Anandi Patel in Agra: राज्यपाल ने आगरा में लगाई स्टूडेंट्स के संग टीचर्स की भी क्लास, इन 4 टिप्स में कही पूरी बात
Anandi Patel in Agra खंदारी परिसर स्थित छत्रपति शिवाजी दीक्षांत मंडपम में दीक्षांत समारोह का आयोजन हुआ। राज्यपाल ने 169 मेधावियों को प्रदान किए मेडल दी नसीहत। राज्यपाल ने कहा विश्वविद्यालय का माहौल बदलें। सभी अपनी जिम्मेदारी समझें तभी विश्वविद्यालय ऊंचाई छुएगा।

आगरा, जागरण संवाददाता। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय का 87 वां दीक्षांत समारोह मंगलवार को खंदारी परिसर में हुआ। जिसकी अध्यक्षता राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने की और मुख्य अतिथि के रूप में चिदानंद सरस्वती महाराज मौजूद रहे। दोनों ही अतिथि ने दीक्षांत समारोह में 169 मेधावियों को पदक प्रदान किए। उन्हें भविष्य में ऐसे ही सफलता के पायदान चढने की शुभकामनाएं भी दीं।
कुलगीत के साथ खंदारी परिसर स्थित छत्रपति शिवाजी दीक्षांत मंडपम में सुबह 11:30 बजे दीक्षांत समारोह का शुभारंभ हुआ। समारोह में 118743 छात्र-छात्राओं को डिग्रियां दी गईं। पहली बार पीएचडी और डीलिट के छात्रों को मंच पर डिग्री दी गई। आवासीय इकाई के छात्रों को भी डिग्रियां समारोह में मिलीं। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने अपने संबोधन में कहा कि, जब मैं पढ़ती थी तब एक क्लास में एक भी लड़की नहीं होती थी। बेटियां आज आगे बढ़ रही हैं। यहां पर 70% से ज्यादा मेडल बेटियों के नाम रहे हैं। बेटियां आज हर क्षेत्र में आगे हैं। लड़ाकू विमान भी बेटियां उड़ा रही हैं। बेटियों को बधाई और शुभकामनाएं। बेटों को भी शुभकामनाएं। उन्होंने कहा कि आज जागरूकता से महिलाएं अपनी मर्जी और मन से वोटिंग करके देश के उत्थान वाली सरकार बना रही हैं।
राज्यपाल ने दी शिक्षक और स्टूडेंट्स को ये नसीहत
1- विश्वविद्यालय का माहौल बदलें।
2- सभी अपनी जिम्मेदारी समझें, तभी विश्वविद्यालय ऊंचाई छुएगा।
3− सभी समय से कालेज जाएं। स्टूडेंट्स को पढ़ाएं।
4− मजदूरों का मजदूर दिवस पर सम्मान करें।
जल संचय करें। ऊर्जा का संचय करेंः चिदानंद सरस्वती महाराज
चिदानंद सरस्वती महाराज ने कहा कि, इस विवि ने दो राष्ट्रपति, तीन पीएम और सुरक्षा सलाहकार दिए हैं। जब से पीएम मोदी ने देश को संभाला है कि, तब से दुनिया के सबसे अहम पीएम हैं। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के कार्यों की सराहना की। उन्होंने गवर्नर हाउस को सेवा हाउस में बदल दिया है। मेडल जितने मिल सकें लो लेकिन, जीवन का मॉडल बनाओ। जब तक मैं रहूं दिए की तरह जलता रहूं। समाज के लिए काम करें। जो दूसरों के आंसू पीता है। यही जीवन है। आज धन और धर्म की जरूरत है। धन आपको बाहर की सुख सुविधाएं देगा। धर्म आपको ऐश्वर्य देगा। मंदिर, मस्जिद, चर्च और गिरजाघर की तरह दिल को मंदिर बनाएं। जिसकी मस्ती जिंदा। उसकी हस्ती जिंदा है। बाकी तो वैसे ही जिंदा हैं। सभी समय की कीमत पहचानिए। गंगा कोई भेदभाव नहीं करती है। वैसे ही हमें किसी से भेदभाव नहीं करना है। हम सबको बहनों का सम्मान करना चाहिए। कर्मयोगी सीएम योगी हैं। ईमानदारी और मानवता है।
कुलपति प्रोफेसर विनय पाठक ने अपने संबोधन में बताया कि, डॉ. बीआर आंबेडकर विवि के दीक्षांत समारोह में इस पर 129 स्वर्ण पदक और 40 रजत पदक मेधावियों को प्रदान किए गए हैं। राज्यपाल महोदया ने दो भवनों और चार आनलाइन कार्यों का लोकार्पण किया। विश्वविद्यालय के डिजीलाकर में वर्ष 2015 से लेकर 2020 तक की 698857 डिग्रियां और 1185672 अंकतालिकाएं अपलोड कर दी गई हैं। सभी पर कुलपति और परीक्षा नियंत्रक के ई-हस्ताक्षर हैं. छात्र-छात्राएं एक क्लिक पर अपने प्रमाण पत्र देख सकती हैं। इन प्रमाण पत्रों को सत्यापन की आवश्यकता नहीं रहेगी।
विश्वविद्यालय की वेबसाइट का बदला डोमेन
अब तक विश्वविद्यालय की वेबसाइट का डोमेन ओआरजी डाट इन था. जो, अब एसी डाट इन हो गया है। इस वेबसाइट पर छात्रों को संबद्ध कालेजों और विश्वविद्यालय की गतिविधियों की हर नवीनतम जानकारी है।
यह रहे मेधावी
- केडी मेडिकल कॉलेज मथुरा की छात्रा प्रिया को सात स्वर्ण मिले।
- एसबी कॉलेज अलीगढ़ की छात्रा दिव्या शर्मा को पांच स्वर्ण मिले।
- पीसी बागला कॉलेज हाथरस की छात्रा कुमारी पूजा को चार स्वर्ण मिले।
- एमएस डब्ल्यू इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंस, विवि की ज्योति वर्मा को चार स्वर्ण मिले।
- हुरेरा गर्ल्स कॉलेज की छात्रा युसरा अबू को तीन स्वर्ण पदक मिले।
- महात्मा गांधी गर्ल्स पीजी कॉलेज फिरोजाबाद की छात्रा रेनू यादव को तीन स्वर्ण पदक मिले।
- सेंट जोंस कॉलेज के छात्र मुकुल सेन को तीन स्वर्ण पदक मिले।
- टीकाराम कन्या महाविद्यालय अलीगढ़ की छात्रा कुमारी निक्की को तीन स्वर्ण पदक मिले।
-श्रीमती शारदा जौहरी नगर पालिका कन्या महाविद्यालय एटा की छात्रा, आयुषी भारद्वाज को तीन स्वर्ण पदक मिले।
पदक, डिग्री और अंकतालिकाएं आंकड़ों में
- 118743 डिग्रियां समारोह में दी गई।
- 877 डिग्रियां आवासीय इकाई के छात्रों को दी गई।
- 1,17,866 डिग्रियां कालेजों के छात्रों को दी गई।
- 169 छात्र-छात्राओं को समारोह में पदक दिए गए।
- 135 छात्राएं और 40 छात्रों को पदक मिले हैं।
- 129 स्वर्ण पदक और 40 रजत पदक दिए गए।
- 09 पदक इस बार दिए जा रहे हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।