आगरा में मिलावटी पनीर का जखीरा जब्त, धौलपुर का सप्लायर गिरफ्तार; इस तरह करें असली की पहचान
आगरा में खाद्य सुरक्षा विभाग ने कैंट चौराहे पर एक गाड़ी से आठ कुंतल मिलावटी पनीर जब्त किया। यह पनीर धौलपुर के कारोबारी रविंद्र सिंह द्वारा दर्जनभर डेयरियों में सप्लाई किया जा रहा था। पनीर में मच्छर और मक्खियाँ मिलीं और यह खाने योग्य नहीं था। कारोबारी के पास खाद्य लाइसेंस भी नहीं था। पनीर को नष्ट कर दिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

जागरण संवाददाता, आगरा। त्योहार शुरू होने से ठीक पहले शहर में मिलावटी पनीर की आपूर्ति बढ़ गई है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की टीम ने मंगलवार सुबह चार बजे आगरा कैंट चौराहा से एक गाड़ी को पकड़ा। गाड़ी में पांच ड्रमों में आठ कुंतल मिलावटी पनीर बरामद किया। ड्रमों में मच्छरों से लेकर मक्खियां तक मृत मिले।
पनीर से बदबू आ रही थी। किसी भी रूप में खाने योग्य नहीं था। मिलावटी पनीर की आपूर्ति धौलपुर, राजस्थान के कारोबारी रविंद्र सिंह द्वारा शहर की दर्जनभर से अधिक डेयरियों में की जा रही थी। जांच में खाद्य लाइसेंस नहीं मिला। दो नमूने लेने के बाद टीम ने पनीर को नष्ट करा दिया। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
धौलपुर के रविंद्र सिंह द्वारा दर्जनभर से अधिक डेयरियों में की जा रही थी आपूर्ति
शहर में धौलपुर से हर दिन 20 कुंतल से अधिक मिलावटी पनीर की आपूर्ति की जा रही है। इसकी सबसे अधिक बिक्री डेयरियों से होती है। इसकी शिकायत डीएम अरविंद मल्लप्पा बंगारी से की गई। सोमवार रात एक बजे से एफएसडीए टीम सक्रिय हो गई। आगरा कैंट चौराहा के पास टीम ने जांच शुरू कर दी। मंगलवार सुबह चार बजे एक गाड़ी को पकड़ा। जांच में गाड़ी में पांच ड्रम रखे हुए थे। इसमें आठ कुंतल मिलावटी पनीर था।
कैंट चौराहा के पास पकड़ी गई गाड़ी
ड्रमों में भरे पानी में बड़ी संख्या में जीवित और मृत मच्छर-मक्खियां मिलीं। पनीर से बदबू आ रही थी। वाहन चालक के अलावा गाड़ी में खाद्य कारोबारी रविंद्र सिंह भी सवार थे। धौलपुर के रविंद्र ने बताया कि रीको औद्योगिक क्षेत्र धौलपुर में पनीर प्लांट लगा हुआ है। हर दिन कई कुंतल पनीर की आपूर्ति आगरा की विभिन्न डेयरियों में की जाती है। पनीर विक्रय और परिवहन का लाइसेंस नहीं है। उप्र का खाद्य लाइसेंस है।
सहायक आयुक्त खाद्य महेंद्र प्रताप श्रीवास्तव ने बताया कि आठ कुंतल मिलावटी पनीर की कीमत 1.76 लाख रुपये है। दो नमूने लेने के बाद पनीर को नष्ट करा दिया गया।
यह है पनीर की पहचान का तरीका
- असली पनीर में हल्की दूध की खुशबू आती है। अगर पनीर में तीखी या फिर रसायनिक गंध आ रही है तो इसमें मिलावट हो सकती है।
- असली पनीर खाने में मुलायम और हल्का मीठा होता है। मिलावटी पनीर कड़वा और रबर जैसा होता है।
- गर्म करने पर असली पनीर समान रूप से नरम होता है। मिलावटी पनीर गर्म करने पर झाग छोड़ता है।
- कुछ मात्रा में पनीर लें। उसमें आयोडीन की कुछ बूंदें डाल दें। अगर पनीर का रंग नीला या काला हो जाता है तो इसमें स्टार्च की मिलावट की गई है।
21 कुंतल पनीर किया जब्त
इस माह एफएसडीए टीम 21 कुंतल मिलावटी पनीर जब्त कर चुकी है। इसमें 18 कुंतल की आपूर्ति धौलपुर से आगरा की डेयरियों में की जा रही थी। इसके बाद मुरैना, मध्य प्रदेश से हो रही है। अभी तक टीम सभी डेयरियों का पता नहीं लगा सकी है। वहीं इस वित्तीय साल में पनीर के 25 नमूने लिए गए हैं। इसमें तीन नमूने असुरक्षित मिले हैं। एसीजेएम प्रथम कोर्ट में वाद दायर किया जा रहा है।
पनीर को उबालकर ठंड कर लें। उसमें अरहर दाल का पाउडर मिलाएं। अगर पनीर का रंग लाल हो जाता है तो उसमें मिलावट की गई है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।