Agra Janakpuri Mahotsav: मिथिला महल में दिखेगी राजस्थानी झलक, शिखर पर लहराएगी धर्मध्वजा; छाएगी दीपोत्सव सी रौनक
आगरा में श्रीरामलीला महोत्सव के अंतर्गत कमला नगर में जनकपुरी सजेगी। इस वर्ष मिथिला महल मुख्य आकर्षण होगा जो जोधपुर और जयपुर के महलों की तरह भव्य होगा। आयोजन समिति ने महल के प्रस्तावित स्वरूप का पोस्टर जारी किया है। महोत्सव 14 सितंबर से शुरू होगा जिसमें विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम होंगे। पूरे क्षेत्र में दीपावली जैसा माहौल रहेगा।
जागरण संवाददाता, आगरा। पारंपरिक श्रीरामलीला महोत्सव के अंतर्गत कमला नगर में सजने जा रही जनकपुरी इस वर्ष भव्यतम होगी। महोत्सव की तैयारियां गति पकड़ रही हैं। महोत्सव के मुख्य आकर्षण मिथिला महल के लिए प्रस्तावित स्वरूप का पोस्टर आयोजन समिति ने रविवार को जारी कर दिया।
मिथिला महल राजस्थान के वैभव को दर्शाएगा। इसे जोधपुर के राजसी महल और जयपुर के शिव विलास रिजार्ट की तर्ज पर तैयार किया जा रहा है। महल की भव्यता और भव्य इसका मंच महोत्सव को अद्वितीय बना देगा। कोलकाता के 70 से अधिक कारीगर दिन-रात मेहनत कर इस स्वरूप को साकार करने में जुटे हैं।
पोस्टर किया जारी
कमला नगर स्थित टेंपटेशन रेस्टोरेंट में जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति के मुख्य संरक्षक राज्यसभा सदस्य नवीन जैन, मार्गदर्शक उप्र लघु उद्योग निगम लि के अध्यक्ष राकेश गर्ग, राजा जनक स्वरूप राजेश अग्रवाल, समिति अध्यक्ष मुरारी प्रसाद अग्रवाल, महामंत्री उमेश कंसल, पार्षद प्रदीप अग्रवाल, संयोजक पार्षद पंकज अग्रवाल, कोषाध्यक्ष राम रतन मित्तल, संरक्षक राकेश मंगल, नरेंद्र बंसल, राकेश अग्रवाल आदि ने मिथिला महल के प्रस्तावित स्वरूप का पोस्टर जारी किया।
महल के शिखर पर प्रभु श्रीराम ध्वज पताका लहरा कर सभी को आमंत्रण देगी
आयोजन समिति के अध्यक्ष मुरारी प्रसाद अग्रवाल ने प्रस्तावित महल का स्वरूप जारी करते हुए बताया कि कमला नगर बी ब्लाक स्थित शिवम पार्क में सजने जा रहा मिथिला महल के मंच की चौड़ाई 250 फीट और ऊंचाई 125 फीट रहेगी। महल के शिखर पर प्रभु श्रीराम ध्वज पताका लहरा कर सभी को आमंत्रण देगी। मंच को इस तरह तैयार कराया जा रहा है कि मंच पर जब प्रभु श्रीराम माता सीता स्वरूप व अनुजों संग विराजमान होंगे, तो उनके दर्शन सड़क पर चलते हुए प्रत्येक श्रद्धालुओं को सुगमता से हो सकेंगे। वह दूर से ही स्वरूपों का दर्शन कर आशीर्वाद ले पाएंगे।
घर-घर में दीपावली जैसा माहौल होगा
महोत्सव समिति मुख्य संरक्षक राज्यसभा सदस्य नवीन जैन का कहना था कि जनकपुरी महोत्सव के दौरान पूरी मिथिला नगरी के घर-घर में दीपावली जैसा माहौल होगा। पूरे क्षेत्र के साथ घरों पर आकर्षक विद्युत सजावट की जाएगी। इसके लिए कार्यकर्ता घर-घर जाकर संपर्क करके लोगों को प्रेरित कर रहे हैं। प्रत्येक पार्क, ब्लॉक और मार्ग पर धार्मिक और राष्ट्रीय सरोकारों से ओतप्रोत झांकियां सजाई जाएंगी।
14 से कार्यक्रमों का श्रीगणेश
जनकपुरी महोत्सव समिति अध्यक्ष मुरारी प्रसाद अग्रवाल ने बताया कि जनकपुरी महोत्सव के कार्यक्रमों का श्रीगणेश 14 सितंबर को आमंत्रण यात्रा संग हो जाएगा। 15 सितंबर को राजा जनक स्वरूप राजेश अग्रवाल द्वारा निमंत्रण, 16 सितंबर को माता जानकी की मेहंदी, 17 सितंबर को सीताजी का डोला भ्रमण, 18 को तुलसी सालिगराम विवाह, 19 को मिथिला महल पर प्रभु स्वरूपों द्वारा भक्तों को दर्शन, 20 को माता जानकी की अश्रु पूर्ण नेत्रों से विदाई और 21 सितंबर को समापन पर खाटू श्याम भजन संध्या संग सम्मान समारोह संग होगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।