Mathura News: केशव वाटिका में मिलेगा कृष्ण भक्ति संग स्विट्जरलैंड जैसा आनंद, श्रद्धालुओं को मिलेंगी ये सुविधाएं
पहले ढाई करोड़ से सुंदरीकरण की बनी थी योजना। श्रद्धालुओं के घूमने के लिए पाथ वे भी बनाया जाएगा। अब साढ़े नौ करोड़ से संवरेगी कान्हा की केशव वाटिका। 24 साल बाद शासन के निर्देश पर अगस्त 2019 में श्रद्धालुओं के लिए वाटिका खुली थी।

आगरा, जागरण टीम। श्रीकृष्ण जन्मस्थान स्थित केशव वाटिका अब संवारी जाएगी। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद ने इसके कायाकल्प की योजना तैयार की है। पहले ढाई करोड़ की इस योजना को अब बढ़ाकर साढ़े नौ करोड़ रुपये कर दिया गया है। यहां म्यूजिकल फाउंटेन तो लगेंगे ही, श्रद्धालुओं के घूमने के लिए पाथ वे भी बनाए जाएंगे। स्विट्जरलैंड में लगे म्यूजिकल फाउंटेन की तर्ज पर यहां भी फाउंटेन लगेंगे।
श्रीकृष्ण जन्मस्थान स्थित केशव वाटिका करीब साढ़े तीन एकड़ में हैं। यहां श्रद्धालु विश्राम करते थे, साथ ही प्रकृति का आनंद लेते हैं। शाही मस्जिद ईदगाह के कारण 24 वर्ष इसमें श्रद्धालु प्रवेश नहीं कर सके। केशव वाटिका के सुंदरीकरण के लिए उप्र. ब्रज तीर्थ विकास परिषद ने करीब ढाई करोड़ की योजना तैयार की थी, अब इसे बढ़ाकर करीब साढ़े नौ करोड़ किया गया है। केशव वाटिका का सुंदरीकरण द्वापरयुग की तरह किया जाएगा। पहले सादा फाउंटेन लगाने का प्रस्ताव था, लेकिन अब म्यूजिक फाउंटेन लगाए जाएंगे। फाउंटेन पर करीब साढ़े चार करोड़ खर्च होंगे। वहीं रेलिंग पत्थर की लगाई जाएंगी और पाथ वे का निर्माण किया जाएगा। श्रद्धालुओं के बैठने के लिए बेंच लगाई जाएंगी। शौचालय की व्यवस्था होगी। केशव वाटिका में श्रद्धालु विश्राम कर सकेंगे और प्रकृति का आनंद ले सकेंगे। उप्र. ब्रज तीर्थ विकास परिषद के डिप्टी सीईओ पंकज वर्मा ने बताया कि केशव वाटिका का सुंदरीकरण अब साढ़े नौ करोड़ रुपये से किया जाएगा।
24 वर्ष नहीं हुआ श्रद्धालुओं का प्रवेश
वर्ष 1995 में विहिप ने वृंदावन रोड स्थित बिड़ला मंदिर के निकट विष्णु महायज्ञ आयोजित किया। प्रशासन ने अप्रिय घटना होने की आशंका में शाही मस्जिद ईदगाह के ठीक पीछे श्रीकृष्ण जन्मस्थान परिसर स्थित केशव वाटिका में श्रद्धालुओं का प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया। वर्ष 2017 में श्रीकृष्ण जन्मभूमि न्यास के अध्यक्ष महंत नृत्यगोपालदास ने अयोध्या में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को केशव वाटिका खुलवाने को ज्ञापन दिया। फरवरी 2018 में होली के मौके पर सीएम जब जन्मस्थान आए, तब भी वाटिका खुलवाने की मांग रखी गई। शासन के निर्देश पर अगस्त 2019 में श्रद्धालुओं के लिए वाटिका खुल गई।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।