बसपा 2027 चुनाव की तैयारी में: आगरा में आकाश आनंद करेंगे प्रत्याशियों का एलान! सीटों पर दावेदारों की सूची तैयार
बसपा 2027 विधानसभा चुनाव के लिए आगरा में प्रत्याशियों की घोषणा की तैयारी में है, जिसमें खेरागढ़ के बाद एत्मादपुर ...और पढ़ें

आकाश आनंद।
HighLights
बसपा 2027 विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशी घोषित करने की तैयारी।
एत्मादपुर में आकाश आनंद प्रत्याशी घोषणा के लिए आ सकते हैं।
आगरा की चार विधानसभा सीटों पर नवंबर तक होंगे ऐलान।
जागरण संवाददाता, आगरा। विधानसभा चुनाव 2027 के लिए सबसे पहले बसपा प्रत्याशी घोषित कर रही है। खेरागढ़ के बाद एत्मादपुर विधानसभा के लिए बसपा के प्रत्याशी की घोषणा होने जा रही है। इसके लिए बसपा के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद आ सकते हैं। नवंबर तक चार विधानसभा के प्रत्याशी घोषित करने की तैयारी है।
बसपा द्वारा आयोजित जनसभा में 16 सितंबर को खेरागढ़ विधानसभा के लिए नीरज रावत को प्रत्याशी घोषित किया था, दलितों के गढ़ में विधानसभा चुनाव के लिए बाह्मण कार्ड खेलने के साथ ही जनसभा में बसपा के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद के आने की संभावना थी। मगर, उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया गया था, जनसभा में मंडल प्रभारी शामिल हुए थे।
एत्मादपुर विधानसभा के प्रत्याशी की होनी है घोषणा
बसपा द्वारा एत्मादपुर विधानसभा के लिए प्रत्याशी घोषित किया जाना है, दावेदारों में सर्वेश बघेल प्राथमिकता में हैं। एत्मादपुर में जनसभा आयोजित कर प्रत्याशी की घोषणा की जाएगी। इसके लिए राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद की मांग की गई है। जनसभा में बड़ी संख्या में युवा शामिल होंगे, जिससे युवाओं में बसपा के लिए चुनावी माहौल बन सके। इसके बाद फतेहपुर सीकरी और फतेहाबाद के प्रत्याशी घोषित किए जाएंगे।
फतेहाबाद सीट से बसपा ठाकुर प्रत्याशी घोषित करने जा रही थी लेकिन फतेहाबाद से भाजपा विधायक छोटेलाल वर्मा के निधन के बाद अब निषाद दावेदार को प्राथमिकता दी जा रही है।
फतेहाबाद और फतेहपुर सीकरी के प्रत्याशियों पर जल्द होना है निर्णय
वहीं, फतेहपुर सीकरी सीट से ठाकुर और ब्राह्मण दावेदारों की सूची तैयार की गई है। बसपा ने वर्ष 2007 और 2012 में जिले की नौ विधानसभा सीटों में से छह पर जीत हासिल की थी। 2009 में फतेहपुर सीकरी सीट से बसपा से सीमा उपाध्याय ने चुनाव जीता था। मगर, 2017 और 2022 के चुनावों में बसपा खाता नहीं खोल सकी लेकिन इन दोनों चुनावों में पार्टी के प्रत्याशी दूसरे स्थान पर रहे। ऐसे में दलितों के साथ ही सवर्ण और पिछड़ा वर्ग के सहारे चुनाव जीतने के लिए प्रत्याशी घोषित किए जा रहे हैं। नवंबर तक चार विधानसभा के प्रत्याशी घोषित किए जा सकते हैं।
यह भी पढ़ें- सीएम योगी ने जो प्रोजेक्ट किया था लांच, वहां घर बनाने का सपना पूरा करेगा ADA; ग्रेटर आगरा टाउनशिप की बुकिंग होगी शुरू
यह भी पढ़ें- एटा-कासगंज में सपा की अंदरूनी रार से बिगड़ा संगठन का गणित: एकजुट करने की चुनौती, अखिलेश के सामने भिड़े थे सपाई
इन सीटों पर दावेदारों की सूची तैयार
आगरा उत्तर, आगरा दक्षिण, ग्रामीण, आगरा छावनी और बाह विधानसभा के लिए दावेदारों की सूची तैयार कर ली गई है। इन पांच सीटों पर चार से 10 दावेदार हैं। बसपा के मुख्य मंडल प्रभारी विमल वर्मा ने बताया कि एत्मादपुर सीट पर जल्द प्रत्याशी घोषित किए जाएंगे। राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद की जनसभा की मांग की गई है, उनकी जनसभा के लिए युवाओं में उत्साह है।
