WTA Finals 2026: खिताबी मुकाबले में भिड़ेंगी मीरा और एलिना, दांव पर होंगे 94 करोड़ रूपये
डब्ल्यूटीए फाइनल्स के खिताबी मुकाबले में मीरा आंद्रीवा और एलिन स्वितोलिना एक-दूसरे से भिड़ेंगी। इस दौरान दांव पर 94 करोड़ रूपये होंगे।

मीरा-एलिना के बीच खिताबी मुकाबला

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
एपी, इंडियन वेल्स। डब्ल्यूटीए फाइनल्स के खिताबी मुकाबले में युवा खिलाड़ी मीरा आंद्रीवा का सामना अनुभवी एलिना स्वितोलिना से होगा। आंद्रीवा पहली बार इस टूर्नामेंट में खेल रही हैं, जबकि स्वितोलिना सात साल के अंतराल के बाद तीसरी बार फाइनल में पहुंची हैं।
शनिवार को सेमीफाइनल में आंद्रीवा ने अमेरिकी खिलाड़ी जेसिका पेगुला को 6-3, 6-4 से हराया। वह 2004 के बाद खिताबी मुकाबले में पहुंचने वाली पहली टीनएजर बनीं। 19 वर्षीय रूसी खिलाड़ी ने इस साल फ्रेंच ओपन में पहला ग्रैंडस्लैम खिताब जीता और दुनिया की नंबर दो खिलाड़ी बनीं।
दूसरे सेमीफाइनल में 32 वर्षीय यूक्रेनी खिलाड़ी स्वितोलिना ने 65 मिनट में विंबलडन चैंपियन लिंडा नोस्कोवा को 6-2, 6-1 से शिकस्त दी। आंद्रीवा का स्वितोलिना के खिलाफ करियर रिकॉर्ड 2-1 है।
दांव पर 94 करोड़ रूपये
10 मिलियन डालर (94 करोड़ 25 लाख भारतीय रुपये) इनामी राशि वाले इस टूर्नामेंट में आंद्रीवा ने अब तक एक भी सेट नहीं गंवाया है। चार मैचों में उन्होंने 48 गेम जीते और 18 गंवाए।
2003 में राउंड-रोबिन फार्मेट शुरू होने के बाद फाइनल तक पहुंचने वाली किसी भी खिलाड़ी के गंवाए गेम की यह सबसे कम संख्या है। 2017 में 37 वर्षीय वीनस विलियम्स के बाद स्वितोलिना इस फाइनल में पहुंचने वाली सबसे उम्रदराज खिलाड़ी हैं।
वह 2018 और 2019 में भी फाइनल में पहुंची थीं, एक बार जीतीं और एक बार हारीं। चार साल पहले मां बनीं स्वितोलिना ने कहा कि प्रेगनेंसी, चोटों और सर्जरी के बाद जिंदगी में बहुत कुछ हुआ है। उन्होंने शीर्ष दस में लौटने और बेहतरीन खेल दिखाने की इच्छा जताते हुए अपनी मेहनत पर गर्व जाहिर किया।
सबालेंका ने मांगी माफी
बेलारूस की एरिना सबालेंका ने स्वितोलिना से हार के दौरान अपने गुस्से भरे बर्ताव के लिए माफी मांगी। शुक्रवार के राउंड-रोबिन मैच के टेलीविजन फुटेज में उन्हें अपशब्द कहते देखा गया। इंटरनेट मीडिया पर कुछ लोगों ने इसे स्वितोलिना या यूक्रेन के लोगों के खिलाफ टिप्पणी माना।
हार के साथ सबालेंका टूर्नामेंट से बाहर हो गईं। सबालेंका ने कहा, उनकी टिप्पणी स्वितोलिना के लिए नहीं थी। दर्शकों के एक छोटे समूह के उनकी गलतियों पर आक्रामक तरीके से खुशी मनाने से वह परेशान थीं और भावुक होकर प्रतिक्रिया दे बैठीं। उन्होंने कहा कि उन्हें अपनी निराशा दूसरे तरीके से संभालनी चाहिए थी और किसी को बुरा लगा हो तो वह माफी मांगती हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।