Weather Update: बारिश से साथ बरसी आफत... बिजली गिरने से आगरा में दो और मथुरा में एक की मौत
Weather Update आगरा में मंगलवार शाम हुई बारिश से लोगों को उमस से राहत मिली लेकिन कई इलाकों में जलभराव हो गया। एमजी रोड और बिजलीघर चौराहा पर पानी भरने ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, आगरा। ब्रज में बारिश से साथ आफत बरसी। बिजली गिरने से आगरा में दो और मथुरा में एक की मौत हो गई। मंगलवार शाम को हुई बारिश के साथ बिजली से मंडल में तीन की मौत हो गईं। चित्राहाट के गांव पई में मंगलवार शाम सात बजे आकाशीय बिजली गिरने से 45 वर्ष के हरी सिंह उनकी पत्नी मोती की मृत्यु हो गई। दंपती घर के बाहर मिट्टी भर रहे थे।
इसी दौरान आकाशीय बिजली दोनों पर गिर गई।वहीं आकाशीय बिजली गिरने से अछनेरा में छह एवं फतेहपुर सीकरी में दो पशुओं की मृत्यु हो गई। फतेहपुर सीकरी के सिरौली गांव में देव बाबा मंदिर पर आकाशीय बिजली गिरने से छत टूट गईं।
उधर, मथुरा में कृष्णानगर में छत पर भरे पानी को निकाल रहे बलराम की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई।
नगर निगम के इंतजामों की खुली पोल
आगरा शहर में नगर निगम के इंतजामों की पोल प्री-मानसून ने ही खोलकर रख दी है। मंगलवार शाम करीब एक घंटे से हुई वर्षा ने शहरवासियों को उमस से राहत दी, लेकिन एमजी रोड से लेकर बिजलीघर चौराहा तक हुए जलभराव से शहर जूझता रहा। सड़कों पर भरे पानी में दोपहिया वाहन खराब हो गए, जिन्हें खींचने में लोगों को बहुत परेशानी हुई। मौसम विभाग ने 20 व 21 जून को अच्छी वर्षा का पूर्वानुमान जताया है।
उमस से परेशान थे शहरवासी
शहर में मंगलवार सुबह बादल छाए रहे। उमस अधिक रहने से शहरवासी परेशान रहे। दिनभर यही हाल रहा। दोपहर दाे बजे के बाद मौसम में बदलाव देखने को मिला। काली घटाएं घिर आईं और हवा चलने लगी। बादल गरजने लगे। शहर से लेकर देहात तक शाम चार बजे के करीब वर्षा शुरू हो गई। कहीं तेज हवा के साथ बौछार पड़ीं तो कहीं तेज वर्षा हुई। एक घंट से अधिक समय तक हुई वर्षा से शहरवासियों को उमस से राहत मिली।
मंगलवार शाम हुई वर्षा से उमस से परेशान शहरवासियों को मिली राहत
उधर, फतेहपुर सीकरी के सिरौली में अरावली पर्वत शृंखला में स्थित देव बाबा के मंदिर पर आकाशीय बिजली गिरी। इससे मंदिर का कलश क्षतिग्रस्त हो गया। अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस रहा। सोमवार को अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस रहा। सोमवार की अपेक्षा तापमान अधिक रहा।
प्रदेश में सर्वाधिक बरसे बदरा
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार ताजमहल स्थित केंद्र पर मंगलवार शाम प्रदेश में सर्वाधिक 33.8 एमएम वर्षा रिकॉर्ड की गई। 20.8 एमएम वर्षा के साथ सोनभद्र का चुर्क दूसरे, 10.8 एमएम वर्षा के साथ वाराणसी बीएचयू तीसरे और 10 एमएम वर्षा के साथ बलिया चौथे स्थान पर रहा।
प्रदेश के गर्म शहरों की स्थिति
क्रम, शहर, अधिकतम तापमान
- 1 उरई, बांदा 40.2
- 2 बलिया, 40.0
- 3 झांसी, 39.7
- 4 कानपुर, 38.9
- 5 आगरा, 38.6
मौसम विज्ञानी मो. दानिश के अनुसार बुधवार व गुरुवार को आंशिक बादल छाए रहेंगे। गरज के साथ बौछार पड़ सकती हैं। 20 व 21 जून को बादल छाए रहेंगे और वर्षा हो सकती है। 22 व 23 जून को भी वर्षा के आसार हैं। आगरा में 27 मई को मानसून दस्तक देगा।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।