विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 14, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Yamuna Water Update: मेहताब बाग, एत्माद्दौला व ताज कॉरिडोर पर भरी गाद; यमुना का जलस्तर घटने से ताजमहल को राहत

Published: Sun, 14 Sep 2025 09:02 AM (IST)

यमुना नदी का जलस्तर घटने से आगरा के स्मारकों से पानी दूर हो गया है। एत्माद्दौला मेहताब बाग और ताजमहल ...और पढ़ें

ताजगंज मोक्ष धाम में बाढ़ का पानी उतरने के बाद जमा हुई कीचड़। जागरण
ताजगंज मोक्ष धाम में बाढ़ का पानी उतरने के बाद जमा हुई कीचड़। जागरण

HighLights

  1. यमुना का जलस्तर स्मारकों से हुआ दूर
  2. गाद जमा, सफाई अभियान शुरू
  3. विद्युत शवदाह गृह फिर से शुरू

जागरण संवाददाता, आगरा। जल स्तर में गिरावट आने के साथ ही यमुना स्मारकों से दूर होने लगी है। एत्माद्दौला की कोठरियों, मेहताब बाग, ताज हेरिटेज कॉरिडोर, आगरा किला के माधवगढ़ में भरा पानी निकल चुका है। आगरा किला की खाई में भी पानी धीरे-धीरे कम होता जा रहा है। ताजमहल की दीवार से भी यमुना दूर हो गई है। हालांकि, यमुना के पानी के साथ आई गाद सभी जगह जमा हो गई है।

ताजमहल की उत्तरी दीवार से दूर हुई यमुना

यमुना के जल स्तर में शनिवार को तेजी से गिरावट दर्ज की गई। एत्माद्दौला की यमुना किनारा स्थित 20 कोठरियों में भरा पानी निकल गया। यहां यमुना अभी प्लेटफार्म के ऊपर बह रही है, रविवार को इसके नीचे आने की उम्मीद है। कोठरियों में पानी के साथ पहुंची गाद जमा हो गई है। मेहताब बाग में अष्टकोणीय टैंक और सेंट्रल टैंक अवशेषों पर गाद जमा है। मेहताब बाग में सर्वाधिक गाद पहुंची है, जिससे उसके उद्यान को नुकसान हो सकता है।

ताजमहल के पास से पानी हटा

ताजमहल के पीछे स्थित गार्डन के असमतल होने की वजह से कुछ क्षेत्र से यमुना होकर बह रही है। आगरा किला के सामने स्थित ताज हेरटेज कॉरिडोर से यमुना का पानी निकल गया है। यहां भी गाद जमा है। आगरा किला की खाई में छह फीट से अधिक ऊंचाई तक पानी भर गया था, जो यमुना के जल स्तर में कमी आने के साथ शनिवार को धीरे-धीरे कम होना शुरू हो गया।

151.33 मीटर पर पहुंचा जलस्तर

यमुना नदी का जलस्तर शनिवार रात 151.33 मीटर पर पहुंच गया है। डीएम अरविंद मल्लप्पा बंगारी के आदेश पर नगर निगम और पंचायत राज विभाग की टीम ने सफाई शुरू कर दी है। सभी एसडीएम को नजर रखने के लिए कहा गया है। वहीं स्वास्थ्य विभाग की टीम शिविर लगाकर दवाओं का वितरण कर रही है। एंटी लार्वा का भी छिड़काव कराया जा रहा है।

ताजगंज मोक्षधाम में पहला प्लेटफार्म दिखने लगा है। बाकी दो प्लेटफार्म जलमग्न हैं। यहां पर भी सफाई अभियान चलाया जा रहा है। पानी कम होने पर विद्युत शवदाह गृह को चालू कर दिया गया है।