मीरा आंद्रीवा का दबदबा, अजेय रहते हुए अपने नाम किया सीजन का आखिरी खिताब; चैंपियन बनने के बाद हुई करोड़ों की बारिश
मीरा आंद्रीवा ने डब्ल्यूटीए फाइनल्स में अजेय रहते हुए खिताब जीता, जहां उन्होंने यूक्रेन की एलिना स्वितोलिना को हराया। इस ...और पढ़ें

मीरा आंद्रीवा

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
एपी, इंडियन वेल्स। मीरा आंद्रीवा ने एक भी सेट हारे बिना डब्ल्यूटीए फाइनल्स जीत लिया है। 19 साल की इस रूसी खिलाड़ी ने रविवार को यूक्रेन की एलिना स्वितोलिना को 7-5, 6-3 से हराया। सीजन के आखिरी टूर्नामेंट में उनका रिकॉर्ड 5-0 रहा। इन नतीजों की बदौलत वह अपने करियर की सबसे ऊंची रैंकिंग तक पहुंच गईं, जहां वह कजाकिस्तान की एलेना रिबाकिना के ठीक पीछे हैं।
आंद्रीवा बिना कोई सेट हारे फाइनल्स जीतने वाली 11वीं खिलाड़ी बन गई हैं। इस सूची में क्रिस एवर्ट, मार्टिना नवरातिलोवा और सेरेना विलियम्स जैसी दिग्गज खिलाड़ी भी शामिल हैं, जिन्होंने कई बार ऐसा कारनामा किया है।
मीरा आंद्रीवा पर हुई रुपयों की बरसात
लगभग दो घंटे चले इस मैच में कुल 21 गेम हुए, जिनमें नौ बार खिलाड़ियों की सर्विस ब्रेक हुई। आंद्रीवा ने आखिरी छह में से पांच गेम जीतकर जीत अपने नाम की। आंद्रीवा ने 3.37 मिलियन डालर (लगभग 31 करोड़ रुपये) की इनामी राशि जीती और साथ ही उन्हें एक खास अल्ट्रावायलेट पर्पल रंग की मर्सिडीज-बेंज कन्वर्टिबल कार भी मिली।
खुशी से झूम उठी आंद्रीवा
जब इस कार को इंडियन वेल्स टेनिस गार्डन के कोर्ट पर लाया गया, तो वह खुशी-खुशी ड्राइवर सीट पर बैठ गईं। उन्होंने कहा, यह मेरे लिए एक शानदार प्रेरणा है कि मैं जल्द से जल्द अपना ड्राइविंग लाइसेंस ले लूं। और अगर ऐसा नहीं हो पाता है, तो कोई बात नहीं- मेरी टीम में पांच लोग हैं। मैं हमेशा एक पैसेंजर प्रिंसेस (यात्री) बनकर रह सकती हूं, यह भी एक विकल्प है!