यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 03, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Coronavirus Impact: Twitter ने कर्मचारियों को दी घर से काम करने की छूट
Google Microsoft और Facebook के बाद अब Twitter पर भी Coronavirus का डर दिखने लगा है। जिसकी वजह से कंपनी ने अपने कर्मचारियों को घर से काम करने के लिए कहा है

नई दिल्ली, टेक डेस्क। Coronavirus अब तक दुनियाभर में 70 से ज्यादा देशों में फैल चुका है और इसकी वजह से अभी तक 3,000 हजार से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी हैं। ऐसे में हर देश अपने नागरिकों को इस महामारी से बचाने की कोशिश में लगा हुआ है। Coronavirus का डर लोगों के बीच इस कदर फैला हुआ है कि टेक इंडस्ट्री के भी कई बड़े इवेंट इसकी वजह से कैंसिल हो गए हैं। हाल ही में Facebook ने अपनी F8 डेवलपर्स कॉन्फ्रेंस को रद्द किया था। इसके बाद Google और Microsoft ने भी Coronavirus की वजह अपने इवेंट को ऑनलाइन स्ट्रीमिंग के जरिए आयोजित करने की घोषणा की है। वहीं अब माइक्रोब्लॉगिंग साइट Twitter ने भी अपने कर्मचारियों को घर से काम करने की सलाह दी है।
Twitter ने अपने ब्लॉग के जरिए जानकारी शेयर करते हुए कहा है कि Coronavirus की वजर से हम दुनियाभर में अपने कर्मचारियों को घर से काम करने की सलाह दे रहे हैं। कंपनी ने हांगकांग, जापान और दक्षिण कोरिया में अपने लगभग 5,000 कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम करने के लिए कहा है। साथ ही कंपनी ने अपने कर्मचारियों के लिए गैर-जरूरी यात्रा पर भी प्रतिबंध लगा दिया है और जानकारी दी है कि केवल यूएस में कंपनी के वहीं ऑफिस खुले रहेंगे जहां कर्मचारियों को कोई जरूरी काम हो।
Twitter ने ब्लॉग पर जानकारी देते हुए अपने कर्मचारियों से कहा है कि 'हमारा मानना है कि घर से काम करना कोई आदर्श नहीं है। खासतौर से ऐसे लोगों के लिए जो कि ऑफिस आकर काम करना पसंद करते हैं। ऐसे लोगों के लिए हमारे ऑफिस खुले रहेंगे और हम अपने कार्यस्थल और कर्मचारियों के उठने-बैठने की जगह को साफ-सुथरा रख रहे हैं। साथ ही पर्सनल हाईजीन का ध्यान रखते हुए खाने और खाने-पीने के सामानों को भी स्वच्छ रखेंगे और इसके लिए हमारी टीम काम कर रही है।'