आगरा में खेरिया मोड़-ईदगाह आरओबी मरम्मत के लिए ट्रैफिक डायवर्जन लागू: जानें हल्के और भारी वाहनों के नए रूट
आगरा में खेरिया मोड़-ईदगाह रेल ओवर ब्रिज पर मरम्मत कार्य के कारण रविवार से यातायात डायवर्जन लागू किया गया है। ...और पढ़ें

आरओबी का फाइल फोटो।
HighLights
खेरिया मोड़-ईदगाह आरओबी पर मरम्मत कार्य शुरू।
रविवार से आगरा में यातायात डायवर्जन लागू।
हल्के, भारी वाहनों और बसों के लिए वैकल्पिक मार्ग।
जागरण संवाददाता, आगरा। खेरिया मोड़-ईदगाह रेल ओवर ब्रिज (आरओबी) पर मम्मत कार्य के चलते रविवार से यातायात डायवर्जन लागू रहेगा। हल्के और भारी वाहनों के साथ रोडवेज बसों के मार्ग भी बदल दिए गए हैं। वाहन चालकों को निर्धारित वैकल्पिक रास्तों से होकर गुजरना होगा।
हल्के वाहनों के लिए डायवर्जन
- खेरिया मोड़ से ईदगाह चौराहे की ओर जाने वाले वाहन अर्जुन नगर तिराहा, बारहखंभा रेलवे फाटक, रूई की मंडी रेलवे फाटक और नगला छउआ रेलवे फाटक होकर जाएंगे। ईदगाह से खेरिया मोड़ आने वाले वाहन इसके विपरीत मार्ग से गुजरेंगे।
- खेरिया मोड़ तिराहे से अर्जुन नगर तिराहा और बारहखंभा रेलवे फाटक की ओर हल्के माल वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। ये वाहन धनौली, मुल्ला की प्याऊ, मलपुरा नहर चौराहा और रोहता नहर चौराहा व पथौली नहर चौराहे से होकर अपने गंतव्य तक जा सकेंगे।
- सीओडी तिराहे से रूई की मंडी की ओर आटो और ई-रिक्शा नहीं जा सकेंगे। इन्हें साकेत कॉलोनी, साकेत अस्पताल चौराहा, कोठी मीना बाजार, पचकुइयां और तहसील चौराहे होकर जाना होगा।
- पृथ्वीनाथ फाटक से आने वाले आटो और ई-रिक्शा भोगीपुरा में शाहगंज डिवीजन पुलिस चौकी से 200 मीटर पहले तक आ सकेंगे। भोगीपुरा से रुई की मंडी की ओर इनका आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। यदि कोई ऑटो या ई-रिक्शा भोगीपुरा तिराहे पर पहुंचता है, तो उसे सीओडी तिराहे की ओर मोड़ा जाएगा।
- तहसील चौराहे से रुई की मंडी की ओर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। इन्हें पंचकुइया और कोठी मीना बाजार होकर वैकल्पिक मार्गों से जाना होगा।
भारी वाहन और रोडवेज बसों का बदलेगा रास्ता
- मलपुरा चौराहे से खेरिया मोड़ की ओर भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। ये वाहन रोहता नहर चौराहा व पथौली नहर चौराहे से होकर जा सकेंगे। अनुमति प्राप्त भारी वाहन ईदगाह आरओबी से पहले स्थित एफसीआई गोदाम तक पहुंच सकेंगे, लेकिन खेरिया मोड़ से अर्जुन नगर की ओर नहीं जा सकेंगे।
- मलपुरा नहर चौराहे से ईदगाह बस स्टैंड आने वाली बसें रोहता नहर चौराहा, मधुनगर, क्लब चौराहा, टैंक चौराहा और सुल्तानपुरा चौराहा होकर पहुंचेंगी।
अपर पुलिस उपायुक्त यातायात अलका सिंह ने वाहन चालकों से डायवर्जन का पालन करने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।
