बेन शेल्टन का शानदार प्रदर्शन जारी, दर्ज की सीजन की 43वीं जीत; कार्लोस अलकराज ने भी क्वार्टर फाइनल में बनाई जगह
बेन शेल्टन ने सीजन की 43वीं जीत दर्ज कर पेरिस मास्टर्स के क्वार्टरफाइनल में जगह बना ली है। इसके अलावा, कार्लोस अलकराज वाकओवर के जरिए क्वार्टर फाइल में पहुंचे हैं।

बेन शेल्टन का शानदार प्रदर्शन जारी

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
पेरिस, एपी। अमेरिका के बेन शेल्टन ने आर्थर रिंडरकनेच को 3-6, 6-4, 7-6 (5) से हराकर पेरिस मास्टर्स के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। यह इस सीजन में उनकी 43वीं जीत है, जो उनका अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।
अमेरिकी ओपन के उपविजेता शेल्टन का अगला मुकाबला हमवतन और 12वीं वरीयता प्राप्त टॉमी पॉल से होगा। दोनों खिलाड़ियों के बीच अब तक पांच मुकाबले होने वाले हैं।
इससे पहले खेले गए चार मुकाबलों में दोनों ने दो-दो जीत दर्ज की हैं। दोनों के बीच 2024 के बाद यह पहली भिड़ंत होगी। वहीं, पाल ने इससे पहले तीसरे दौर में क्वेंटिन हेलिस को 7-6 (3), 6-4 से हराया।
इस जीत के साथ उन्होंने 15 से 22 नवंबर तक ट्यूरिन में होने वाले एटीपी फाइनल्स के लिए क्वालीफाई करने की अपनी उम्मीदें बरकरार रखी हैं। टूर्नामेंट में दो स्थान अभी खाली हैं।
अलकराज को वाकओवर
दूसरी ओर कार्लोस अलकराज ने तीसरे दौर का मुकाबला खेले बिना ही क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। उनके प्रतिद्वंद्वी इटली के माटेओ बेरेटिनी ने हाथ में चोट के कारण मुकाबले से नाम वापस ले लिया।
हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि उनके किस हाथ में चोट है। बेरेटिनी ने इंस्टाग्राम पर बताया कि वह पिछले कुछ दिनों से दर्द महसूस कर रहे थे।
दूसरी वरीयता प्राप्त अलकराज का क्वार्टर फाइनल में सामना छठी वरीयता प्राप्त फ्रांस के आर्थर फिल्स और 11वीं वरीयता प्राप्त अमेरिका के टेलर फ्रिट्ज के बीच होने वाले मुकाबले के विजेता से होगा। फ्रिट्ज भी एटीपी फाइनल्स में जगह बनाने की दौड़ में शामिल हैं।
अगर वह अपना मुकाबला हार जाते हैं तो हमवतन फ्रांसेस टियाफो एटीपी फाइनल्स के लिए क्वालीफाई कर जाएंगे। फ्रांस के लुका वान एश ने घरेलू दर्शकों को जश्न मनाने का मौका दिया। उन्होंने तीसरे दौर में इटली के लोरेंजो मुसेटी को 7-5, 3-6, 6-4 से हराकर पहली बार किसी मास्टर्स टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।
विश्व रैंकिंग में 47वें स्थान पर काबिज वान एश ने पहले मैच पाइंट पर नेट के पास शानदार वाली लगाकर मुकाबला अपने नाम किया। मुसेटी चारों ग्रैंडस्लैम टूर्नामेंट में कम से कम क्वार्टर फाइनल तक पहुंच चुके हैं। वहीं, दूसरे दौर में नोवाक जोकोविक को हराने वाले क्वालीफायर रिंकी हिजिकाता ने भी अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा। उन्होंने थामस एचेवेरी को 2-6, 6-3, 7-5 से हराकर अगले दौर में जगह बनाई। अब उनका सामना वान एश से होगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।