आगरा एमजी रोड पर ई-रिक्शा और ऑटो बंद... पिंक बस सेवा से महिलाओं को राहत; अन्य रूट पर यात्री परेशान
आगरा में एमजी रोड पर महिलाओं के लिए पिंक बस सेवा शुरू की गई है जिससे उन्हें यात्रा में राहत मिली है। भगवान टाकीज से अवंतीबाई चौराहे तक चलने वाली इस सेवा से महिला यात्रियों को सुरक्षित सफर मिला। हालांकि ईदगाह और कैंट रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को कुछ परेशानी हुई। जाम से निपटने के लिए पुलिस ने ई-रिक्शा पर रोक लगाई है और बसों की संख्या बढ़ाई है।

जागरण संवाददाता, आगरा। इसमें तो खड़े होने की भी जगह नहीं है, तुम बैठने की सीट देख रही हो। धक्का-मुक्की के बीच बस में कैसे चढ़ें। भगवान टाकीज चौराहे पर शुक्रवार दोपहर सवा तीन बजे बस रुकते ही यात्रियों की भीड़ देख परेशान छात्राएं बात कर रही थीं। आठ मिनट बाद ही दूसरी बस रुकी तो यात्री उसकी ओर दौड़ पड़े।
परिचालक ने सिर्फ महिलाएं ही बैठें की आवाज लगाई तो छात्राओं के चेहरे खिल उठे।गेट से पुरुषों की भीड़ हटते ही वह महिलाओं के बीच जगह बनाते हुए बस में चढ़ गईं।
एमजी रोड पर शुक्रवार से शुरू हुई पिंक सेवा से महिलाओं को राहत मिली। वहीं, कुछ ईदगाह, कैंट रेलवे स्टेशन व बिजलीघर समेत कुछ रूट पर जाने वाले यात्रियों को परेशानी हुई। उन्हें दो हिस्सों में अपनी यात्रा करनी पड़ी।
भगवान टॉकीज से अवंतीबाई चौराहे तक चलीं पिंक सेवा
शहर की जीवन रेखा एमजी रोड की दो लेन पर मेट्रो की बैरिकेडिंग और आटो व ई-रिक्शा के चलते जाम की स्थिति पैदा हो गई थी। वाहनों का दबाव कम करने को पुलिस ने 12 सितंबर से एमजी रोड पर ई-रिक्शा बंद कर दिए। आटो पहले से प्रतिबंधित थे। सिटी बसों की संख्या 20 से बढाकर 65 कर दी। भीड़ और धक्का−मुक्की के बीच महिला यात्री सिटी बसों में यात्रा करने में खुद को असहज महसूस कर रही थीं।
ईदगाह, कैंट और बिजलीघर की सवारियों को हुई परेशानी
दैनिक जागरण द्वारा गुरुवार को महिला यात्रियों की समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित किया गया था। जिसके बाद प्रशासन द्वारा एमजी रोड पर शुक्रवार से पिंक सेवा का संचालन शुरू किया गया। सुबह आठ बजे से महिलाओं को हर आधे घंटे पर पिंक सेवा के तहत सिटी बसें उपलब्ध थीं।
वहीं, ईदगाह बस अड्डा, कैंट रेलवे स्टेशन और बिजलीघर जाने वाले यात्रियों को बसों के लिए 30 से 35 मिनट तक प्रतीक्षा करनी पड़ी। इस रूट पर बसों की संख्या काफी थी।
पांच हजार से अधिक वाहनों का चालान
यातायात पुलिस ने तीन दिन में पांच हजार से अधिक वाहनों का चालान किया। बुधवार को 1,981, गुरुवार को 1,836 एवं 1,344 वाहनों का चालान किया। जिसमें ई-रिक्शा, ऑटो समेत 85 वाहनों को सीज करने की कार्रवाई की गई।
अपर पुलिस उपायुक्त यातायात अमिता सिंह ने बताया कि एमजी रोड पर ई-रिक्शा, ऑटो के अलावा बेतरतीब खड़े होने वाले वाहनों के विरुद्ध भी कार्रवाई की जा रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।