Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Agra: जब मुशर्रफ ने पूछा था, ताजमहल सबसे खूबसूरत कब नजर आता है... बिल क्लिंटन के अंदाज को किया था कॉपी

    By Jagran NewsEdited By: Nirmal Pareek
    Updated: Sun, 05 Feb 2023 06:19 PM (IST)

    Agra ताजमहल के साये में भारत-पाकिस्तान के संबंधों को सुधारने के लिए हुई शिखर वार्ता भले ही परवान नहीं चढ़ सकी हो लेकिन परवेज मुर्शरफ को ताजमहल खूब भाया था। एक घंटे की विजिट में वह अपनी पत्नी के साथ ताजमहल की बेपनाह खूबसूरती पर फिदा नजर आए थे।

    Hero Image
    पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति का आज दुबई में निधन

    जागरण संवाददाता, आगरा: ताजमहल के साये में भारत-पाकिस्तान के संबंधों को सुधारने के लिए हुई शिखर वार्ता भले ही परवान नहीं चढ़ सकी हो, लेकिन परवेज मुर्शरफ को धवल संगमरमरी ताजमहल खूब भाया था। एक घंटे की विजिट में वह अपनी पत्नी शीबा मुशर्रफ के साथ ताजमहल की बेपनाह खूबसूरती पर फिदा नजर आए थे। उनके अंदाज को देखकर लोगों ने यहां तक कहा था कि उन्होंने तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति बिल क्लिंटन को कॉपी करने की कोशिश की है। परवेज मुर्शरफ की विजिट से लगभग एक वर्ष पूर्व बिल क्लिंटन ने अपनी बेटी चेल्सी के साथ ताजमहल का दौरा किया था।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    15 जुलाई, 2001 की शाम चार से पांच बजे तक निहारा था स्मारक

    भारत-पाकिस्तान शिखर वार्ता के बीच 15 जुलाई, 2001 की शाम पाकिस्तान के राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ ने ताजमहल देखा था। पद्मश्री के के मोहम्मद ने उन्हें स्मारक की विजिट कराई थी। के के मोहम्मद ने बताया कि उस दौर में भारत-पाकिस्तान संबंध बहुत खराब थे। शिखर वार्ता के सफल नहीं होने से भारत-पाकिस्तान के संबंध तो नहीं सुधर सके, लेकिन ताजमहल के लिए परवेज मुशर्रफ का दौरा काफी अच्छा रहा था। उन्होंने ताजमहल भ्रमण का पूरा लुत्फ उठाया था और काफी अच्छा महसूस किया था। परवेज मुशर्रफ की पत्नी शीबा ने काफी सवाल पूछे थे।

    पाकिस्तान के तत्कालीन विदेश मंत्री अब्दुल सत्तार ने कहा था कि, उन्होंने पहले भी कई बार ताजमहल देखा है, लेकिन इतनी अच्छी तरह देखने का मौका कभी नहीं मिला। तब उन्होंने मुशर्रफ को ताजमहल पर अरबी भाषा में लिखीं कुरान की आयतों को पढ़कर सुनाया था। मुशर्रफ ने पूछा था कि ताजमहल किसने बनवाया था? उनका आशय शाहजहां से न होकर ताजमहल बनवाने वाले आर्किटेक्ट से था। उन्होंने बताया कि लाहौर के उस्ताद अहमद लाहौरी ने ताजमहल बनवाया था। मुशर्रफ ने यह जानने के बाद ताजमहल से काफी जुड़ाव महसूस किया था। उन्हें ऐसा लगने लगा था कि वह लाहौर के ताजमहल में घूम रहे हैं।

    मुशर्रफ के अंदाज को देख लोगों ने कहा था क्लिंटन को कॉपी किया

    परवेज मुशर्रफ ने इसके साथ ही उनसे पूछा था कि ताजमहल देखने का सबसे अच्छा समय कौन-सा है? इस पर उन्होंने कहा था कि ताजमहल शाम को सूरज ढलते वक्त बहुत खूबसूरत नजर आता है। मुशर्रफ ने शाम चार से पांच बजे तक ताजमहल देखा था। ताजमहल में मुशर्रफ द्वारा बार-बार बालों में हाथ फेरने की वजह से यह बात फैल गई थी कि उन्होंने क्लिंटन को कापी करने की कोशिश की है। उनके लिए तहखाना में स्थित शाहजहां व मुमताज की कब्रें भी खोली गई थीं।

    ताजमहल से हटाई गई थी पाड़

    अधीक्षण पुरातत्वविद् डॉ. राजकुमार पटेल ने बताया कि परवेज मुशर्रफ की विजिट से पूर्व ताजमहल में मुख्य मकबरे पर संरक्षण का काम किया जा रहा था। स्मारक पर पाड़ बंधी हुई थी। उस समय वह ट्रेनिंग के लिए यहां आए थे। मुशर्रफ की विजिट के लिए ताजमहल में बंधी पाड़ खुलवा दी गई थी।

    एक रंग में रंगे गए थे मकान

    मुशर्रफ की विजिट के समय माल रोड, ताजगंज व फतेहाबाद रोड के मकानों को एक रंग में रंगा गया था। माल रोड के भवनों को सफेद रंग और ताजगंज व फतेहाबाद रोड के भवनों पर स्टोन कलर किया गया था। उनकी विजिट के लिए बीएचईएल द्वारा इंदौर में निर्मित की गई वातानुकूलित बैटरी बस लाई गई थी।

    कोहिनूर सुईट में रुके थे

    भारत-पाकिस्तान शिखर वार्ता होटल जेपी पैलेस एंड कंवेंशन सेंटर में हुई थी। परवेज मुशर्रफ होटल अमर विलास के कोहिनूर सुईट में रुके थे। ताजमहल के पूर्वी गेट पर स्थित शिल्पग्राम में लाउंज बनाया गया था।

    comedy show banner
    comedy show banner