यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 14, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
यूपी के इस जिले में तो बिजली की टेंशन हो जाएगी खत्म! बनेंगे 16 नए बिजलीघर, लगेंगे 100 से अधिक पावर ट्रांसफॉर्मर
आगरा में बिजली आपूर्ति को बेहतर बनाने के लिए दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (डीवीवीएनएल) ने कमर कस ली है। ...और पढ़ें

HighLights
- 16 नए बिजलीघर बनाए जाएंगे |
- 103 पावर ट्रांसफार्मर लगेंगे |
- 100 करोड़ रुपये के कार्य स्वीकृत |
जागरण संवाददाता, आगरा। अधिक लोड के कारण आए दिन ट्रांसफार्मर फुंकने, लाइनें टूटने और उपकेंद्र के पावर ट्रांसफार्मरों के फ्यूज उड़ने आदि की शिकायतें आम हो गई थीं। जिसको लेकर अब दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (डीवीवीएनएल) का ढ़ाचा मजबूत किया जा रहा है।
लोड कम किए जाने के उद्देश्य से 16 नए बिजलीघर बनाए जाएंगे। इसके साथ ही 103 पावर ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे। बिजनेस प्लान 2025-26 के अंतर्गत 100 करोड़ रुपये से अधिक के कार्य स्वीकृत हुए हैं। अगले साल आने वाली गर्मियों में इन कार्यों का लाभ मिल सकेगा।
पिछले पांच साल में बिजली की खपत 15 से 20 प्रतिशत बढ़ी है, लेकिन संसाधन उतने विकसित नहीं हो सके हैं। इसे ध्यान में रखते हुए प्रबंध निदेशक नितीश कुमार ने डीवीवीएनएल के ढांचे को मजबूत किए जाने के लिए बिजनेस प्लान बनाया। जिसमें 16 नए बिजलीघर बनाए जाने और 103 पांच से लेकर 10 एमवीए के पावर ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे। इसके साथ ही 11 व 33 केवीए लाइनों के सुदृढ़ीकरण और नई लाइनों निर्माण कार्य होगा।
इसके अलावा 1,401 उपकेद्रों की सुरक्षा से संबंधित कार्य स्वीकृत हुए हैं। 15 सितंबर से 14 अक्टूबर तक चलने वाले अनुरक्षण माह के लिए कार्यों को चिह्नित कर जरूरत के हिसाब से सामग्री लेकर कार्य कराए जाएंगे। वर्षा और गर्मी के मौसम में बिजली यंत्रों में आईं कमियों का अनुरक्षण माह में पूरा कर लिया जाएगा।
बिजनेस प्लान में क्षमतावृद्धि के लिए 100 करोड़ रुपये से अधिक के कार्य स्वीकृत हुए हैं। बिजली लाइनों का सुदृढ़ीकरण कराया जाएगा। जिससे लोड कम हो सके। - नितीश कुमार, प्रबंध निदेशक, डीवीवीएनएल
