Taj Mahal Weather: छह दिन बाद पारा एक बार फिर 40 पार, इस दिन तेज हवा के साथ वर्षा के आसार
आगरा में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है जहाँ अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। तेज धूप और उमस ने लोगों को बेहाल कर दिया। मौसम विभाग ने गुरुवार को आंशिक बादल और शुक्रवार को तेज हवा के साथ बारिश की संभावना जताई है जिससे गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। प्रदेश में बांदा और उरई सबसे गर्म शहर रहे।

जागरण संवाददाता, आगरा। शहर में बुधवार को अधिकतम तापमान एक बार फिर 40 पार पहुंच गया। सुबह से तेज धूप निकलने और उमस अधिक रहने से दिनभर लोग बेचैन रहे। मौसम विभाग ने गुरुवार को आंशिक बादल छाए रहने और शुक्रवार को तेज हवा के साथ वर्षा होने का पूर्वानुमान जताया है।
शहर में बुधवार को सुबह से ही तेज धूप निकली। तेज धूप की वजह से गर्मी अधिक रही। इसके बाद बादल घिर आए, जिससे उमस बढ़ गई। दिनभर यही स्थिति रही, कभी आंशिक बादल छाए तो कभी धूप निकली। इसके चलते सुबह से शाम ढलने तक शहरवासी बेचैन रहे। घर के अंदर या बाहर कहीं चैन नहीं मिला।
पंखों की गरम हवा चुभती रही। एयरकंडीशनर और कूलर में ही लोगों को राहत मिल सकी। अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस रहा। सामान्य से अधिकतम तापमान 1.8 डिग्री सेल्सियस कम और न्यूनतम तापमान 1.2 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।
मंगलवार को अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस रहा था। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार गुरुवार को आंशिक बादल रह सकते हैं, जबकि शुक्रवार को तेज हवा के साथ वर्षा या गरज के साथ बौछार पड़ सकती हैं। 31 मई को आंशिक बादल रहेंगे।
प्रदेश में गरम शहरों की स्थिति
क्रम | शहर | अधिकतम तापमान (°C) |
---|---|---|
1 | बांदा व उरई | 42.4 |
2 | बस्ती | 42.0 |
3 | झांसी | 41.7 |
4 | आगरा | 40.6 |
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।