G-20 Summit 2023: फरवरी में आगरा आएंगे जी-20 के प्रतिनिधि, देखेंगे ताजमहल, किला और फतेहपुर सीकरी
G-20 Summit 2023 फरवरी में होगी जी-20 के प्रतिनिधियों की आगरा विजिट। ताजमहल आगरा किला फतेहपुर सीकरी देखेंगे मेहमान। नगर निगम एएसआइ एडीए सहित अन्य विभागों को मिले हैं निर्देश। डीएम नवनीत चहल ने की बैठक व्यवस्थाएं रहें दुरुस्त।

आगरा, अमित दीक्षित। जी-20 के प्रतिनिधियों की आगरा विजिट फरवरी-2023 के पहले सप्ताह में होगी। विदेशी मेहमान यहां स्थित विश्व धरोहर स्थलों ताजमहल (Taj Mahal), आगरा किला (Agra Fort) और फतेहपुर सीकरी (Fatehpur Sikri) को देखेंगे। बुधवार शाम डीएम नवनीत सिंह चहल ने कैंप कार्यालय में बैठक की। इसमें नगर निगम, एएसआइ, एडीए, बिजली विभाग सहित अन्य विभाग के अधिकारियों को तैयारियां शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।
भारत कर रहा इस बार अध्यक्षता
भारत जी-20 की अध्यक्षता इस वर्ष एक दिसंबर से अगले वर्ष 30 नवंबर तक करेगा। जी-20 देशों के नेताओं का शिखर सम्मेलन 9 व 10 सितंबर को दिल्ली में होगा। एक वर्ष की अवधि के दौरान जी-20 के प्रतिनिधियों के साथ ही अंतरराष्ट्रीय संगठनों की करीब 200 बैठकें देश में होंगी। बैठकों व शिखर सम्मेलन में आने वाले मेहमान देश में स्थित धरोहरों का भी भ्रमण करेंगे। कल्चरल कोर ग्रुप की बैठक आगरा में होगी। जी-20 के सदस्यों की आगरा विजिट छह व सात फरवरी को प्रस्तावित है। दो दिवसीय विजिट में जी-20 के सदस्य ताजमहल, आगरा किला, फतेहपुर सीकरी समेत अन्य स्मारकों काे निहारेंगे। इसके लिए एएसआइ के दिल्ली मुख्यालय के स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।
व्यवस्थाओं को सुधारने के निर्देश
कैंप कार्यालय में आयोजित बैठक में डीएम नवनीत सिंह चहल ने नगर निगम के अधिकारियों से संबंधित रूट पर विशेष सफाई अभियान चलाने के लिए कहा। संबंधित रूट पर मशीनों से सफाई कराई जाएगी। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण आगरा व मथुरा खंड को हाईवे पर संरक्षा के इंतजाम करने और अतिक्रमण हटाने के लिए कहा गया। लोक निर्माण और एडीए अफसरों से संबंधित रोड की मरम्मत या फिर उनके निर्माण का कार्य सौंपा गया। बिजली विभाग से तारों को ठीक करने पर जोर दिया गया।
जी-20 में शामिल हैं ये देश
जी-20 विकसित और विकासशील देशों का समूह है। इसमें अर्जेंटीना, आस्ट्रेलिया, ब्राजील, कनाडा, चीन, फ्रांस, जर्मनी, भारत, इंडोनेशिया, इटली, जापान, कोरिया गणराज्य, मैक्सिको, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका, तुर्की, यूनाइटेड किंगडम, यूनाइटेड स्टेट आफ अमेरिका और यूरोपीय संघ शामिल हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।