मेरे पति को कुछ हुआ तो महिला मोर्चा की अध्यक्ष होंगी जिम्मेदार... बीजेपी कार्यकर्ता की पिटाई के मामले में नया मोड़
आगरा में भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष द्वारा कार्यकर्ता की पिटाई के मामले में नया मोड़ आया है। कार्यकर्ता की पत्नी ने इसे साजिश बताते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं और महिला मोर्चा अध्यक्ष पर धमकी देने का आरोप लगाया है। पत्नी का कहना है कि अगर उनके पति को कुछ होता है तो उपमा गुप्ता और उनकी साथी महिलाएं जिम्मेदार होंगी। उपमा गुप्ता ने भी आरोपों पर सफाई दी है।

जागरण संवाददाता, आगरा। भाजपा महिला मोर्चा की महानगर अध्यक्ष उपमा गुप्ता द्वारा अन्य महिला कार्यकर्ताओं द्वारा भाजपा कार्यकर्ता की पिटाई के मामले में अब नया मोड़ आ गया है। भाजपा कार्यकर्ता की पत्नी ने गंभीर आरोप लगाते हुए प्रकरण को साजिश बताया है। कुछ भाजपा नेता भी उनके समर्थन में आ गए हैं।
महिला मोर्चा अध्यक्ष उपमा गुप्ता का सिर काट कर ले जाने की धमकी देने का वीडियो भी प्रसारित हुआ है। उनकी पत्नी ने पति को कुछ होने पर आरोपित महिलाओं के जिम्मेदार होने की बात कही है वहीं उपमा गुप्ता ने भी आरोपित के कई महिला कार्यकर्ताओं से गलत बात करने के साक्ष्य के साथ शिकायत करने की बात कही है।
पिटाई के बाद तीन दिन से लापता व्यक्ति की पत्नी आई सामने
13 जुलाई की शाम भाजपा महिला मोर्चा की महानगर अध्यक्ष उपमा गुप्ता अन्य महिला कार्यकर्ताओं के साथ खंदौली में आनंद शर्मा नाम के भाजपा कार्यकर्ता के घर गई थीं। उनका अन्य महिलाओं के साथ आनंद की पिटाई करने का वीडियो प्रसारित हुआ था। उन्होंने आरोप लगाया था कि आनंद कई महिला कार्यकर्ताओं को मोबाइल पर अश्लील फोटो वीडियो भेज रहा था।
उसने गलती से वीडियो भेजने की बात कही थी। जब उसके घर गए तो वीडियो वहीं का बना होने की जानकारी होने पर कार्यकर्ताओं द्वारा पिटाई की बात कही गई थी। इसके बाद से आनंद लापता हो गया था।
पत्नी ने कहा, साजिशन बुलाया
मंगलवार को आनंद की शिक्षिका पत्नी सामने आई। उन्होंने आरोप लगाया कि पति पर जिस महिला ने आरोप लगाया वह उनके साथ हर सप्ताह कार में वृंदावन जाती थी। उपमा गुप्ता और अन्य महिलाएं जब घर आई तो पति नहीं थे। साजिशन उन्हें बुलाया गया। फोन चार्जिंग पर लगाने के दौरान किसी के द्वारा साजिश करने की जानकारी देकर माफी मांगी थी। इसके बाद भी उनके साथ मारपीट की गई। वीडियो बनाकर प्रसारित किया गया। आरोपित पहले ही जूतों की माला और कालिख लेकर आए थी।
सर काटकर ले जाने की धमकी देने का एक वीडियो और प्रसारित
लोगों के विरोध पर ऐसा किया नहीं गया। पति बेटे की बीमारी के कारण पहले ही अवसाद में थे। अब वह तीन दिन से लापता हैं,उन्हें कुछ हुआ तो उपमा गुप्ता और उनकी साथी महिलाएं जिम्मेदार होंगी। इसके साथ ही खंदौली के भाजपा नेताओं ने एक वीडियो भी प्रसारित किया है। जिसमें उपमा गुप्ता आनन्द का सिर काटकर ले जाने की बात कह रही हैं।
नंबर हैक कर भेजने का आरोप
पूरे प्रकरण पर उपमा गुप्ता ने बताया कि आनंद ने वीडियो किसी के द्वारा भेजने की बात कही थी। हमें लगा कि शायद उनका नंबर हैक कर किसी ने ऐसा किया हो। इस दौरान अंदर जाने पर भेजे गए वीडियो कमरे में ही बनाए गए होने की पुष्टि हुई।
आनंद ने साथी महिला कार्यकर्ता से अभद्र भाषा में बोला तो प्रतिक्रिया हो गई। उनकी पत्नी के माफी मांगने और बेटे की बीमारी का हवाला देने पर पुलिस से शिकायत नहीं की। उनकी पत्नी ने सोमवार को भी कॉल कर माफी मांगी। उनके पास सारी रिकॉर्डिंग और आरोपित के स्क्रीन शाट हैं।
आरोपित ने कई महिलाओं के साथ ऐसी हरकत की है। राजनीतिक कारणों से मामले को इस तरह प्रस्तुत किया जा रहा है।अब जब दूसरा पक्ष आरोप लगा रहा है तो वह भी साक्ष्य के साथ शिकायत करेंगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।