Gangster पूर्व सपा विधायक रामेश्वर सिंह यादव और जुगेंद्र के घर पुलिस का छापा, नहीं मिले दोनों आरोपित
पूर्व सपा विधायक रामेश्वर सिंह यादव एवं उनके अनुज पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जुगेंद्र सिंह यादव अब पुलिस की रडार पर हैं। एटा में आवास पर पुलिस दबिश में दोनों भाई नहीं मिले हैं। कानूनी शिकंजा उनपर कसता जा रहा है।

आगरा, जागरण टीम। अलीगंज के पूर्व सपा विधायक रामेश्वर सिंह यादव और उनके अनुज पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जुगेंद्र सिंह यादव के एटा शहर में मुहल्ला प्रेम नगर और थाना जसरथपुर क्षेत्र के गांव अमृतपुर स्थित आवासों पर दविश दी। इस दौरान दोनों में से कोई नहीं मिला और पुलिस घर की तलाशी लेकर बैरंग ही लौट आई।
एटा शहर में सीओ सिटी कालू सिंह भारी पुलिस बल के साथ सपा नेताओं के प्रेम नगर स्थित आवास पर पहुंचे और पूर्व विधायक और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष के बारे में पूछताछ की। घर पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष का पुत्र ही मिला। पुलिस ने घर में पहुंचकर पूरे घर की तलाशी ली। इस दौरान काफी तादात में पुलिस फोर्स देख मुहल्ले में लोगों की भीड़ जुट गई। आधा घंटा तक पुलिस वहां मौजूद रही और इसके बाद चली आई।
उधर सीओ अलीगंज राजकुमार भी कई थानों का फोर्स लेकर गांव अमृतपुर पहुंचे और सपा नेताओं के आवास पर दविश दी। इस दौरान घर में कोई मौजूद नहीं था। सीओ ने बताया कि दोनों आरोपितों की तलाश की जा रही है। दोनों नेताओं ने अपने फोन बंद कर रखे हैं, गैंगस्टर के मामले में दोनों की तलाश है। दोनों के खिलाफ हाल ही में मुकदमा दर्ज हुआ था।
संपत्ति पर चला है बुलडोजर
वर्ष 2021 में शहर में पूर्व विधायक के फार्म हाउस और मंडी समिति के बराबर में अवैध कब्जा पाया गया था। जिस पर प्रशासन ने बुलडोजर चलवा दिया था। मंडी समिति के बराबर 32 दुकानें थीं जो प्रशासन ने ध्वस्त करा दीं, जबकि फार्म हाउस की चारदीवारी तोड़ी गई और जो जगह अवैध कब्जे से मुक्त हुई वह उसके मालिक को सौंप दी गई। इसके बाद अलीगंज और जैथरा में सपा नेता के करीबियों का भी एक ईंट भट्टा और कोल्ड स्टोर तथा सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा मिला था। वहां भी बुलडोजर चला।
रामेश्वर पर 75 और जुगेंद्र पर 77 मुकदमे
अलीगंज के पूर्व सपा विधायक पर विभिन्न थानों में अवैध कब्जे और अन्य आपराधिक मामलों में 75 मुकदमे दर्ज हैं, जबकि उनके छोटे भाई पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष के खिलाफ विभिन्न थानों में 77 मुकदमे दर्ज हैं। अगर गैंगस्टर के मुकदमों को भी जोड़ लिया जाए तो पूर्व विधायक के खिलाफ 76 और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष के खिलाफ 78 मुकदमे हैं।
प्रशासन ने घोषित किए हैं भूमाफिया
प्रशासन ने दोनों भाइयों काे भूमाफिया भी घाेषित कर रखा है। कई महीनों से प्रशासन सपा नेताओं पर शिकंजा कस रहा है और अब गैंगस्टर एक्ट जैसी बड़ी कार्रवाई की गई है। अपर पुलिस अधीक्षक धनंजय कुशवाह ने बताया कि दोनों भाइयों के विरूद्ध गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की गई है। गिरफ्तारी भी कराई जाएगी। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष और पूर्व विधायक ने हाल ही में सपा की टिकट पर क्रमश: एटा और अलीगंज विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ा था, जिसमें दोनों भाई हार चुके हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।