युकी भांबरी ने 2026 का पहला एटीपी खिताब जीता, अमेरिकी जोड़ीदार के साथ मिलकर किया कमाल
युकी भांबरी और रयान सेगर्मैन की जोड़ी ने अल्माटी ओपन का खिताब जीत लिया। युकी-रयान की जोड़ी का ये कुल पांचवां डबल्स खिताब है।

युकी भांबरी ने जीता 2026 का पहला एटीपी खिताब

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
प्रेट्र, कजाकिस्तान। भारत के शीर्ष डबल्स टेनिस खिलाड़ी युकी भांबरी ने रविवार को अमेरिकी जोड़ीदार रयान सेगर्मैन के साथ मिलकर अल्माटी ओपन का खिताब जीत लिया। इस जीत के साथ भांबरी ने 2026 सत्र का अपना पहला एटीपी टूर खिताब हासिल किया।
भारत-अमेरिका की जोड़ी ने फाइनल में ऑस्ट्रिया के शीर्ष वरीयता प्राप्त लुकास मिडलर और नील ओबरलाइटनर को रोमांचक मुकाबले में हराया।
युकी-रयान ने जीता पांचवां एटीपी खिताब
चौथी वरीयता प्राप्त भारत-अमेरिका की जोड़ी ने एटीपी 250 टूर्नामेंट के फाइनल में 7-6(3), 6-7(1), 10-2 से जीत दर्ज की। यह एटीपी टूर पर भांबरी का पांचवां डबल्स खिताब है।
इस जीत के साथ भांबरी ने अपने एटीपी खिताबों की संख्या में एक और ट्राफी जोड़ ली। इससे पहले उन्होंने 2023 में मल्लोर्का, 2024 में गस्टाड और म्यूनिख में एटीपी 250 खिताब जीते थे। वहीं, 2025 में उन्होंने दुबई में एटीपी 500 टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया था।
34 वर्षीय भांबरी के लिए यह जीत खास मायने रखती है, क्योंकि जापान में हुए एशियाई खेलों में वह पदक जीतने में नाकाम रहे थे। उनसे वहां पोडियम पर जगह बनाने की उम्मीद थी।
यह इस सत्र में भांबरी का दूसरा एटीपी फाइनल था। इससे पहले वह न्यूजीलैंड के माइकल वीनस के साथ जिनेवा ओपन (एटीपी 250) के फाइनल में पहुंचे थे, जहां उन्हें उपविजेता बनकर संतोष करना पड़ा था।
यह भी पढ़ें- एशिया कप में भारत-पाकिस्तान की होगी भिड़ंत, पुराना हिसाब चुकता करने उतरेगी टीम इंडिया; पूरा शेड्यूल आया सामने
