 एवं 12 की प्री-बोर्ड लिखित परीक्षाएं जनवरी 27 के प्रथम सप्ताह में तथा कक्षा-09 एवं 11 की वार्षिक परीक्षाएं जनवरी 27 के द्वितीय एवं तृतीय सप्ताह में विद्यालय के प्रधानाचार्यों द्वारा आयोजित कराई जाएंगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।