Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    वाऊ! इट्स अमेजिंग..., भारतीय परिधान पहन ताजमहल देखना पहुंचा वेंस का परिवार, अमेरिकी उपराष्ट्रपति ने दिया ये रिएक्शन

    अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने ताजमहल की पहली झलक देखकर कहा वाह! यह अद्भुत है। ताजमहल की सुंदरता और कारीगरी पर मुग्ध वेंस दंपती ने करीब एक घंटे 10 मिनट तक ताजमहल का भ्रमण किया। वेंस ने ताजमहल से जुड़ी अपनी हर जिज्ञासा का समाधान गाइड से सवाल पूछकर किया। वहीं ताजमहल भ्रमण के दौरान जेडी वेंस का परिवार भारतीय परिधान में नजर आया।

    By Jagran News Edited By: Abhishek Pandey Updated: Wed, 23 Apr 2025 10:12 PM (IST)
    Hero Image
    ताजमहल परिसर में भ्रमण के दौरान फोटो खिंचवाते अमेरिका के उप राष्ट्रपति जेडी वेंस, पत्नी उषा वेंस व बच्चे।

    जागरण संवाददाता, आगरा। वाऊ! इट्स अमेजिंग। अमेरिकी उप राष्ट्रपति जेडी वेंस ने बुधवार सुबह ताजमहल की पहली झलक देखी तो उनके मुंह से यही शब्द निकले। सूरज की किरणें स्मारक के संगमरमरी हुस्न पर चमक बिखेर रही थीं। अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस था, लेकिन ताजमहल की सुंदरता और कारीगरी पर मुग्ध वेंस दंपती पर तपिश का कोई असर नहीं था।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    करीब एक घंटे 10 मिनट की विजिट में ताजमहल से जुड़ी अपनी हर जिज्ञासा का समाधान उन्होंने गाइड से सवाल पूछकर किया। भ्रमण के दौरान वेंस अपनी बेटी मीराबेल को गोद में उठाए रहे। लौटते समय वह बार-बार मुड़कर स्मारक को निहारते रहे।

    स्वागत में खड़े थे स्कूली बच्चे

    उन्होंने दोबारा ताजमहल देखने आने की इच्छा जताई। उनके आगमन पर वायु सेना स्टेशन से ताज पूर्वी गेट तक शहर को सजाया गया था। इस रूट पर एक दर्जन स्थानों पर स्कूली बच्चे स्वागत में खड़े हुए थे।

    उधर, पहलगाम में आतंकी हमले के बाद अमेरिकी उप राष्ट्रपति जेडी वेंस के आगमन पर खेरिया एयरपोर्ट पर उनके स्वागत में लोक कलाकारों द्वारा प्रस्तावित कार्यक्रम को निरस्त कर दिया गया। पहली बार भारत यात्रा पर आए अमेरिकी उप राष्ट्रपति बुधवार सुबह 9.40 बजे जयपुर से एयरफोर्स टू विमान से वायुसेना स्टेशन आगरा पहुंचे।

    सीएम योगी ने भेंट किया स्वागत

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुके भेंट कर स्वागत किया। उनके साथ एयर कमोडोर एसके गुप्ता भी रहे। उप राष्ट्रपति अपनी पत्नी उषा और तीन बच्चों के साथ द बीस्ट कार में सवार होकर शिल्पग्राम पहुंचे। फूलों से सजाई गई बैटरी कार से वह ताजमहल गए। फोरकोर्ट से ताजमहल नजर आते ही वेंस दंपती उसकी सुंदरता पर मोहित हो उठे। गर्मी को देखते हुए रायल गेट के अंदर ही छांव में खड़े होकर गाइड नितिन सिंह से वेंस दंपती ने ताजमहल का इतिहास जाना।

    वीडियो प्लेटफार्म पर फोटो सेशन के उपरांत वह उद्यान में होते हुए सेंट्रल टैंक पहुंचे। यहां फोटो सेशन के बाद वह मुख्य मकबरे पर गए। यहां सीढ़ियों के पास खड़े होकर हाथ हिलाकर अभिवादन किया। मुख्य मकबरे में उन्होंने ताजमहल की पच्चीकारी, वास्तुकला, कुओं पर आधारित नींव, ताजमहल बनाने वाले मजदूरों, निर्माण सामग्री आदि के बारे में जानकारी की।

    वेंस दंपती बाहर आने के बाद दोबारा मुख्य मकबरे में गए। इस दौरान बच्चे बाहर केयरटेकर के साथ गेट पर खड़े रहे। ताज के पार्श्व में यमुना किनारे की तरफ का भ्रमण उपराष्ट्रपति वेंस की एडवांस टीम द्वारा तय रूट की सूची में शामिल नहीं किया गया था। इसलिए मुख्य मकबरे में स्थित शाहजहां और मुमताज की कब्र देखने के बाद सीधे वापस चल दिए।

    मुख्य मकबरे से रायल गेट की तरफ आते समय वह बार-बार मुड़कर ताजमहल को निहारते रहे। उन्होंने दोबारा परिवार के साथ आने की इच्छा जताई। सुबह 11:38 बजे वेंस ताजमहल से वायु सेना स्टेशन के लिए रवाना हुए। दोपहर 12 बजे स्टेशन परिसर पहुंचे। 12.25 बजे एयरफोर्स टू विमान आगरा से जयपुर के लिए रवाना हुआ।

    अद्भुत है ताजमहल

    ताजमहल की विजिटर बुक में वेंस ने लिखा कि ताजमहल अद्भुत है। यह सच्चे प्यार, मानवीय सरलता और भारत की महान संस्कृति को श्रद्धांजलि का प्रमाण है। धन्यवाद! वेंस ने विजिटर बुक में पूर्व में लिखा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का कमेंट्स भी देखा। ट्रंप फरवरी 2020 में ताजमहल देखने आए थे।

    भारतीय परिधान में नजर आया परिवार

    वेंस का परिवार ताजमहल में भारतीय परिधानों में नजर आया। उषा वेंस ने सूट पहन रखा था। बेटे ईवान और विवेक ने कुर्ता-पायजामा और बेटी मीराबेल ने सूट पहना हुआ था।

    उषा ने ताजमहल की नींव पर जताया आश्चर्य

    जेडी वेंस और उनकी पत्नी उषा वेंस ने गाइड नितिन सिंह से कई सवाल पूछे। गाइड ने बताया कि ताजमहल की नींव 52 कुओं पर आधारित है। इसमें आबनूस व महोगनी की लकड़ी इस्तेमाल की गई है। इन लकड़ियों की विशेषता यह है कि इन्हें जितना पानी मिलता है, उतनी ही मजबूत होती हैं।

    कुओं को इस तरह बनाया गया कि उन्हें यमुना के पानी से भी नमी मिलती रहे। इस जानकारी से उषा वेंस आश्चर्यचकित नजर आईं। इतिहास से स्नातक करने वालीं उषा को यमुना के बारे में भी काफी जानकारी थी। उन्होंने गाइड को अपनी सील भी भेंट कीं।