Back Image

Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    Ghaziabad Crime: मोदीनगर में घर के बाहर खड़ी महिला से चेन लूट, सीमा विवाद में उलझी पुलिस

    Updated: Mon, 02 Jun 2025 09:17 AM (IST)

    रविवार को गाजियाबाद के निवाड़ी रोड पर एक महिला से चेन लूट की घटना हुई। निवाड़ी और मोदीनगर पुलिस सीमा विवाद में उलझी रही। सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध दिखा है। हाल ही में पुलिस ने कुछ लुटेरों को पकड़ा था फिर भी लूट हो गई। डेढ़ महीने में महिलाओं के साथ लूट की यह चौथी घटना है।

    Hero Image
    लूट की घटना के बारे में जानकारी देती पीड़िता। जागरण

    जागरण संवाददाता,मोदीनगर। निवाड़ी रोड स्थित कान्हा एन्क्लेव कॉलोनी में रविवार शाम घर के बाहर खड़ी महिला से सरेराह बाइक सवार बदमाश ने चेन लूट ली। घटना के बाद निवाड़ी व मोदीनगर पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई के बजाए घटना को एक दूसरे पर टालने लगी।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    यह सिलसिला रात तक चलता रहा। खबर लिखे जाने तक घटना का थाना क्षेत्र पुलिस साफ नहीं कर सकी। फिलहाल महिला ने मोदीनगर की निवाड़ी रोड चौकी पर तहरीर दी है। मोदीनगर में डेढ़ महीने के भीतर महिला से लूट की यह चौथी घटना है।

    महिला की गोद में था नाती

    निवाड़ी रोड पर कान्हा एन्क्लेव कॉलोनी है। यहां लता देवी अपनी बेटी के साथ रहती हैं। रविवार शाम करीब पांच बजे वे घर के बाहर खड़ी थी। उनकी गोद में नाती था। इसी बीच नकाबपोश एक बदमाश बाइक पर आया और लता के गले से सोने की चेन लूट ली। इसके बाद महिला को धक्का देकर फरार हो गया। महिला अनियंत्रित हो गई। किसी तरह उन्होंने खुद को संभाला।

    गनीमत रही कि नाती नहीं गिरा। महिला की चींख सुनकर बेटी बाहर आई। डायल 112 की सूचना पर पुलिस में भी अफरातफरी मच गई। आनन फानन में मोदीनगर व निवाड़ी एसएचओ टीम के साथ मौके पर पहुंचे। एसीपी मोदीनगर ज्ञान प्रकाश राय भी घटनास्थल पर पहुंचे। दोनों थाने की पुलिस यहां सीमा विवाद में उलझ गई। दोनों एक दूसरे पर घटना को टालने लगी।

    निवाड़ी रोड पर लगे मोदीनगर थाने की सीमा क्षेत्र के बोर्ड से दूर ये घटना कहकर मोदीनगर पुलिस मामले को टरकाने लगी तो निवाड़ी पुलिस घटनास्थल को बेगमाबाद का हल्का बताकर टरकाने लगी। काफी देर तक गहमागहमी चलती रही। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली। जिसमें एक आरोपित बाइक पर आता दिखा। उसने कपड़े से चेहरा लपेटा हुआ है।

    शुक्रवार में हुई थी मुठभेड़ रविवार को लूट कर गया बदमाश

    पुलिस बदमाशों में अपना खौफ बैठाने में विफल साबित हो रही है। इसका अंदाजा इसी से चल रहा है कि निवाड़ी व भोजपुर में शुक्रवार को ही चार लुटेरे मुठभेड़ में पुलिस ने पकड़े। इन चारों ने भी लूट की थी। चारों के पैर में गोली लगी थी। इसके बावजूद बदमाश एक दिन बाद ही बेखौफ तरीके से घटना कर गया।

    बदमाशों के निशाने पर केवल महिलाएं

    मोदीनगर में बदमाशों के निशाने पर केवल महिलाएं हैं। डेढ़ महीने में मोदीनगर में हुई लूट की चार घटनाएं महिलाओं के साथ ही हुई हैं। बाइक सवार बदमाश आकर पलभर में चेन लूटकर फरार हो जाते हैं।

    महिला की तरफ से मिली शिकायत पर केस दर्ज किया जा रहा है। पुलिस आरोपित की तलाश में जुटी है। जल्द घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।  - ज्ञान प्रकाश राय, एसीपी मोदीनगर