Agra News: एमजी रोड पर ई-रिक्शा का आवागमन बंद, ऑटो पर पहले से था प्रतिबंध; पुलिस आयुक्त ने लोगों से की ये अपील
आगरा के एमजी रोड पर ई-रिक्शा और ऑटो के चलने पर रोक लगा दी गई है। यह फैसला जाम से निपटने के लिए लिया गया है क्योंकि मेट्रो निर्माण और यमुना में बाढ़ के कारण यातायात प्रभावित हो रहा था। अब एमजी रोड पर सिटी बसें बढ़ाई जाएंगी और वैकल्पिक मार्गों का प्रचार किया जाएगा। पुलिस ने लोगों से दोपहिया वाहन इस्तेमाल करने की अपील की है।

जागरण संवाददाता, आगरा। एमजी रोड पर अब ई-रिक्शा को प्रतिबंधित कर दिया गया है। ऑटो पहले से प्रतिबंधित थे। मेट्रो का निर्माण कार्य पूरा होने तक एमजी रोड पर ऑटो एवं ई-रिक्शा नहीं चलेंगे। शुक्रवार से एमजी रोड पर ई-रिक्शा या ऑटो के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करेगी। वाहन का चालान और सीज करने की कार्रवाई करेगी।
पुलिस आयुक्त दीपक कुमार और डीएम अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने गुरुवार को नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, रोडवेज, टोरेंट समेत अन्य विभागों के साथ बैठक की। जिसके बाद एमजी रोड पर ई-रिक्शा प्रतिबंधित करने का निर्णय किया गया।
मेट्रो की बैरिकेडिंग के चलते एमजी रोड कई जगह संकरी हो गई है। जिसके चलते वह पहले से ही जाम से जूझ रहा था। पांच मिनट का रास्ता अब 35 से 45 मिनट में तय हो रहा है। नदी में आई बाढ़ के चलते यमुना किनारा रोड बंद कर दिया गया। जिससे एमजी रोड पर समेत शहर के अन्य मार्गों पर वाहनों की संख्या दाेगुनी होने से स्थिति और बदतर हो गई थी।
स्थिति से निपटने के लिए डीसीपी सिटी सोनम कुमार, एसीपी यातायात सैयद अरीब अहमद द्वारा चार दिन से एमजी रोड का सर्वे करके उन स्थानों को चिन्हित करने के साथ ही कारणों का पता किया, जिससे जाम लग रहा था।
शहर में 8,500 से अधिक ई-रिक्शा व 14 हजार से अधिक सीएनजी व इलेक्ट्रिक आटो दौड़ रहे हैं। जिसमें बड़ी संख्या एमजी रोड पर संचालित हो रहे थे। सर्वे में एमजी रोड, छीपीटोला स्टेट बैंक तिराहे से जिला अस्पताल मार्ग पर कई खंभे भी वाहनों के आगवामन में अवरोध पैदा करने वाले थे।
ई-रिक्शा व आटो पर प्रतिबंध के बाद एमजी रोड पर सिटी बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी। जिससे कि यात्रियों को किसी तरह की असुविधा नहीं हो।
शहर को जाम से बचाने का निर्णय
- एमजी रोड के समानांतर मथुरा, फिरोजाबाद जाने वाले रास्तों के बारे में यातायात पुलिस द्वारा प्रचार-प्रसार किया जाएगा। जिससे लोग उनका उपयोग कर सकें, इससे एमजी रोड पर अनावश्यक दबाव कम होगा।
- एमजी रोड तथा उसके आस-पास पार्किंग की सुविधा को बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
- एमजी रोड व उसके आस-पास स्थित स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के अभिभावकों से अपील की जाएगी कि स्थिति सामान्य होने तक वह छुट्टी के बाद बच्चों को ले जाने के लिए कार के स्थान पर दोपहिया वाहन का प्रयोग करें।
- मेट्रो निर्माण के लिए निर्माण सामग्री को लाने और ले जाने का कार्य व्यस्त समय से पूर्व या बाद में किया जाए। मेट्रो जहां बैरिकेडिंग की जरूरत है वहां इसे रखें। जहां जरूरी नहीं है, वहां तत्काल हटा दें। मेट्रो अतिरिक्त मार्शल तैनात करे।
- एमजी रोड के वैकल्पिक मागों पर यातायात पुलिस द्वारा बीच में बैरियर व डिवाइडर लगाया गया है।
- व्यापार मंडल व आम लोगों के साथ बातचीत कर तय किया जाएगा कि एमजी रोड पर भीड़ के समय किन मार्गों को वन वे किया जाए।
- मेट्रो अपने वाहन (डंपर, लोडर, हाइड्रा, ट्रैक्टर आदि) चलते यातायात के दौरान सड़क के बीच में खड़ा नहीं करें।
- व्यस्त समय में नगर निगम की कूड़ा उठाने वाली गाड़ियां नहीं चलेंगी।
पुलिस आयुक्त की लाेगों से अपील
- यातायात की वर्तमान स्थिति को देखते हुए यदि संभव है तो शहर में एमजी रोड व संकरे रास्तों पर बड़े वाहन के स्थान पर दोपहिया वाहन का प्रयोग करें।
- यातायात पुलिस के आधिकारिक ट्विटर हैंडल व फेसबुक पेज पर लगातार यातायात संचालन से संबंधित अपडेट साझा किए जा रहे हैं। लोग शहर में कहीं भी आने-जाने से पूर्व यातायात अपडेट को देखकर निकलें। जिससे कि अनावश्यक असुविधा से बचा जा सके।
- शहर के 10 चौराहे बसई मंडी, ताज व्यू, फूल सैय्यद, क्लब चौराहा, साईं की तकिया, छीपीटोला स्टेट बैंक तिराहा, कलेक्ट्रेट, सुभाष पार्क, पुरानी मंडी एवं जीवनी मंडी को नो पार्किंग जोन घोषित किया गया है।
- चौराहों से 50 मीटर के दायरे में यदि कोई वाहन अवैध तरीके से खड़ा है, जिससे यातायात प्रभावित हो रहा है तो उसका फोटो क्लिक कर आगरा पुलिस के एक्स हैंडल या फेसबुक पेज पर भेज सकते हैं। पुलिस ऐसे पोस्ट पर कार्रवाई करेगी।
चौराहे व्यवस्थित करने से एमजी रोड पर राहत
आगरा में भगवान टाकीज चौराहे से प्रतापपुरा तक चौराहों को व्यवस्थित करने का काम यातयात पुलिस द्वारा गुरुवार को भी जारी रही। लगातार दो दिन से जारी अभिायन का एमजी रोड पर प्रभाव दिखाई देने लगा है।
भगवान टाकीज से दीवानी जाने वाले मार्ग समेत एमजी रोड पर सड़क किनारे वाहनों को नहीं खड़ा होने दिया गया। जिससे जाम के हालात नहीं रहे।
सिकंदरा हाईवे पर लगा जाम
गुरुद्वारा गुरु का ताल पर गुरुवार सुबह नगर कीर्तन निकाला गया। इस दौरान कुछ देर के लिए सिकंदरा हाईवे पर गुरु का ताल से ट्रासंपोर्ट नगर फ्लाई ओवर तक जाम लग गया। हाईवे और सर्विस रोड पर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। जिससे करीब आधा घंटे तक वाहनों का आवागमन थमा रहा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।