यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 15, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Facebook फेसबुक पर बड़े घर की महिलाओं से दोस्ती कर एक करोड़ की ठगी, आगरा का रहने वाला है आरोपित
Agra News दिल्ली और अागरा समेत कई शहर की महिलाओं को जाल में फंसा ब्लैकमेल करने का आरोप। इंटरनेट के ...और पढ़ें

आगरा, जागरण संवाददाता। फेसबुक पर फर्जी नाम से बड़े घर की उच्च शिक्षित महिलाओं से दोस्ती कर उनसे ठगी का मामला शनिवार को सुर्खियां में आया।। ठगी की शिकार चार महिलाएं आरोपित की फेसबुक मित्रों की सूची के माध्यम से संपर्क में आईं।उन्होंने आरोपित के खिलाफ आवाज उठाने का फैसला लिया। पीड़ित तीन महिला आगरा और एक दिल्ली हैं। उन्होंने शनिवार को संजय प्लेस स्थित यूथ हास्टल में संयुक्त प्रेसवार्ता बुला अपने साथ हुई ठगी की जानकारी दी।
महिलाओं ने बताया कि आरोपित माेहित मूलरूप से टूंडला का रहने वाला है। वह आगरा में ठिकाने बदलकर रहता है। फेसबुक पर दूसरे नामों से प्रोफाइल बना महिलाओं से मित्रता करता है। खुद साफ्टवेयर कंपनी में एचआर बताता है, अपनी दर्द भरी कहानी सुना महिलाओं को जाल में फंसा उनसे रकम वसूल लेता है।महिलाओं से एक करोड़ रुपये से अधिक ठग चुका है। पीड़िताओं ने मोहित के परिवार पर भी साजिश में शामिल होने का आरोप लगाया है।
पेट्रोल पंप दिलाने के बहाने दिल्ली की महिला से दोस्ती
दिल्ली की रहने वाली महिला के पति का सराफा कारोबार है।वर्ष 2016 में आरोपित ने फेसबुक दोस्ती की। महिला ने बताया कि ये उनके जीवन की सबसे बड़ी भूल थी। आरोपित उनसे चैट करने लगा, अपने पिता और बहन को पुलिस अधिकारी बताया। उन्हें दर्द भरी कहानी सुना प्रभाव में ले लिया। आगरा में पेट्रोल पंप खुलवाने की कहा, पति से 15 लाख रुपये ठग लिए।उनसे भी लाखों रुपये ले लिए। उन्हें धोखाधड़ी का पता चला तो आरोपित ने चार लाख रुपये लौटा दिए। बाकी रकम बाद देने की कहा तो वह उनकी चैट वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने लगा।
अनाथ बता 600 ग्राम सोना, पांच लाख रुपये ले लिए
सदर क्षेत्र निवासी महिला से भी आरोपित मोहित ने वर्ष 2016 में फेसबुक के माध्यम से दोस्ती की। महिला ने बताया कि उनके पति सरकारी विभाग में हैं। आरोपित ने पुत्र के इलाज के नाम पर उनसे ढाई लाख रुपये लिए। अपने परिवार से भी मिलवाया। उनसे 600 ग्राम सोने के जेवरात व पांच लाख रुपये हड़प लिए। लौटाने की कहा तो उन्हें न्यू अागरा बाइपास स्थित अपने कमरे पर लेकर गया। वहां उन्हें जूस में नशीला पदार्थ पिला दिया, बेसुध होने पर उनकी आपत्तिजनक तस्वीरें खींच लीं। जिन्हें दिखा ब्लैकमेल कर दो वर्ष से 20 हजार रुपये महीने वसूल रहा था। अपनी सारी जमा रकम खत्म होने पर उन्हें सामने आने को मजबूर होना पड़ा। मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत के बाद रकाबगंज थाने में अमानत मे ख्यानत का अभियोग दर्ज किया गया।
सदर और कमला नगर की रहने वाली महिलाओं से 65 लाख ठगने का आरोप
सदर क्षेत्र निवासी कास्मेटिक का आनलाइन काम करने वाली महिला से वर्ष 2018 में आरोपित ने राहुल के नाम से फेसबुक पर दोस्ती की। जाल में फंसा उनसे लाखों रुपये व जेवरात ठग लिए। रकम मांगने पर वह उन्हें बहाने से अपनेे साथ कमरे पर ले गया।वहां जूस नशा मिला जूस पिला आपत्तिजनक तस्वीरें खींच लिया। ब्लैकमेल कर उनसे लाखों रुपये और जेवरात हड़प लिए। कमला नगर की रहने वाली विधवा से भी वर्ष 2019 में आरोपित ने फेसबुक पर दोस्ती कर साढ़े तीन लाख रुपये ठग लिए।
