ODOP Scheme: अब पूरी दुनिया में छाएगी आगरा के पेठा की मिठास, ओडीओपी में शामिल होने पर व्यापारियों में खुशी
आगरा के ओडीओपी योजना में पेठा और फुटवियर को शामिल करने से उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा। पेठा कारोबारियों को नई तकनीक और मार्केटिंग में मदद मिलेगी जिससे उत्पादन और निर्यात बढ़ेगा। पर्यटकों के बीच पेठा की लोकप्रियता बनी हुई है। उद्यमियों ने सरकार के इस फैसले का स्वागत किया है जिससे छोटे उद्योगों को विशेष लाभ मिलने की उम्मीद है।

जागरण संवाददाता, आगरा। एक जिला एक उत्पाद योजना (ओडीओपी) में चमडा उत्पाद एवं संगमरमर की पच्चीकारी के बाद पेठा और सभी प्रकार के फुटवियर को भी शामिल कर लिया गया है। इससे आगरा के पेठे की और मिठास बढ़ जाएगी। नई तकनीक, प्रशिक्षण और मार्केटिंग में सरकारी मदद मिलने से पेठा उद्योग के नई ऊंचाईयां छूने की उम्मीद जताई जा रही है। इस उपलब्धि के लिए पेठा कारोबारियों ने प्रदेश सरकार के इस फैसले का स्वागत किया है। उत्साह के साथ पेठा कारोबारी व्यवसाय में जुटे हैं।
जिले भर में 150 से ज्यादा पेठा इकाइयां कार्य कर रही हैं, जो कि लगभग 700 टन पेठा 25 तरह की विभिन्न वैरायटी हर दिन तैयार करने का कार्य करती हैं। शहर से निकलकर सभी इकाइयां आसपास में ही शिफ्ट हुई हैं, जो कि स्थानीय स्तर से लेकर देश और दुनियां में निर्यात कर रही हैं। ताजमहल का दीदार करने आने वालों के लिए आगरा का पेठा खरीदना पहली प्राथमिकता में शामिल रहता है।
पर्यटक हों या फिर अन्य लोग मिलावटी मावा की मिठाइयों की अपेक्षा पेठा खाना पसंद करते हैं, इसीलिए पेठा खरीदना प्राथमिकता में शामिल रहता है।
पेठा कारोबार को मिलेगा यह लाभ
ओडीओपी में पेठा उद्योग को शामिल किए जाने से पेठा उद्योग की मार्केटिंग देश और दुनिया में लगने वाले फेयर और प्रदर्शनियों में की जा सकेगी। नई तकनीक अपनाने में भी मदद मिलेगी। इसके साथ ही कारीगरों को टूल किट, निशुल्क प्रशिक्षण के साथ नई वैरायटी बनाने पर जोर दिया जाएगा। परंपरागत तकनीक के बजाय नई तकनीक हासिल करने में सरकार की ओर से मदद मिलेगी। कामन फैसिलिटी सेंटर के निर्माण में भी मदद मिलेगी। आर्थिक तौर पर बैंकों से भी ब्याज दर में भी छूट मिल सकेगी।
हमारा संगठन लंबे समय से इसके लिए प्रयासरत था। यह आगरा के लिए एक बड़ी सफलता है। विस्थापन के दंश के बाद सिसक रहे पेठा उद्योग को इससे कुछ राहत मिलने की उम्मीद जागी है। राजेश अग्रवाल, अध्यक्ष, शहीद भगत सिंह कुटीर पेठा एसोसिएशन
ओडीओपी में पेठा को शामिल हो जाने से निश्चित तौर पर आगरा के उद्यमियों को लाभ मिलेगा। छोटी इकाइयों को बड़ा लाभ मिलेगा। जो देश में मार्केटिंग नहीं कर पा रहे थे, उन्हें मौका मिल सकेगा। सुनील गोयल, पंछी पेठा
चमड़ा उत्पादन के बाद अब सभी प्रकार के फुटवीयर को ओडीओपी में शामिल हो जाने से जूता उद्योग को लाभ मिलेगा। आगरा में जूता का कारोबार बड़े स्तर पर होता है। यह निर्णय हमारे हित में है। पूरन डाबर, जूता उद्यमी
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।