Kidnapping Industry: बीहड़ का कुख्यात है बदन सिंह, आगरा से अपहरण करना है उसका पुराना पेशा
चार वर्ष पहले आगरा के सदर इलाके से दंत चिकित्सक का अपहरण कर चुका है बदन सिंह। चंबल के बीहड़ में राज करने वाले केशव गुर्जर ने वसूली थी फिरौती। मुकदमे में केशव भी है वांछित चार वर्ष में नहीं पकड़ सकी पुलिस।
आगरा, जागरण संवाददाता। चंबल के बीहड़ में अपहरण का एक तरह से इंडस्ट्री चल रही है। नए लोगों का कैरियर के तौर पर इस्तेमाल कर आगरा से अपहरण कर लोगों को राजस्थान पहुंचाया जाता है। यहां पर एक गैंग, दूसरेे गैंग को पकड़ शिफ्ट कर देता है। इस दौरान जितने लोग इस्तेमाल हुए, उनको उनके हिस्से की रकम देकर, कुख्यात का गिरोह मोटी रकम अपह्त व्यक्ति के स्वजनों से वसूलता है। वरिष्ठ चिकित्सक उमाकांत गुप्ता के मामले में एक बार फिर इसी बात की तस्दीक हुई है। डॉक्टर का अपहरण करने वाला बदन सिंह चार वर्ष पहले भी सदर क्षेत्र से चिकित्सक का अपहरण कर चुका है। तब चिकित्सक के स्वजन से गैंग के सरगना केशव गुर्जर ने फिरौती वसूली थी। इसके बाद ही उन्हें छोड़ा था। इस मामले में बदन सिंह जेल जा चुका है। मगर, केशव को अभी तक पुलिस नहीं गिरफ्तार कर सकी है। इस बार भी बदमाश बुधवार रात को चिकित्सक को केशव गुर्जर के पास पहुंचाए जाने की तैयारी कर रहे थे।
धौलपुर में सरमथुरा रोड निवासी डा. निखिल बंसल का सदर क्षेत्र में डेंटल क्लीनिक था। अक्टूबर 2017 में वे घर जाने के लिए मधु नगर के पास वाहन का इंतजार कर रहे थे। तभी बोलेरे गाड़ी से आए बदमाशों ने उनका अपहरण कर लिया था।स्वजन ने फिरौती देकर उन्हें मुक्त करा लिया। इसके बाद पुलिस ने धौलपुर निवासी बदन सिंह समेत आठ बदमाशों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इसमें धौलपुर के दस्यु केशव गुर्जर को भी वांछित किया गया था। मगर, पुलिस उस तक नहीं पहुंच पाई। पुलिस सूत्रों के अनुसार केशव का बीहड़ में राज चलता है। उसके पास पकड़ पहुंचने के बाद बिना फिरौती के पकड़ छूटना मुश्किल है। बदन सिंह पहले उसी के लिए करियर का काम करता था। अब वह खुद भी अपहरण कर फिरौती वसूलने लगा है। बुधवार को आगरा और धौलपुर पुलिस के दबाव में बदन सिंह आ गया था। वह वहां से चिकित्सक को छोड़कर चला गया था। उन्हें वह दूसरे बदमाशों से केशव गुर्जर के पास पहुंचाने की तैयारी कर रहा था। तब तक पुलिस ने उन्हें मुक्त करा लिया।
युवती को ठिकाने लगाने की थी योजना
धौलपुर पुलिस को मिले एक बदमाश के फोन से यह स्पष्ट हुआ है कि बदमाश गैंग में शामिल युवती को ठिकाने लगाने की तैयारी कर रहे थे। वह उन्हें अपनी कमजोर कड़ी लग रही थी। एक बदमाश उसे बीहड़ में लेकर जा रहा था। तब तक पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।