आगरा में आतिशबाजी की चिंगारी बनी आफत: जूता फैक्ट्री और फलों की दुकान सहित 12 जगह अग्निकांड, रात भर दौड़ीं दमकल
दीपावली की रात आगरा में आतिशबाजी की चिंगारियों से एक जूता कारखाने, फलों की दुकान और कई मकानों सहित एक ...और पढ़ें

फैक्ट्री में लगी आग।
HighLights
दीपावली की रात आगरा में आतिशबाजी से कई जगह आग लगी।
जूता कारखाना, फलों की दुकान, मकानों में आग से भारी नुकसान।
दमकल ने पूरी रात दौड़कर आग बुझाई, जनहानि टली।
जागरण संवाददाता, आगरा। ताजनगरी में दीपावली की खुशियों के बीच आतिशबाजी की चिंगारियों ने भारी तबाही मचाई। पटाखों की चिंगारी से जूता कारखाने, फलों की दुकान और मकानों समेत एक दर्जन से अधिक स्थानों पर आग लगने की दर्दनाक घटनाएं सामने आईं। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम रविवार की रात से सोमवार सुबह तक लगातार दौड़ती रहीं।
आग की बड़ी घटना जगदीशपुरा थाना क्षेत्र के लक्ष्मी नगर में हुई, जहां पटाखों से निकली चिंगारी से एक जूता कारखाने में अचानक आग लग गई। कारखाने में रखे केमिकल और चमड़े के सामान के कारण देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। उठती हुई ऊंची लपटों को देख इलाके मे दहशत का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना दी। फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया, लेकिन तब तक कारखाने का भारी नुकसान हो चुका था।

आग के बाद पहुंची दमकल।
बिचपुरी रेलवे स्टेशन के पास फल की दुकान में लगी आग
इसके अलावा, बिचपुरी रेलवे स्टेशन के पास स्थित एक फलों की दुकान में भी भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि पूरी दुकान जलकर राख हो गई और व्यापारी का सारा सामान नष्ट हो गया। वहीं, आवास विकास कॉलोनी स्थित एक मकान में भी आतिशबाजी की वजह से आग लग गई, जिसे समय रहते नियंत्रित कर लिया गया।
यह भी पढ़ें- टॉयलेट में आए अनचाहे मेहमान ने मचाई खलबली: विशालकाय मगरमच्छ देखकर दहशत में आई फैमिली; वन विभाग ने किया रेस्क्यू
यह भी पढ़ें- मुजफ्फरनगर में भीषण हादसा, डिवाइडर से टकराकर कार में लगी आग; हरियाणा से हरिद्वार जा रहे 6 लोगों की जिंदा जलकर मौत
पूरी रात दौड़ती रहीं दमकल की टीम
दीपावली की रात शहर भर से लगातार आग लगने की सूचनाएं आती रहीं, जिसके चलते दमकल विभाग की गाड़ियां पूरी रात एक स्थान से दूसरे स्थान दौड़ती रहीं। गनीमत यह रही कि इन हादसों में समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई, हालांकि लाखों रुपये के माल के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।