Agra MLC Election Results 2022: आगरा में ढाई घंटे में ही विजय शिवहरे की जीत का रास्ता हो गया था साफ, चार की जमानत भी नहीं बची
Agra MLC Election Results 2022 आगरा में भाजपा प्रत्याशी को मिले 3740 में 3471 वोट। सपा प्रत्याशी और निवर्तमान एमएलसी डा. दिलीप सहित चार की जमानत जब्त। 105 वोट अवैध घोषित डीएम ने विजय को दिया प्रमाण पत्र।

आगरा, जागरण संवाददाता। आगरा-फिरोजाबाद स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र-2022 में मंगलवार को भाजपा प्रत्याशी विजय शिवहरे ने धमाकेदार जीत दर्ज की। ढाई घंटे में विजय शिवहरे की जीत का रास्ता साफ हो गया। 3740 में विजय को 3471 वोट मिले। 105 वोट अवैध घोषित हुए। वहीं सपा प्रत्याशी और निवर्तमान एमएलसी डा. दिलीप यादव सहित चार प्रत्याशियों की जमानत जब्त हो गई। विजय शिवहरे को प्रमाण पत्र दिया गया।
फिरेाजाबाद रोड स्थित मंडी समिति में मंगलवार सुबह साढ़े सात स्ट्रांग रूम का ताला खोला गया। सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू हुई। सात टेबल पर वोटों के बंडल बनाए गए। दोनों जिलों में 25 बूथों में 3922 मतदाताओं में 3845 ने मतदान किया। सबसे पहले अवैध मतों की गिनती शुरू हुई। इसमें 105 अवैध और 3740 वैध वोट मिले। यानी जीत के लिए प्रत्याशियों को 1871 वोट प्राप्त करने थे। पहले राउंड की मतगणना में भाजपा प्रत्याशी विजय शिवहरे को 3471, सपा प्रत्याशी दिलीप यादव को 205, निर्दलीय प्रत्याशी आंबेडकरी हसनुराम को 12, प्रवीन कुमार को 30, विमल कुमार को 22 वोट मिले। सुबह साढ़े दस बजे रिटर्निंग अधिकारी और डीएम प्रभु एन सिंह ने विजय शिवहरे को विजेता घोषित किया। उधर, निवर्तमान एमएलसी और सपा प्रत्याशी डा. दिलीप यादव सहित चार प्रत्याशियों की जमानत जब्त हो गई।
निर्विरोध जीते थे डा. दिलीप
वर्ष 2016 में हुए एमएलसी चुनाव में सपा प्रत्याशी डा. दिलीप यादव निर्विरोध एमएलसी चुने गए थे जबकि वर्ष 2010 में बसपा प्रत्याशी डा. स्वदेश कुमार 3300 वोट से जीते थे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।