Agra Weather Update: आगरा में धुंध ने दी दस्तक, देखकर खिलखिलाए चेहरे, तापमान में अब आएगी गिरावट
Today Agra Weather News Update अक्टूबर के महीने में रिकॉर्ड तोड़ बारिश के बाद बुधवार सुबह लोग जागे तो बाहर धुंध छाई मिली। स्कूल जाने वाले बच्चे भी इसे देखकर आनंदित हो उठे। तापमान में भी गिरावट है। सुबह ठंडक के चलते पंखे भी बंद करने पड़ गए।

आगरा, जागरण संवाददाता। कई सालाें के बाद आगरा में अक्टूबर के महीने तक बारिश जारी रही है। इसी का असर है, समय से पहले ही धुंध ने भी दस्तक दे दी है। बुधवार सुबह लोग जब जागे तो उन्हें बाहर उन्हें गहरी धुंध छाई मिली। दृश्यता बहुत कम यानि लगभग 10 मीटर की रही। हाईवे पर वाहनों की रफ्तार भी हल्की रही। वाहनाें को हैडलाइट जलानी पड़ी। वहीं स्कूली बच्चे भी सीजन का पहला कोहरा देखकर आनंदित हो उठे। तापमान में भी गिरावट दर्ज हो रही है।
न्यूनतम तापमान रहेगा 21 के आसपास
आगरा में बुधवार को सुबह न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहा, ये सामान्य से दो डिग्री कम रहा। वहीं मंगलवार को अधिकतम तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस रहा था, जो सामान्य से छह डिग्री कम था। मंगलवार दोपहर बाद धूप निकलने और नमी बने रहने से ही बुधवार सुबह कोहरे के हालात बने। इधर लगातार न्यूनतम और अधिकतम तापमान के बीच अंतर कम रह जाने के चलते ही ठंडक अहसास हो रहा है। बुधवार सुबह हाल ये रहा, पंखे भी बंद करने पड़ गए। मौसम विभाग के निदेशक डा. जेपी गुप्ता ने बताया कि गुरुवार से मौसम साफ हो जाएगा। आगामी पांच से सात दिनों तक वर्षा के आसार नहीं हैं। तापमान में बढ़ोतरी होने से गर्मी और उमस बढ़ेगी। हालांकि पूर्वी राजस्थान में तेजी से कम वायु दाब क्षेत्र बन रहा है।
करवाचाैथ पर नहीं करना पड़ेगा चांद का इंतजार
अगर आप गुरुवार को करवाचौथ का व्रत रख रही हैं तो आपके लिए राहत की बात है। रात में चांद के लिए आपको लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। करवाचौथ पर बादल रोड़ा नहीं बनेंगे। निर्धारित समय पर चांद दिख जाएगा। वहीं वर्षा बंद होने के बाद कुछ समय के लिए उमस भी परेशान कर सकती है।
आगामी दिनों में यह है तापमान की स्थिति
तारीख, अधिकतम तापमान, न्यूनतम तापमान
- 12 अक्टूबर, 29, 23
- 13 अक्टूबर, 30, 23
- 14 अक्टूबर, 31, 22
- 15 अक्टूबर, 31, 21
- 16 अक्टूबर, 31, 21
- 17 अक्टूबर, 32, 20
(तापमान डिग्री से. में है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।