Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    त्योहार से पहले आगरा में मिलावट का कारोबार तेज... एफएसडीए ने पकड़ा खराब पनीर, आ रही थी बदबू

    Updated: Sun, 03 Aug 2025 12:56 PM (IST)

    आगरा में खाद्य सुरक्षा टीम ने बोदला चौराहे पर 105 किग्रा खराब पनीर जब्त किया। यह पनीर वंशिका डेयरी से लाया गया था और इसमें दुर्गंध आ रही थी। टीम ने नमूने लेकर पनीर को नष्ट कर दिया। मिलावटी पनीर खाने से पेट संबंधी समस्याएँ और गंभीर मामलों में आंत का कैंसर भी हो सकता है।

    Hero Image
    प्रस्तुतीकरण के लिए सांकेतिक तस्वीर का प्रयोग किया गया है।

    जागरण संवाददाता, आगरा। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की टीम ने शनिवार दोपहर बोदला चौराहा के पास विशेष जांच अभियान चलाया। टीम ने एक गाड़ी की जांच की। दो ड्रमों में 105 किग्रा खराब पनीर मिला। पनीर से दुर्गंध रही थी। किसी भी रूप में यह खाने योग्य नहीं था। इसकी आपूर्ति वंशिका डेयरी लड़ामदा से विभिन्न डेयरी केलिए हुई थी। टीम ने दो नमूने लेने के बाद पनीर को सिकंदरा क्षेत्र में नष्ट करा दिया गया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    आगरा में धौलपुर राजस्थान और मुरैना मध्य प्रदेश से हर दिन बड़ी मात्रा में मिलावटी पनीर की आपूर्ति होती है। डेढ़ माह में 18 कुंतल पनीर जब्त किया जा चुका है। आधा दर्जन नमूनों की रिपोर्ट आना बाकी है। शनिवार दोपहर एक बजे टीम बोदला चौराहा पर जांच अभियान चला रही थी। इस बीच लड़ामदा की तरफ से एक गाड़ी आती दिखी।

    बोदला चौराहा से पकड़ी गई गाड़ी, दो ड्रमों में रखे पनीर से आ रही थी दुर्गंध

    टीम ने गाड़ी को रुकवाया और जांच की तो उसमें दो ड्रम रखे हुए थे। दोनों ड्रम में 105 किग्रा खराब पनीर मिला। पानी में मक्खियां और मच्छर मरे हुए थे। पनीर से दुर्गंध आ रही थी। टीम ने दो नमूने लेने के बाद खराब पनीर को सिकंदरा क्षेत्र में नष्ट करा दिया।

    दो नमूने लेने के बाद कराया नष्ट, वंशिका डेयरी लड़ामदा से हुई थी आपूर्ति

    मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश गुप्ता ने बताया कि खराब पनीर की आपूर्ति वंशिका डेयरी, लड़ामदा से हुई थी। इसे शहर के कई डेयरियां में भेजा जा रहा था। जल्द ही इन डेयरियों पर कार्रवाई की जाएगी। वहीं टीम ने बोदला चौराहा स्थित अग्रसेन डेयरी और राजपूत डेयरी से तीन नमूने लिए गए। पांच नमूनों को जांच के लिए भेजा गया है। उन्होंने बताया कि पनीर किसी भी रूप में खाने योग्य नहीं था।

    अधोमानक निकले हैं नमूने 

    चार माह में 25 मिलावटी और खराब पनीर के नमूने लिए गए हैं। इसमें अब तक 10 नमूनों की रिपोर्ट आ गई है। 70 प्रतिशत नमूने अधोमानक मिले हैं। फैट की मात्रा मानक से कम मिली है।

    पनीर की पहचान का तरीका

    • पनीर की पहचान आसान है। कुछ मात्रा में पनीर लें। उसे सूंघें, अगर हल्की दूधिया खुशबू आती है तो पनीर असली है। नकली या मिलावटी पनीर में अजीब सी गंध आती है।
    • कुछ मात्रा में पनीर लें। उसे अरहर की दालके पानी में डाल दें। यदि पानी का रंग पीला या लाल हो जाता है तो उसमें मिलावट की गई है।
    • कुछ मात्रा में पनीर लें। उसे गर्म तवे पर रख दें। मिलावटी पनीर पिघलने लगेगा। असली पनीर हल्का सुनहरा होने लगेगा।

    खराब हो सकता है पेट

    वरिष्ठ फिजीशियन डॉक्टर प्रभात अग्रवाल का कहना है कि मिलावटी पनीर खाने से पेट दर्द, दस्त सहित पेट संबंधी समस्याएं हो सकती हैं। लंबे समय तक अधिक मात्रा में मिलावटी पनीर खाने पर आंत का कैंसर हो सकता है।

    ये भी पढ़ेंः

    ये भी पढ़ेंः