भाजपा ने रामेश्वर को पार्टी से किया निष्कासित, पर खुली बगावत करने वालों पर साध रखी चुप्पी; क्या है इनसाइड स्टोरी?
सांसद राजकुमार चाहर को दोबारा फतेहपुर सीकरी लोकसभा क्षेत्र से प्रत्याशी बनाए जाने के बाद से ही भाजपा विधायक चौ. बाबूलाल के बेटे चौ. रामेश्वर ने बगावत कर दी थी। भाजपा विधायक चौ. बाबूलाल भी उनके साथ खुलकर आ गए थे। नामांकन से लेकर प्रचार तक वे क्षेत्र में सक्रिय हैं। उनकी कई स्तर पर संगठन में वार्ता भी हुईं लेकिन कोई बदलाव नहीं आया।
जागरण संवाददाता, आगरा। फतेहपुर सीकरी लोकसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी राजकुमार चाहर के खिलाफ निर्दलीय मैदान में उतरे भाजपा विधायक चौ. बाबूलाल के पुत्र चौ. रामेश्वर पर मतदान से पांच दिन पहले भाजपा ने कार्रवाई की। गुरुवार को प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने पत्र जारी कर उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया। हालांकि वे उन पर अभी संगठन में कोई पद नहीं था। उधर, उनके साथ खुली बगावत कर रहे विधायक चौ. बाबूलाल पर संगठन ने चुप्पी साध रखी है।
भाजप प्रदेश अध्यक्ष ने पत्र जारी कर किया निष्कासित
सांसद राजकुमार चाहर को दोबारा फतेहपुर सीकरी लोकसभा क्षेत्र से प्रत्याशी बनाए जाने के बाद से ही भाजपा विधायक चौ. बाबूलाल के बेटे चौ. रामेश्वर ने बगावत कर दी थी। भाजपा विधायक चौ. बाबूलाल भी उनके साथ खुलकर आ गए थे। नामांकन से लेकर प्रचार तक वे क्षेत्र में सक्रिय हैं। उनकी कई स्तर पर संगठन में वार्ता भी हुईं, लेकिन कोई बदलाव नहीं आया।
न तो वे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मंच पर आए और न ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंच पर पहुंचे। इसके बाद भी उन पर संगठन की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। गुरुवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने पत्र जारी कर चौ. रामेश्वर को पार्टी से निष्कासित कर दिया। चौ. रामेश्वर का कहना है कि वे निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं। अभी तक उन्हें पार्टी की ओर से जारी कोई पत्र नहीं मिला है।