Agra: खाकी फिर से शर्मशार! किशोर ने पुलिस चौकी पर सब्जी पहुंचाने से मना किया; नशे में धुत आरक्षियों ने पीटा
Agra News चौकी पर सब्जी पहुंचाने से किशोर का मना करना पुलिसकर्मियों को अखर गया। आरोप है कि नशे में धुत दो आरक्षी किशोर को चौकी पर लेकर गए। उसे बेरहमी ...और पढ़ें

संवाद सूत्र, अछनेरा (आगरा) : चौकी पर सब्जी पहुंचाने से किशोर का मना करना पुलिसकर्मियों को अखर गया। आरोप है कि नशे में धुत दो आरक्षी किशोर को चौकी पर लेकर गए। उसे बेरहमी से पीटा। दुष्कृत्य करने की धमकी दी। बुधवार को किशोर द्वारा अपने साथ हुई घटना की जानकारी स्वजन को दी गई। इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने कुकथला चौकी को घेर लिया। वह आरक्षियों के निलंबन की मांग कर रहे थे। जांच करा कार्रवाई का आश्वासन देने पर ग्रामीण शांत हुए।
घटना मंगलवार की शाम करीब साढ़े छह बजे की है। कुकथला चौकी पर तैनात दो आरक्षी गांव में सब्जी खरीद रहे थे। इसी बीच आटा चक्की पर गेहूं पिसाने पहुंचे 17 वर्षीय किशोर से सब्जी पुलिस चौकी पहुंचाने को कहा। उसने मना कर दिया। इससे आगबबूला हुए आरक्षी किशोर को चौकी ले गए। करीब डेढ़ घंटे बाद छोड़ा गया। वह भय से कांपता हुआ घर पहुंचा। स्वजन को कुछ भी बताने की स्थिति में नहीं था। इसलिए स्वजन ने उससे कोई पूछताछ नहीं की।
बुधवार की सुबह किशोर ने स्वजन को बताया कि शराब में धुत आरक्षियों ने उसे चौकी पर बुरी तरह से पीटा था। दुष्कृत्य करने की धमकी दी। आक्रोशित ग्रामीणों ने किसान नेता चौधरी दिलीप सिंह के साथ पुलिस चौकी का घेराव कर लिया। दोषी आरक्षियों के निलंबन की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। थानाध्यक्ष द्वारा जांच करा कार्रवाई का आश्वासन देने पर ग्रामीण शांत हुए।
इन्होंने ये कहा...
एसीपी को पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। जांच में पुलिसकर्मियों के दोषी पाए जाने पर उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
- सोनम कुमार, पुलिस उपायुक्त
ये बोली पुलिस
थानाध्यक्ष अछनेरा सुमनेश विकल ने बताया कि कुकथला इलाके में चोरी की घटनाएं हुई थीं। पूर्व में चोरी के मामलों में आरोपित तीन लोगों के बारे में जानकारी करने पुलिस गांव गई थी। एक आरोपित अपने घर पर नहीं मिला। पुलिस उसके भाई को जानकारी करने लेकर आई थी। जिसे 10 मिनट बाद छोड़ दिया था। सब्जी पहुंचाने से मना करने पर मारपीट करने के आरोप गलत हैं।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।