CM Yogi Agra Visit: सीएम योगी ने यमुना नदी का किया हवाई दौरा, फिर खेरिया एयरपोर्ट पहुंचते ही डीएम से कही ये बात
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अलीगढ़ से लौटते समय आगरा में यमुना नदी का हवाई दौरा किया और बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री का ठीक से वितरण करने और जनहानि रोकने के लिए मुनादी कराने के निर्देश दिए। आगरा में यमुना का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर है जिससे ताजगंज श्मशान घाट और फसलें जलमग्न हो गई हैं।

जागरण संवाददाता, आगरा। अलीगढ़ से आगरा की वापसी के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार दोपहर सवा तीन बजे यमुना नदी का हवाई दौरा किया। बाढ़ की स्थिति की जानकारी ली। खेरिया एयरपोर्ट पर डीएम को दिशा निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने डीएम से कहा कि बाढ़ पीड़ितों को ठीक तरीके से राहत सामग्री का वितरण किया जाए। जनहानि न हो, इसके लिए लगातार मुनादी कराई जाए। सभी बाढ़ चौकियों की भी जानकारी। आगरा में यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है। जलस्तर 495.4 फीट (खतरे का निशान 495 फीट) है।
गोकुल बैराज से डेढ़ लाख क्यूसेक पानी छोड़ने से यमुना नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। ताजगंज श्मशान घाट में आधा दर्जन से अधिक चिता स्थल जलमग्न हो गए हैं। 1200 बीघा फसल डूब चुकी है। अधिकारियों द्वारा लगातार नजर रखी जा रही है।
गुरुवार को अलीगढ़ में कार्यक्रम में भाग लेने के बाद मुख्यमंत्री हेलीकाप्टर से आगरा पहुंचे। मुख्यमंत्री ने यमुना का हवाई दौरा किया। दोपहर सवा तीन बजे खेरिया एयरपोर्ट पहुंचे। यहां पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने स्वागत किया।
इस बीच मुख्यमंत्री ने डीएम से यमुना नदी की बाढ़ की स्थिति की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने पूछा कि कितने गांवों में बाढ़ का असर है। जवाब में अधिकारी ने कहा कि किसी भी गांव में पानी नहीं घुसा है। तहसील सदर, एत्मादपुर, फतेहाबाद और बाह के एसडीएम को सतर्क करते हुए बाढ़ चौकियों को सक्रिय कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने बाढ़ पीड़ितों को ठीक से राहत सामग्री के वितरण पर जोर दिया। मुख्यमंत्री के लखनऊ रवाना होने के बाद डीएम अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने तनौरा, नूरपुर, समोगर गांव के बुर्ज मजरा, सरगन खेड़ा का निरीक्षण किया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।