कौन हैं रामप्रताप चौहान जिन्हें यूपी भाजपा ने बनाया राज्यसभा उम्मीदवार? एत्मादपुर से रहे विधायक, राजनीतिक सफर
भाजपा ने आगरा के पूर्व विधायक और प्रदेश महामंत्री रामप्रताप सिंह चौहान को राज्यसभा उम्मीदवार बनाया है। उनका राजनीतिक सफर ...और पढ़ें

राम प्रताप सिंह चौहान।
HighLights
रामप्रताप चौहान भाजपा के राज्यसभा उम्मीदवार, आगरा के पूर्व विधायक
संगठन में जमीनी कार्यकर्ता से प्रदेश महामंत्री तक का सफर
1991 में भाजयुमो मंडल अध्यक्ष से शुरू हुई राजनीतिक यात्रा
जागरण संवाददाता, आगरा। भारतीय जनता पार्टी ने आगरा के पूर्व विधायक और प्रदेश महामंत्री रामप्रताप सिंह चौहान को राज्यसभा उम्मीदवार बनाया है। लंबे समय से संगठन में सक्रिय रहे रामप्रताप के राजनीतिक सफर की खासियत यह है कि उन्होंने पार्टी में अपनी शुरूआत जमीनी कार्यकर्ता के रूप में की और धीरे-धीरे संगठन के विभिन्न दायित्वों को संभालते हुए प्रदेश नेतृत्व में महत्वपूर्ण स्थान बनाया।
राजनीतिक यात्रा
- रामप्रताप सिंह चौहान की राजनीतिक यात्रा की शुरुआत 1991 में भाजपा युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष के रूप में हुई। वर्ष 1991 से 1994 तक उन्होंने भाजयुमो आगरा में मंडल अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली।
- इसके बाद 1994 से 1998 तक महानगर उपाध्यक्ष और 1998 से 2001 तक महानगर अध्यक्ष रहे। संगठन में लगातार सक्रियता के चलते उन्हें 2001 से 2005 तक ब्रज क्षेत्र का प्रभारी बनाया गया।
- इसके बाद प्रदेश संगठन में उनकी जिम्मेदारियां बढ़ती गईं। वर्ष 2005-06 में वह भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष रहे।
- 2006-07 में आगरा जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली।
- वर्ष 2007 से 2012 तक ब्रज क्षेत्र में प्रदेश महामंत्री और 2013 से 2016 तक प्रदेश मंत्री रहे। यानी करीब डेढ़ दशक तक उन्होंने संगठन के अलग-अलग स्तरों पर काम किया।
2017 में पहली बार विधानसभा पहुंचे
संगठन में लंबे अनुभव के बाद वर्ष 2017 में एत्मादपुर विधानसभा सीट से भाजपा के टिकट पर विधायक चुने गए। 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्हें पार्टी का टिकट नहीं मिला, लेकिन संगठन में उनकी भूमिका बनी रही। वर्ष 2023 में उन्हें भाजपा का प्रदेश महामंत्री बनाया गया। जून 2026 में घोषित भाजपा की नई प्रदेश टीम में उन्हें एक बार फिर प्रदेश महामंत्री की जिम्मेदारी दी गई।
वर्तमान संगठनात्मक जिम्मेदारी में उनका दायरा और बढ़ा है। अगस्त 2026 में भाजपा ने उन्हें पश्चिमी उत्तर प्रदेश का प्रभारी बनाया। इसके बाद उन्होंने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें कीं।
प्रोफाइल के लिए प्रमुख पड़ाव
- 1991-94: भाजयुमो मंडल अध्यक्ष, आगरा
- 1994-98: महानगर उपाध्यक्ष, भाजयुमो
- 1998-2001: महानगर अध्यक्ष, भाजयुमो
- 2001-05: ब्रज क्षेत्र प्रभारी
- 2005-06: प्रदेश उपाध्यक्ष
- 2006-07: भाजपा जिलाध्यक्ष, आगरा
- 2007-12: ब्रज क्षेत्र महामंत्री
- 2013-16: प्रदेश मंत्री
- 2017-22: एत्मादपुर से भाजपा विधायक
- 2023 से: प्रदेश महामंत्री
- 2026: पश्चिमी उत्तर प्रदेश प्रभारी
- अब: राज्यसभा के लिए भाजपा उम्मीदवार
आगरा से प्रदेश और अब राज्यसभा की ओर
रामप्रताप चौहान का राज्यसभा उम्मीदवार बनाया जाना उनके राजनीतिक सफर का नया पड़ाव है। उनकी पहचान मुख्य रूप से संगठन में लंबे समय तक काम करने वाले नेता के रूप में रही है। मंडल से शुरू हुआ सफर महानगर, जिला, क्षेत्र और प्रदेश संगठन से होते हुए विधानसभा तक पहुंचा और अब राज्यसभा की उम्मीदवारी तक पहुंच गया है।
