विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 11, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

फोन चोरी होने पर घबराएं नहीं, बस स्टेप-बाय-स्टेप फॉलो करें ये टिप्स, वापस मिल जाएगा फोन

By Saurabh VermaEdited By:
Published: Sun, 11 Oct 2020 09:04 AM (IST)Updated: Mon, 12 Oct 2020 07:42 AM (IST)

लोग फोन चोरी होने पर अक्सर दूसरा सिम जारी करा लेते हैं और फिर पुराने फोन को भूल जाते हैं। ...और पढ़ें

यह दैनिक जागरण की फाइल फोटो है।
यह दैनिक जागरण की फाइल फोटो है।

नई दिल्ली, टेक डेस्क स्मार्टफोन चोरी होने पर अक्सर लोग कंफ्यूज हो जाते हैं कि आखिर क्या करें? कैसे फोन को वापस हासिल किया जाएं, फोन को कैसे ट्रैस किया जाए या फिर फोन के डाटा को रिकवर किया जाए। इनमें से बहुत सारे लोग फोन चोरी होने पर सिंपल दूसरी सिम जारी करा लेते हैं और फिर पुराने फोन को भूल जाते हैं। लेकिन आपकी यह आदत आपको काफी नुकसान पहुंचा सकती है, क्योंकि अगर आपके चोरी होने वाले स्मार्टफोन से कोई गलत काम होता है, तो उसके लिए आप दोषी करार दिए जाएंगे। इससे आपको काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में आज हम आपको बता रहे हैं कि आखिर फोन चोरी होने पर सबसे पहले क्या किया जाना चाहिए, जिससे फोन को वापस हासिल करने में मदद होगी। 

चोरी होने वाले स्मार्टफोन के लिए सरकार ने जारी की वेबसाइट 

डिपार्टमेंट ऑफ टेलिकम्युनिकेशन की तरफ से एक वेबसाइट सेंट्रल इक्विपमेंट आईडेंटिटी रजिस्टर (CEIR) को लॉन्च किया गया था, जो खासतौर पर चोरी होने वाले मोबाइल का पता लगाने के लिए है। इस वेबसाइट की मदद से चोरी होने वाले स्मार्टफोन को ब्लॉक और अनब्लॉक किया जा सकता है, साथ ही फोन की लोकेशन का पता लगाया जा सकता है। बता दें कि CEIR में देश के हर नागरिक के मोबाइल का मॉडल, सिम नंबर और IMEI नंबर मौजूद है। इससे CEIR को चोरी हुए मोबाइल को खोजने में आसानी होती है। बता दें मोबाइल के मॉडल पर उसे बनाने वाली कंपनी द्वारा जारी IMEI नंबर के मिलान की तकनीक सी-डॉट ने ही विकसित की है। 

फोन चोरी होने पर सबसे पहले क्या करें 

  • फोन चोरी होने पर सबसे पहले स्मार्टफोन खोने की रिपोर्ट दर्ज करानी होगी। इसे ऑनलाइन मोड से दर्ज करा सकते हैं, जिससे चोरी होने वाले स्मार्टफोन का FIR नंबर जनरेट होगा। FIR दर्ज होने के बाद आप कानूनी रुप से फोन से होने वाले गलत काम के लिए जिम्मेदार नहीं ठहराए जाएंगे।   

कैसे वापस हासिल किया जा सकेगा फोन 

  • FIR रिपोर्ट दर्ज होने के बाद CEIR वेबसाइट पर विजिट करना होगा।
  • यहां आपको तीन ऑप्शन Block/Lost Mobile, Check Request Status और Un-Block Found Mobile दिखेंगे। 
  • चोरी हुआ मोबाइल वापस मिल गया है, तो Un-Block Found Mobile ऑप्शन पर क्लिक करें। 
  • वहीं चोरी हुए मोबाइल के लिए Block/Lost Mobile पर क्लिक करें
  • इसके बाद एक पेज खुलेगा। जहां आपको अपना मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा। साथ ही IMEI नंबर और स्मार्टफोन के ब्रांड के बारे में जानकारी उपलब्ध करानी होगी। इसके अलावा डिवाइस मॉडल और मोबाइल का बिल अपलोड करना होगा। 
  • इसके बाद मोबाइल फोन खोने की जगह, जिला, प्रदेश और पुलिस स्टेशन, और FIR नंबर, फोन खोने की तारीख दर्ज करनी होगा। 
  • इन सारी जानकारियों के बाद आपको अपनी पर्सनल जानकारी जैसे पता, मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा। फिर आपके दूसरे नंबर पर एक ओटीपी आएगा। जिसे दर्ज करने के बाद फाइनल सब्मिट ऑप्शन पर क्लिक करना होगा। 
  • इसके बाद आपके चोरी हुए मोबाइल की खोज शुरू हो जाएगी। साथ ही, चोरी हुए मोबाइल को ट्रेस कर पाएंगे।