Vastu tips for Direction: जानें उत्तर दिशा का महत्व, भूलकर भी न रखें इस दिशा में ये चीजें, झेलना पड़ेगा नुकसान
वास्तु शास्त्र में घर में सकारात्मक ऊर्जा लाने के लिए कई नियम और उपाय बताएं है। वास्तु शास्त्र के अनुसार घर में मौजूद हर एक चीज का सकारात्मक या फिर नकारात्मक प्रभाव व्यक्ति के जीवन पर पड़ता है। चाहे वह घर का कोना ही क्यों न हो।

नई दिल्ली, अध्यात्म डेस्क। Vastu tips for Direction: मुख्यत: चार दिशाएं होती हैं- पूरब, पश्चिम, उत्तर और दक्षिण। हिंदू धर्म के अनुसार, हर दिशा का अपना एक अलग महत्व है। आज हम उत्तर दिशा के महत्व की बात कर रहे हैं। इस दिशा में कुछ चीजें रखने से वास्तु दोष पैदा हो सकता है। साथ ही इससे व्यक्ति की आर्थिक स्थिति पर भी बुरा प्रभाव पड़ता है।
क्या है उत्तर दिशा का महत्व
उत्तर दिशा में सबसे अधिक सकारात्मक ऊर्जा होती है। इस दिशा में धन के देवता कुबेर, भगवान गणेश और माता लक्ष्मी का वास होता है। इसी दिशा से धन का आगमन होता है।
न रखें ये चीजें
उत्तर दिशा में कभी भी भारी चीजें जैसे फर्नीचर आदि नहीं रखना चाहिए। ऐसा करने से इस दिशा पर भार बढ़ता है। साथ ही सकारात्मक ऊर्जा के संचार में रुकावट आती है और तरक्की के रास्ते बंद हो जाते हैं।
इस काम से नाराज होती है मां लक्ष्मी
उत्तर दिशा में भूलकर भी जूते-चप्पल नहीं रखने चाहिए। कूड़ेदान भी उत्तर दिशा में नहीं रखना चाहिए और न ही इस दिशा में कूड़ा-कचरा फेंकना चाहिए। इससे मां लक्ष्मी नाराज हो सकती हैं। जिससे घर में सुख-समृ्द्धि पर बुरा असर पड़ता है।
उत्तर दिशा में न हो शौचालय
घर का शौचालय कभी भी उत्तर दिशा में नहीं होना चाहिए। वास्तु शास्त्र के अनुसार सबसे ज्यादा नकारात्मक ऊर्जा शौचालय से ही निकलती है। अगर आपका शौचालय उत्तर दिशा में है तो इस वास्तु दोष को दूर करने के लिए आप ये उपाय कर सकते हैं। इसके लिए एक कटोरी में साबुत नमक भरकर एक कोने में रख दें। साथ ही शौचालय का दरवाजा हमेशा बंद रखना चाहिए।
By- Suman Saini
डिसक्लेमर: 'इस लेख में निहित किसी भी जानकारी/सामग्री/गणना की सटीकता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं है। विभिन्न माध्यमों/ज्योतिषियों/पंचांग/प्रवचनों/मान्यताओं/धर्मग्रंथों से संग्रहित कर ये जानकारियां आप तक पहुंचाई गई हैं। हमारा उद्देश्य महज सूचना पहुंचाना है, इसके उपयोगकर्ता इसे महज सूचना समझकर ही लें। इसके अतिरिक्त, इसके किसी भी उपयोग की जिम्मेदारी स्वयं उपयोगकर्ता की ही रहेगी।'
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।