विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आगरा मेट्रो के पहले कॉरिडोर प्रोजेक्ट ने भरी रफ्तार, दिसंबर तक तैयार हो जाएंगे दो प्रमुख स्टेशन

Published: Fri, 09 Oct 2026 11:28 AM (GMT+05:30)

आगरा मेट्रो के पहले कॉरिडोर के गुरु का ताल और सिकंदरा तिराहा स्टेशन दिसंबर तक बनकर तैयार हो जाएंगे, जिससे 14 किमी लंबा पहला कॉरिडोर पूरा हो जाएगा।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. गुरु का ताल और सिकंदरा तिराहा स्टेशन दिसंबर तक तैयार।

  2. पहला मेट्रो कॉरिडोर 14 किमी लंबा, पूरा होगा।

  3. 350 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे दोनों स्टेशन।

जागरण संवाददाता, आगरा। मेट्रो के पहले कॉरिडोर के गुरु का ताल और सिकंदरा तिराहा स्टेशन दिसंबर तक बनकर तैयार हो जाएंगे। इनके पूरा होने के साथ ही 14 किमी लंबा पहला कॉरिडोर पूरा हो जाएगा। इससे सिकंदरा तिराहा से ताज पूर्वी गेट स्टेशन, फतेहाबाद रोड तक पहुंचने में 28 मिनट लगेंगे। वहीं मेट्रो पुल के तीन पिलरों का निर्माण ढाई माह बाद फिर शुरू हो गया है। पुल का निर्माण मार्च 2027 तक पूरा होना है।

शहर में मेट्रो कॉरिडोर की कुल लंबाई 30 किमी है। पहले कॉरिडोर में 13 स्टेशन हैं। इनमें 10 का काम पूरा हो चुका है, जबकि एक स्टेशन का निर्माण अंतिम चरण में है।

गुरु का ताल और सिकंदरा तिराहा स्टेशन को पूरा करने का लक्ष्य जनवरी 2027 रखा गया है, लेकिन उप्र मेट्रो रेल कारपोरेशन (यूपीएमआरसी) की टीम इन्हें दिसंबर तक तैयार करने में जुटी है।

दोनों स्टेशन 350 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे हैं। यूपीएमआरसी के संयुक्त महाप्रबंधक जनसंपर्क पंचानन मिश्र ने बताया कि दिसंबर में मेट्रो के दो स्टेशन शुरू होंगे। इससे पहले कॉरिडोर का काम पूरा हो जाएगा।

प्रधानमंत्री कार्यालय से शुभारंभ की तिथि का इंतजार

पहले कॉरिडोर के पांच स्टेशन बनकर तैयार हैं। इनमें चार भूमिगत और एक एलिवेटेड स्टेशन है। यूपीएमआरसी ने एक माह पहले इन स्टेशनों के शुभारंभ की तिथि तय करने का प्रस्ताव प्रधानमंत्री कार्यालय भेजा था। अब तक तिथि नहीं मिली है।

यह भी पढ़ें- आगरा मेट्रो: आकार लेने लगा प्रतापपुरा स्टेशन, जिला अस्पताल पहुंचना होगा आसान

व्यापार शक्ति चौक हो मेट्रो स्टेशन का नाम

संपूर्ण उप्र संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल का व्यापारी सम्मेलन मंगलवार को लखनऊ में हुआ। सम्मेलन में आए मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक को प्रदेश महिला महामंत्री निधि अग्रवाल, आगरा मंडल के अध्यक्ष पंकज अग्रवाल, जिलाध्यक्ष मनोज अग्रवाल और चरनजीत थापर ने ज्ञापन सौंपा। उन्होंने एमजी रोड पर किसी एक मेट्रो स्टेशन का नाम व्यापार शक्ति चौक रखे जाने की मांग की। नैना बंसल, प्रीति अग्रवाल, हिमांशु अग्रवाल, उत्कर्ष बंसल, राजीव गुप्ता आदि मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- यमुना पार तक रास्ता होगा साफ, नदी में आगरा मेट्रो के तीन पिलर पर काम हुआ शुरू