बारिश ने यातायात व्यवस्था की ठप, जलभराव की वजह से घंटों जाम में फंसे रहे लोग
आगरा में बारिश के बाद यातायात व्यवस्था चरमरा गई। यमुना किनारा मार्ग और बेलनगंज में लोग घंटों जाम में फंसे रहे। एमजी रोड पर भी वाहनों की रफ़्तार धीमी रही। कई वाहन ख़राब होने से स्थिति और बिगड़ गई। पुलिस के अनुसार जलभराव और अधिक वाहनों के कारण जाम लगा।

जागरण संवाददाता, आगरा । वर्षा के बाद बुधवार को यमुना किनारा मार्ग व उससे लगे बेलनगंज समेत अन्य बाजारों में यातायात व्यवस्था को ध्वस्त कर दिया। व्यस्त बाजारों में लोग घंटों जाम में फंसे रहे। बेलनगंज और कचहरी घाट में वाहन चालकों को 100 मीटर की दूरी तय करने में 30 मिनट लग गए। एमजी रोड पर जाम के चलते संजय प्लेस से साईं की तकिया तक वाहन रेंगते रहे। वाहनों को 10 मिनट की दूरी तय करने में 80 मिनट तक लगे। हाईवे समेत शहर के अन्य प्रमुख मार्गों पर भी जाम के हालात रहे।
यमुना किनारा मार्ग पर स्ट्रेची ब्रिज के नीचे कई दोपहिया वाहन व एक बस बंद हो गई। वाहनों की लंबी लाइन और जाम लगता देख वाहन चालकों ने बेलनगंज व कचहरी घाट होकर निकलने का प्रयास किया। जिससे यहां पर वाहनों का दबाव दोगुना हो गया। व्यस्त बाजार में भीषण जाम लग गया।
इस दौरान कई दोपहिया वाहन चालको ने गलत दिशा से निकलने का प्रयास किया, जिससे सामने से आने यातायात बाधित हो गया। व्यस्त बाजार में दो घंटे से अधिक जाम की स्थिति रही। वहीं किले से पुरानी मंडी की ओर जाने वाले मार्ग पर दोपहर से रात आठ बजे तक वाहनों की लंबी लाइन से जाम के हालात रहे। पुरानी मंडी चौराहे के पास सीवर लाइन का काम चल रहा है। जिससे वाहनों का दबाव दोगुना हो गया।
फुटपाथ के बराबर में भर गया पानी
इधर, एमजी रोड पर दो लेन में मेट्रो की बैरिकेडिंग से सड़क संकरी हो गई है। वर्षा के बाद एक ओर बैरिकेडिंग और दूसरी तरफ फुटपाथ के बराबर में पानी भर गया। जिससे वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया। वह रेंग कर निकलते रहे।भगवान टाकीज चौराहे से साईं की तकिया तक वाहनोंं की लंबी लाइन लगी रही। वाहन चालक 10 मिनट की दूरी 80 मिनट में तय कर सके।
शहर में लोहामंडी-बोदला मार्ग, राजामंडी से अस्पताल रोड व फव्वारा, रूई की मंडी से भोगीपुरा मार्ग, नामनेर चौराहा, बिजलीघर से सदर भट्टी मार्ग, हींग की मंडी समेत अन्य मार्ग पर भी जाम के हालात रहे। अपर पुलिस उपायुक्त यातायात अमिता सिंह ने बताया कि वर्षा के चलते सड़कों पर जलभराव व वाहनों की संख्या प्रतिदिन की अपेक्षा अधिक होने से जाम लगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।