Agra Lok Sabha Seat: आगरा में केंद्रीय मंत्री के साथ पार्टी की भी प्रतिष्ठा दांव पर, दोबारा टिकट देने पर हुआ था विरोध
आगरा लोकसभा सीट में 11 और फतेहपुर सीकरी में नौ प्रत्याशी मैदान में। हर विधानसभा क्षेत्र में होंगी 14 टेबल। मुख्य कोषाधिकारी रीता सचान ने बताया कि आगरा लोकसभा सीट में 11 और फतेहपुर सीकरी में नौ प्रत्याशी हैं। सभी प्रत्याशियों को चार जुलाई तक व्यय रजिस्टर जमा कराने के लिए कहा गया है। रजिस्टर न जमा कराने वाले प्रत्याशियों की सूची निर्वाचन आयोग को भेज दी जाएगी।

जागरण संवाददाता, आगरा। परिसीमन के बाद भाजपा का मजबूत किला बनी आगरा सुरक्षित सीट पर लगातार तीन बार से भाजपा के सांसद रहे हैं। इस बार यहां से केंद्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल दूसरी बार मैदान में हैं। पूरी मजबूती से उन्होंने चुनाव लड़ा है। इस बार यहां पार्टी के साथ ही उनकी प्रतिष्ठा का भी सवाल है।
बसपा से पूजा अमरोही और सपा से सुरेश चंद कर्दम मैदान में उतरे। घर-घर जाकर संपर्क किया। पूरी मजबूती से वे भी अपनी जीत के दावे कर रहे हैं।
आगरा सुरक्षित लोकसभा सीट पर वर्ष 2009 में हुए परिसीमन के बाद से यहां भाजपा से प्रो. रामशंकर कठेरिया सांसद बने थे। दूसरी बार वर्ष 2014 में भी उन्हें यहां की जनता ने संसद पहुंचाया। वर्ष 2019 में आगरा सुरक्षित सीट से भाजपा ने प्रो. एसपी सिंह बघेल को मैदान में उतारा। 2.11 लाख मतों से विजयी होकर वे संसद पहुंचे।पार्टी ने उन्हें केंद्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री बनाया।
दूसरी बार भाजपा ने दिया टिकट
दूसरी बार फिर भाजपा ने आगरा से प्रो. एसपी सिंह बघेल को उतारा। शुरुआत में एत्मादपुर विधान सभा क्षेत्र में विरोध के स्वर उठे, लेकिन उन्होंने घर-घर जनसंपर्क कर नाराजगी दूर कर दी। इस बार भी उनका दावा जनता से भरपूर प्यार मिलने का है। उनकी जीत हुई तो यहां से दूसरी बार संसद पहुंचेंगे और पार्टी की चौथी जीत होगी।
बसपा प्रत्याशी पूजा अमरोही पार्टी के वोट बैंक के साथ ही सवर्ण वोट में सेंध लगाने के प्रयास करती रहीं। वे इसमें कितनी सफल हुईं यह तो परिणाम के बाद ही पता चलेगा।
सपा प्रत्याशी सुरेश चंद कर्दम यादव और मुस्लिमों के साथ अन्य जातियों के वोट के सहारे जीत की बात कर रहे हैं।सोमवार को परिणाम आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
दोनों लोकसभा क्षेत्राें में 38.71 लाख मतदाता थे
दोनों लोकसभा क्षेत्रों के 4060 बूथों में 38.71 लाख मतदाता थे। सात मई को हुए मतदान में 21.49 लाख मतदाताओं ने मतदान किया था। 12.05 लाख पुरुष और 9.43 लाख महिला मतदाता शामिल हैं। प्रत्येक मंडी में 125-125 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। परिसर में कंट्रोल रूम बनाया गया है। लोकसभा चुनाव की मतगणना को लेकर सोमवार दिनभर तैयारी चलती रहीं। डीएम भानु चंद्र गोस्वामी ने कहा कि मंडी समितियों की सुरक्षा त्रिस्तरीय है। मतगणना परिसर में पान-मसाला, सिगरेट, बीड़ी, लाइटर, माचिस सहित अन्य पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा। एजेंट और मतदान कर्मचारियों के अलग-अलग रंग के परिचय पत्र बनाए गए हैं। इससे उसी विधानसभा क्षेत्र में प्रवेश मिलेगा।
पांच-पांच पर्चियों का होगा मिलान
ईवीएम के साथ ही प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र की पांच-पांच वीवीपैट मशीन की पर्चियों का मिलान किया जाएगा फिर सभी पर्चियों को एक बाक्स में रख दिया जाएगा। अगर मिलान नहीं हो पाता है तो ऐसी दशा में इसकी जानकारी रिटर्निंग अधिकारी को दी जाएगी।
साईं की तकिया स्थित कंट्रोल रूम में फोन कर शिकायत कराई जा सकती है।
आगरा सुरक्षित लोकसभा सीट
टेलीफोन नंबर-0562-2976494
फतेहपुर सीकरी लोकसभा सीट
-0652-29976495
21.49 लाख मतदाताओं ने सात मई को मतदान किया था।
12.05 लाख पुरुष, 9.43 लाख महिला मतदाता, 14 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं।
11.20 लाख मतदाताओं ने आगरा लोकसभा सीट में मतदान किया था।
6.31 लाख पुरुष, 4.89 लाख महिला मतदाता, 10 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं।
कुल 2125 बूथ हैं।
10.28 लाख मतदतााओं ने फतेहपुर सीकरी सीट में मतदान किया था।
5.74 लाख पुरुष, 4.54 लाख महिला मतदाता और चार थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। कुल 1935 बूथ हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।