RBS College Agra में छात्र संगठन आमने- सामने, एक संगठन का साथ दे रहे शिक्षक, ABVP ने लगाया ये आरोप
आरबीएस कॉलेज के चीफ प्रॉक्टर संजीव पाल सिंह पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने लगाया मारपीट का आरोप। कालेज परिसर में जबरदस्ती करना चाहते थे प्रवेश मना करने दिया धरना। प्रोक्टोरियल बोर्ड ने थाना हरीपर्वत में दी तहरीर एनएसयूआइ ने भी किया अभाविप का विरोध।

आगरा, जागरण संवाददाता।राजा बलवंत सिंह कालेज में मंगलवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद(अभाविप) और एनएसयूआइ एक बार फिर से आमने-सामने आ गए। अभाविप कार्यकर्ता जबरदस्ती कालेज परिसर में घुसना चाहते थे। कालेज के प्रोक्टोरियल बोर्ड द्वारा मना करने पर धरना दिया। महिला शिक्षकों के साथ भी धक्का-मुक्की की। जिसके विरोध में एनएसयूआइ भी कालेज पहुंच गई।
मामला मंगलवार दोपहर का है। अभाविप कार्यकर्ता कालेज परिसर में पहुंचे। प्रोक्टोरियल बोर्ड कालेज परिसर में बाहरी तत्वों की निगरानी कर रहे थे। बिना यूनीफार्म के छात्रों को चिन्हित किया गया, उन्हें कालेज परिसर में आने से मना किया। जिस पर वे जबरदस्ती करने लगे। कार्यकर्ताओं का कहना था कि वे कालेज परिसर में जयंती मनाना चाहते हैं और केक काटेंगे। प्रोक्टोरियल बोर्ड के मना करने पर कार्यकर्ताओं ने जबरदस्ती गेट खोल दिया। गेट पर ही धरना पर बैठ गए। नारेबाजी करने लगे। प्रोक्टोरियल बोर्ड के साथ धक्का-मुक्की की। महिला शिक्षकों के साथ अभद्रता की।
अभाविप कार्यकर्ताओं का विरोध करने के लिए एनएसयूआइ कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए।लगभग पांच घंटे तक कालेज प रिसर में घटनाक्रम चलता रहा। चीफ प्रोक्टर प्रो. संजीव पाल सिंह का कहना है कि पिछले कई दिनों से कालेज परिसर में अराजकता का माहौल है। बाहरी तत्व छात्रों के साथ मारपीट कर रहे थे। इसी वजह से प्राचार्य के निर्देशानुसार प्रोक्टोरियल बोर्ड सक्रिय था और बाहरी तत्वों की जांच कर रहा था। इस समय कालेज में प्रवेश भी चल रहे हैं, बाहरी तत्व प्रवेश के नाम पर छात्रों से वसूली करते हैं। प्राचार्य से मुलाकात का समय दोपहर दो बजे के बाद का है। बाहरी तत्वों को कालेज परिसर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
कालेज द्वारा थाना हरीपर्वत में अभाविप के प्रियंका तिवारी, मोहित यादव, कर्मवीर बघेल और राजा सिकरवार के खिलाफ तहरीर दी गई है। एनएसयूआइ से जिला अध्यक्ष सतीश सिकरवारर, प्रदेश सचिव कुलदीप दीक्षित, सोनू ठाकुर, समाजवादी छात्र सभा से मुकुल यादव आदि पहुंचे थे।
आगरा कालेज में भी हुआ था विवाद
पिछले हफ्ते आगरा कालेज में भी एनएसयूआइ और अभाविप के कार्यकर्ता आमने सामने आए थे।आगरा कालेज में एनएसयूआइ कार्यकर्ता ने चीफ प्रोक्टर डा. अमित अग्रवाल पर जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया था।तब भी दोनों छात्र संगठन एक-दूसरे के विरोध में थे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।