विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

त्योहारी सीजन में मिलावट का खेल: आगरा में 940 किलो पनीर-मावा जब्त, ऐसे करें असली-नकली की पहचान

Published: Sun, 01 Nov 2026 11:59 PM (IST)

आगरा में त्योहारों से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 940 किलोग्राम मिलावटी पनीर और मावा जब्त किया।

मिलावटी पनीर और मावा जिसे एफएसडीए द्वारा नष्ट कराया गया। सौजन्य एफएसडीए

मिलावटी पनीर और मावा जिसे एफएसडीए द्वारा नष्ट कराया गया। सौजन्य एफएसडीए

HighLights

  1. आगरा में 940 किग्रा मिलावटी पनीर-मावा जब्त किया गया।

  2. धौलपुर-राजाखेड़ा से आ रहा था मिलावटी खाद्य पदार्थ।

  3. त्योहारी मांग बढ़ने पर मिलावटखोर सक्रिय हुए।

जागरण संवाददाता, आगरा। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की टीम ने सोमवार सुबह नामनेर चौराहा के पास से 400 किग्रा पनीर और शमसाबाद रोड से 540 किग्रा मावा जब्त किया। दो नमूने लेने के बाद दोनों को नष्ट करा दिया गया। धौलपुर और राजाखेड़ा राजस्थान में तैयार हुए पनीर और मावा की आपूर्ति 70 से 80 दुकानों में होनी थी।

राजस्थान स्थित धौलपुर और राजाखेड़ा मिलावटी पनीर और मावा का गढ़ बन गए हैं। इन दोनों क्षेत्रों में दो दर्जन से अधिक प्रतिष्ठान हैं जहां हर दिन 15 से 17 कुंतल पनीर और 16 से 18 कुंतल मावा तैयार किया जाता है। 80 प्रतिशत मिलावटी पनीर और मावा की आपूर्ति आगरा सहित आसपास के क्षेत्रों में होती है।

पनीर और मावा की बढ़ी मांग

दीपावली से ठीक पूर्व पनीर और मावा की 25 से 35 प्रतिशत मांग बढ़ गई है। इसका फायदा मिलावटखोर उठा रहे हैं। एफएसडीए टीम ने सोमवार सुबह साढ़े आठ बजे एक साथ दो जगहों पर जांच अभियान चलाया। नामनेर चौराहा के पास राजस्थान के नंबर की एक गाड़ी को रुकया गया। गाड़ी की जांच की गई तो उसमें पनीर रखा हुआ था। ड्रमों में रखे पनीर में मक्खियां और मच्छर मरे हुए पड़े थे।

धौलपुर निवासी वाहन चालक योगेश कुमार ने बताया कि पनीर की आपूर्ति शहर की 50 से अधिक दुकानों में करनी थी। मिलावटी पनीर को धौलपुर के राजीव सिंह द्वारा तैयार किया जा रहा था। छह ड्रमों में 400 किग्रा मिलावटी पनीर मिला। पनीर जब्त कर लिया गया। दूसरी कार्रवाई शमसाबाद रोड स्थित जीआर अस्पताल के पास हुई। सफेर रंग की बोलेरे पिकअप गाड़ी को रुकवाया गया।

जांच में 540 किग्रा मिलावटी मावा जब्त किया गया। दो नमूने लिए गए। मावा से दुर्गंध आ रही थी। मावा की आपूर्ति धौलपुर के खाद्य कारोबारी राजन सिंह और गौरी शंकर द्वारा 30 डेरी में की जा रही थी। 32 डलिया में मावा रखा हुआ था। वहीं आधा दर्जन टीम ने विशेष जांच अभियान चलाया।

फतेहपुर सीकरी स्थित मैसर्स गोविंद प्रसाद एंड ब्रदर्स प्रतिष्ठान से बेसन, पिनाहट थाने के सामने स्थित अतुल की दुकान मावा, लज्जाराम गुजिया वाले की दुकान से छेना का एक-एक नमूना लिया गया। सहायक खाद्य आयुक्त महेंद्र प्रताप ने बताया कि 2.55 लाख रुपये का 940 किग्रा पनीर और मावा जब्त किया गया है। दोनों को नष्ट करा दिया गया है। जांच अभियान में आठ नमूने लिए गए हैं।

500 कुंतल से अधिक जब्त किया गया मावा

एफएसडीए टीम ने इस वित्तीय साल में 500 कुंतल से अधिक मिलावटी मावा जब्त किया गया है। सबसे अधिक मिलावटी मावा 26 अगस्त को फतेहाबाद में 145 किग्रा जब्त हुआ। इसी तरह से 700 कुंतल से अधिक मिलावटी पनीर जब्त किया गया है। सबसे अधिक पनीर शमसाबाद रोड और ताजगंज क्षेत्र से पकड़ा गया है।

यह है पनीर की पहचान का तरीका

  • आधा गिलास पानी में दो टुकड़े पनीर के डाल दें। तीन से पांच मिनट तक पानी को उबालें फिर दो से तीन बूंद आयोडीन टिंचर की डाल दें। अगर पनीर का रंग नीला या फिर नीला काला हो जाता है तो स्टार्च की मिलावट की गई है।
  • शुद्ध पनीर का रंग देखकर पहचान की जा सकती है। बहुत अधिक पीला या फिर असामान्य चिकनाहट होने पर मिलावटी पनीर हो सकता है।
  • पनीर का एक टुकड़ा हाथ में लें। उसे अच्छी तरीके से मसल दें। असली पनीर नरम होगा और जल्द बिखर जाएगा। मिलावटी पनीर रबड़ की तरह खिंचेगा और कड़ा लगेगा।
  • पनीर के दो टुकड़े लें और पांच मिनट पानी में उबालें। पिसी अरहर या फिर सोयाबीन पाउडर डाल दें। अगर पनीर का रंग लाल हो जाता है तो उसमें मिलावट की गई है।

मावा की पहचान का तरीका

  • मावा का एक टुकड़ा हाथ में लें। इसे अपनी हथेली में रगड़ें। अगर चिकनाहट छूटती है या फिरदूध की महक आती है तो मावा असली है।
  • असली मावा मुंह में डालते ही घुल जाता है। स्वाद दूध जैसा होता है।
  • मावा का एक टुकड़ा लें और आधा गिलास पानी में उबालें। उसमें तीन से चार बूंद आायोडीन टिंचर की डाल दें। मावा का रंग नीला या फिर काला पड़ जाता है तो इसमें मिलावट कीगई है।

यह है शिकायती नंबर- 1800112100

यह भी पढ़ें- दीपावली से पहले खाद्य पदार्थों को लेकर बड़ा अलर्ट! कहीं तेल जब्त तो कहीं मिलावटी मिठाइयों का खतरा, 3 जिलों में छापेमारी

यह भी पढ़ें- हाथरस में मिठाई की दुकानों पर खाद्य सुरक्षा विभाग का छापा, पड़ोसी जिलों से मिलावटखोरी बढ़ने की आशंका

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।