कमिश्नरेट के थानों में दलाल हावी... भाजपाइयों ने सुनवाई न होने पर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद के सामने जताई नाराजगी
आगरा में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की बैठक में भाजपा नेताओं ने अधिकारियों द्वारा सुनवाई न होने की शिकायत की। उन्होंने पुलिस पर दलाली का आरोप लगाया। मौर्य ने पुलिस अधिकारियों को निचले स्तर पर सुधार के निर्देश दिए और 2047 तक विजय यात्रा जारी रहने की कामना की। बैठक में मेयर को आगे बुलाया गया।

जागरण संवाददाता, आगरा। अपनी ही सरकार में अधिकारियों द्वारा सुनवाई नहीं किए जाने की भाजपाइयों की पीड़ा उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के सामने शनिवार को खुलकर सामने आई। ब्रज क्षेत्र कार्यालय में हुई बैठक में भाजपा नेताओं ने कमिश्नरेट बनने के बाद पुलिस द्वारा सुनवाई नहीं किए जाने और थानों में दलाली होने की बात रखी। उपमुख्यमंत्री ने बाद में विकास भवन में हुई बैठक में निचले स्तर पर सुधार के निर्देश भी पुलिस अधिकारियों को दिए।
बैठक में भाजपा नेताओं ने सुनवाई न होने की बात भी उठाई
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शनिवार शाम संगठनात्मक बैठक के लिए जयपुर हाउस स्थित ब्रज क्षेत्र कार्यालय पहुंचे। लंबे समय बाद पार्टी कार्यालय पहुंचे उपमुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यकर्ता पहले और जनप्रतिनिधि बाद में हैं। प्रदेश में कानून व्यवस्था में सुधार हुआ है।
केंद्र की योजनाएं जनता तक पहुंच रही हैं। जनप्रतिनिधियों व पार्टी नेताओं को वंचित लोगों तक योजना का लाभ पहुंचाने को कहा। इसके बाद उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपनी बात रखने को कहा। कार्यकर्ताओं को खुलकर बोलने का मौका मिला तो उन्होंने कहा कि पुलिस सुनवाई नहीं कर रही है। थानों में दलाली हावी है।
पुलिस कमिश्नेट बनने के बाद बदल गया माहौल
पुलिस कमिश्नरेट बनने के बाद माहौल बदल गया है। फरियादी वरिष्ठ अधिकारियों से मिलने जाते हैं, तो उन्हें टरका दिया जाता है। बीच में ही उन्हें टरका दिया जाता है। शहर से लेकर जिला संगठन तक के पूर्व पदाधिकारियों ने यह मुद्दा रखा। इस पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि अंदर की बात, बाहर नहीं जानी चाहिए।
पार्टी के सूत्रों ने बताया कि ब्रज क्षेत्र कार्यालय के बाद उपमुख्यमंत्री ने यह मुद्दा पुलिस आयुक्त के सामने रखा। निचले स्तर पर अधिकारियों को सही करें। बताया जा रहा है कि पुलिस आयुक्त ने 20 दिन का समय कार्रवाई के लिए मांगा।
2047 तक जारी रहे विजय यात्रा
उपमुख्यमंत्री ने बैठक में कहा कि आगरा में वर्ष 2014 से 2024 तक लगातार विजय ही विजय हुई है। वह कामना करते हैं यह विजय यात्रा 2047 तक जारी रहे। हर चुनाव में कमल का फूल खिला रहे हैं। सरकार भी आगरा को कमल के फूल की तरह खिलाने का काम कर रही है।
मेयर को आगे बुलाया
ब्रज क्षेत्र कार्यालय पहुंचीं मेयर हेमलता दिवाकर कुशवाहा आगे कुर्सी खाली न देखकर पीछे बैठ गई थीं। महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने नजर पड़ने पर उन्हें आगे बुलाया। उपमुख्यमंत्री ने भी उन्हें आगे आने को कहा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।