यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 12, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Nokia 7.1 बनाम Mi A2: कीमत से लेकर फीचर्स तक यहां जानें किस तरह अलग हैं ये स्मार्टफोन्स
दोनों फोन्स में से कौन-सा फोन बेहतर है इसके बारे में हम आपको इस पोस्ट में बता रहे है

नई दिल्ली (टेक डेस्क)। HMD Global कंपनी कुछ समय से स्मार्टफोन्स के लिए एंड्रॉइड वन सर्टिफिकेशन ही उपलब्ध करा रही है। हालांकि, कंपनी ने Xiaomi Mi A1 में एंड्रॉइड वन लॉन्च होने के बाद ही अपने स्मार्टफोन्स में इसे उपलब्ध कराना शुरू किया था। HMD Global केवल स्टॉक एंड्रॉइड और एंड्रॉइड वन सर्टिफिकेशन वाले फोन ही लॉन्च कर रही है। वहीं, शाओमी की बात करें तो कंपनी ने Mi A2 में सबसे पहले स्टॉक एंड्रॉइड पेश किया था। इस फोन को HMD Global का नया स्मार्टफोन Nokia 7.1 कड़ी टक्कर दे रहा है। लेकिन दोनों फोन्स में से कौन-सा फोन बेहतर है इसके बारे में हम आपको इस पोस्ट में बता रहे है।
Nokia 7.1 बनाम Mi A2: डिजाइन और डिस्प्ले
Nokia 7.1 की बात करें तो इस फोन को प्रीमियम फील के साथ पेश किया गया है। इसे 6000 एल्यूमिनियम फ्रेम के साथ बनाया गया है। साथ ही इसका डिस्प्ले नॉच के साथ आता है। वहीं, Mi A2 को यूनिबॉडी मेटल के साथ बनाया गया है। इसमें 18:9 आस्पेक्ट रेश्यो दिया गया है। डिस्प्ले की बात करें तो Nokia 7.1 में 5.84 इंच का फुल HD+ डिस्प्ले दिया गया है। इसका आस्पेक्ट रेश्यो 19:9 है। यह कंपनी का पहला फोन है जो प्योरडिस्प्ले पैनल के साथ पेश किया गया है। यह HDR10 को सपोर्ट करता है। वहीं, Mi A2 में 5.99 इंच का फुल एचडी प्लस डिस्प्ले दिया गया है।
Nokia 7.1 बनाम Mi A2: हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर
Nokia 7.1 क्वालकॉम स्नैपड्रैगन 636 चिपसेट और 4 जीबी रैम से लैस है। इसमे 64 जीबी की इंटरनल स्टोरेज दी गई है जिसमे माइक्रोएसडी कार्ड के जरिए 400 जीबी तक बढ़ाया जा सकता है। यह फोन एंड्रॉइड 9 पाई पर काम करता है। वहीं, Mi A2(2.2 गीगाहर्ट्ज की 4 कोर्स और 1.8 गीगाहर्ट्ज की 4 कोर्स) ऑक्टा-कोर क्वालकॉम स्नैपड्रैगन 660 से लैस है। यह फोन स्टॉक एंड्रॉइड 8.1 ऑरियो पर काम करता है। कंपनी ने हाल ही में इस फोन में एंड्रॉइड 9 पाई का अपडेट दिया गया है। दोनों ही फोन्स मंथली सिक्योरिटी अपडेट्स भी उपलब्ध कराएगी।
Nokia 7.1 बनाम Mi A2: कैमरा और बैटरी
Nokia 7.1 में ड्यूल रियर कैमरा सेटअप दिया गया है। इसका प्राइमरी सेंसर 12 मेगापिक्सल का है जिसका अपर्चर f/1.8 है। वहीं, सेकेंडरी कैमरा 5 मेगापिक्सल का है। इन्हें ZEISS ब्रांड के तहत पेश किया गया है। वहीं, 8 मेगापिक्सल का फ्रंट लेंस दिया गया है जिसका अपर्चर f/2.0 है। वहीं, Mi A2 में ड्यूल रियर कैमरा दिया गया है। इसका पहला सेंसर 20 मेगापिक्सल का है। वहीं, दूसरा सेंसर 12 मेगापिक्सल का है। सेल्फी कैमरा की बात करें तो इसमें 20 मेगापिक्सल का सोनी IMX376 सेंसर दिया गया है। बैटरी सेगमेंट की बात करें तो Nokia 7.1 में 3060 एमएएच की बैटरी दी गई है। वहीं, Mi A2 में क्विक चार्ज 4+ तकनीक दी गई है। फोन को पावर देने के लिए 3010 एमएएच की बैटरी दी गई है।
Nokia 7.1 बनाम Mi A2: हमारा फैसला
Nokia 7.1 की कीमत 19,999 रुपये है। यह इसके 4 जीबी रैम और 64 जीबी इंटरनल स्टोरेज की कीमत है। वहीं, Mi A2 में 4 जीबी और 6 जीबी रैम दी गई है। साथ ही इस फोन को 32 जीबी और 64 जीबी मेमोरी वेरिएंट में उपलब्ध है। इस फोन की कीमत क्रमश: 14,999 और 17,999 रुपये है। बेहतर परफॉर्मेंस और शानदार कैमरा के साथ Xiaomi Mi A2 मिडरेंज सेगमेंट में एक बेहतर फोन साबित हो सकता है। वहीं, बेहतर डिस्प्ले के लिए Nokia 7.1 अच्छा विकल्प साबित हो सकता है।